Category: KANGRA

  • मतदान के लिए साथ लाएं फोटोयुक्त पहचान पत्र, यह 12 दस्तावेज भी होंगे मान्य…

    मतदान के लिए साथ लाएं फोटोयुक्त पहचान पत्र, यह 12 दस्तावेज भी होंगे मान्य…

    HNN/ काँगड़ा

    विधानसभा चुनावों को लेकर 12 नवंबर को वोट डालने के लिए मतदाताओं को फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि वोटर कार्ड के अलावा चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित 12 अन्य दस्तावेजों में से किसी एक को पहचान पत्र के रूप में मतदान के समय प्रस्तुत किया जा सकता है।

    ऐसे मतदाता जो अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं, उन्हें मतदान के लिए अपनी पहचान स्थापित करने को 12 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि वे लोकतंत्र के इस महाकुंभ में अपने मत का प्रयोग अवश्य करें।

    इनमें से कोई एक दस्तावेज लाएं साथ
    डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि मतदाता 12 नवंबर को मतदान के लिए फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र या भारतीय पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, सेवा पहचान पत्र (केन्द्र, राज्य, सार्वजनिक उपक्रम एवं पब्लिक लिमिटिड कंपनियां), पासबुक (फोटो सहित बैंक/डाकघर द्वारा जारी), पैन कार्ड, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड (श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी), स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, पेंशन दस्तावेज (फोटो सहित), सरकारी पहचान पत्र (सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्यों को जारी) आधार कार्ड अथवा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा जारी यूनिक डिसेबिलिटी आईडी कार्ड में से कोई एक दस्तावेज साथ लेकर आएं।

  • चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन बनाएं सुनिश्चित- गन्धर्वा राठौड़

    चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन बनाएं सुनिश्चित- गन्धर्वा राठौड़

    HNN / काँगड़ा

    विधानसभा चुनावों को लेकर कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी कर्मियों का दूसरा निर्वाचन पूर्वाभ्यास राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में हुआ। इस पूर्वाभ्यास में लगभग 550 कर्मचारी व अधिकारियों ने भाग लिया। अतिरिक्त उपायुक्त काँगड़ा गन्धर्वा राठौड़ ने ढलियारा में हो रहे इस पूर्वाभ्यास में शिरकत करते हुए चुनावी तैयारियों का जायज़ा लिया।

    उन्होंने अधिकारियों से चुनावी प्रक्रिया के दौरान अपने दायित्वों का पूरी सजगता से निर्वहन करने को कहा। उन्होंने पूर्वाभ्यास में आये अधिकारियों व कर्मचारियों को ईवीएम मशीन और उससे जुड़े उपकरणों के संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस पूर्वाभ्यास में मतदान कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया, ईवीएम व वीवीपैट का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

    अतिरिक्त उपायुक्त गन्धर्वा राठौड़ ने कहा कि स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान करवाना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने चुनावी ड्यूटी में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों से चुनाव आयोग के नियमों का अक्षरशः पालन करने को कहा।

  • सड़क पार करते समय बस की चपेट में आई महिला, मौके पर गई जान

    सड़क पार करते समय बस की चपेट में आई महिला, मौके पर गई जान

    HNN / कांगड़ा

    जिला कांगड़ा के पुलिस थाना ज्वाली के तहत ज्वाली-राजा का तालाब सड़क मार्ग पर भनेई में एक महिला की बस के नीचे आने से मौत हो गई है। महिला की पहचान सुनीता शर्मा पत्नी संजीव कुमार निवासी सांटवां के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार महिला भनेई में ब्यूटी पार्लर का काम करती थी।

    रोज की तरह वह सुबह अपने ब्यूटी पार्लर के लिए आ रही थी। जैसे ही वह सड़क पार करने लगी, सामने से आ रही निजी बस की चपेट में आ गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने महिला को तुरंत सिविल अस्पताल ज्वाली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया, साथ ही बस को भी जब्त किया। उधर, एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

