Loading...

अस्पताल में डिलीवरी के बाद 26 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों ने…..

Ankita • 27 Nov 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

राजधानी शिमला में प्रदेश के सबसे बड़े मातृ एवं शिशु कमला नेहरू अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक महिला की जान चली गई है। वहीं मृतका के परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों की लापरवाही से महिला की जान गई है। मृतका की पहचान गोदावरी (26) निवासी गांव च्याली डाकघर मशोबरा जिला शिमला के रूप में हुई है। वहीं परिजनों ने प्रबंधन को लिखित शिकायत भी दी है। उन्होंने प्रबंधन से जांच करने की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, 20 नवंबर को महिला की डेढ़ बजे नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। जिसके बाद पौने चार बजे के आसपास बहू ने अपनी सास से उसकी तबीयत बिगड़ने की बात कही थी। उसके थोड़ी देर बाद ही महिला बेसुध हो गई। इसके बाद जब डॉक्टरों ने महिला की जांच की तो ब्लीडिंग नहीं रुकने की बात कह कर उसे शाम को आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया। लेकिन इस बीच महिला की मौत हो गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रसव के बाद महिला की मॉनीटरिंग डॉक्टरों ने सही तरीके से नहीं की, जिसके चलते उसकी जान गई है। उधर, कमला नेहरू अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि महिला की मौत अधिक ब्लीडिंग होने से ही हुई है। उन्होंने कहा कि चिकित्स्कों की लापरवाही की वजह से महिला की जान नहीं गई है।