  • जिला में चुनावों से जुड़ी शिकायतों का समाधान, जानिए किस माध्यम से मिलीं कितनी शिकायतें…

    जिला में चुनावों से जुड़ी शिकायतों का समाधान, जानिए किस माध्यम से मिलीं कितनी शिकायतें…

    HNN / काँगड़ा

    जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि कांगड़ा जिले में अब तक विविध माध्यमों से प्राप्त चुनावों से जुड़ी पौने दो सौ शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान जिला कांगड़ा में आदर्श चुनाव संहिता की अनुपालना के लिए विभिन्न निगरानी टीमें कार्य कर रही हैं। लोग विभिन्न माध्यमों से आदर्श चुनाव संहिता और अन्य चुनाव संबंधित शिकायतों व जानकारियों के लिए निगरानी टीमों से निरंतर संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों से शिकायत प्राप्त होने पर प्रशासन द्वारा उनका त्वरित समाधान किया जा रहा है।

    किस माध्यम से मिलीं कितनी शिकायतें
    बता दें, प्रशासन को प्राप्त अधिकतर शिकायतें निजी संपत्तियों पर अनाधिकृत तौर पर पोस्टर-बैनर लगाने से संबंधित हैं। डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि जिला कांगड़ा में आदर्श चुनाव संहिता संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम में अब तक मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और लिखित माध्यम से 47 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका निवारण कर दिया गया है।

    इसके अतिरिक्त भारतीय चुनाव आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल (एनजीआरएस) से आदर्श चुनाव संहिता से संबंधित आई 24 शिकायतों का समाधान भी कर दिया गया है। वहीं ई-कैच के माध्यम से 31, सी-विजिल से 52 और कॉल सेंटर में 5 शिकायतें प्राप्त हुई हैं और सबका निपटारा कर दिया गया है। वहीं, एमसीएमसी से जुड़ी 15 शिकायतों में कार्यवाही की गई है।

    इस वाट्सऐप नंबर पर भी भेज सकते हैं शिकायत
    जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनावों में आदर्श आचार संहिता को और प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए जिला प्रशासन ने एक वाट्सऐप नंबर 6230953104 जारी किया है। लोग इस पर भी आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत कर सकते हैं। आचार संहिता निगरानी दल द्वारा संचालित इस वाट्सऐप नंबर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निपटारा तय बनाया जाएगा।

    टोल फ्री नंबर 18001808013 पर करें फोन
    डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि इसके अलावा उपायुक्त कार्यालय में स्थापित नियंत्रण कक्ष में टोल फ्री नंबर 18001808013 पहले से ही चौबीसों घंटे क्रियाशील है। लोग इस पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन अथवा चुनाव से जुड़ी अन्य बात व सुझाव को लेकर संपर्क कर सकते हैं।

    वास्तविक शिकायतें ही करें लोग, त्वरित होगा समाधान
    आदर्श चुनाव संहिता कंट्रोल रूम के जिला नोडल अधिकारी तथा अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौड़ ने बताया कि कंट्रोल रूम में बहुत-सी शिकायतें गलत नाम और मृत व्यक्तियों के नाम से आ रही हैं, जिनमें कार्यवाही करने पर अधिकतम गलत पाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस वजह से निगरानी टीमों को अनावश्यक श्रम करना पड़ रहा है तथा उनका बहुमूल्य समय भी नष्ट हो रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि शिकायतकर्ता फर्जी शिकायतों से बचें, वास्तविक शिकायतें ही करें, उनका त्वरित समाधान किया जाएगा।

  • फोरलेन पर काम दिलाने का झांसा देकर व्यक्ति से लाखों की ठगी

    फोरलेन पर काम दिलाने का झांसा देकर व्यक्ति से लाखों की ठगी

    HNN / काँगड़ा

    पुलिस द्वारा लोगों को बार-बार जागरुक करने के बाद भी लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। अब मामला जिला कांगड़ा के पालमपुर में पेश आया। यहां मुंबई के एक व्यक्ति ने पालमपुर निवासी एक व्यक्ति को फोरलेन में काम दिलाने का झांसा दिया और उससे साढ़े 9 लाख रुपए ठग लिए। जब व्यक्ति को अपने साथ हुई ठगी का पता चला तो उसने पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।

    उसने पुलिस को बताया कि उसके शातिर के साथ काफी पुराने संबंध थे , क्योंकि शातिर पहले धर्मशाला में रहता था। उसने पुलिस को बताया कि काम न मिलने के चलते वह थोड़ा परेशान था। ऐसे में उसे तरविंद्र जोगेंद्र सिंह सभ्रवाल निवासी 601 सेक्टर आठ चेर कोप कंडीवाली पश्चिमी मुंबई का फ़ोन आया। उसने उसे फोरलेन में काम देने की बात कही। काम के बहाने शातिर ने उससे पैसो की भी मांग की।

    वह काम के चलते शातिर के झांसे में आ गया और उसने उसके खाते में अलग-अलग तारीख को नौ लाख 55 हजार रुपये डाल दिए। जब उसे फोरलेन में कोई काम नहीं मिला, तो उसने शातिर से पैसे वापस मांगे। लेकिन उसने पैसे देने से साफ मना कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। यही नहीं शातिर ने भवारना के रमेहड़ के भी दो अन्य लोगों से ऐसे ही लाखों की ठगी को अंजाम दिया है।

    वहीं, इस संदर्भ में थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मनजीत सिंह की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

  • हथियार जमा न करवाने पर जिला में पुलिस की बड़ी कार्यवाही, तीन के खिलाफ मामला दर्ज

    हथियार जमा न करवाने पर जिला में पुलिस की बड़ी कार्यवाही, तीन के खिलाफ मामला दर्ज

    HNN / काँगड़ा

    विधानसभा चुनावों के चलते पुलिस विभाग ने प्रदेश में जितने भी लाइसेंस धारक है, उन्हें हथियार जमा करवाने के निर्देश दिए थे। पुलिस द्वारा लोगों को बार-बार इस बारे में सूचना दी गई। लोगो से आग्रह किया गया, लेकिन उसके बाद भी जिले के कुछ हिस्सों में बंदूक धारको ने अपने हथियार थाने में जमा नहीं करवाए। ऐसे में जिला कांगड़ा में पुलिस ने कड़ी कार्यवाही करते हुए 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

    यह मामले पुलिस थाना धर्मशाला, बैजनाथ और पालमपुर में दर्ज किए गए हैं। उधर, एसपी कांगड़ा डॉ. खुशहाल चंद शर्मा ने बताया कि यह तीन मामले आदेशों की अवहेलना करने पर दर्ज हुए हैं। उन्होंने बताया कि लाइसेंस धारकों को अपने-अपने हथियारों को संबंधित थाने में जमा करवाने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके कुछ लोग जमा नही करवा रहे, जिसके चलते पुलिस द्वारा यह कार्यवाही की गई।

  • हिमाचल में गरजे योगी आदित्यनाथ, बोले- झूठे वादे करती है कांग्रेस, हमारी ऐसी आदत नहीं…

    हिमाचल में गरजे योगी आदित्यनाथ, बोले- झूठे वादे करती है कांग्रेस, हमारी ऐसी आदत नहीं…

    HNN/ काँगड़ा

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। बता दें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2 नवंबर को जहां हमीरपुर में रैली कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था तो वहीं आज वह जिला कांगड़ा के जवाली विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे।

    इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस लोगों से झूठे वादे करती है जबकि हमारी आदत ऐसी नहीं है। उन्होंने कहा, भाजपा अपने घोषणापत्र में वही वादे करती है, जिन्हें हम पूरा कर सकते है। हमने जो भी वादे किए थे, उनको पूरा करके दिखाया है। जनता को गुमराह करके हम राजनीति नहीं करना चाहते।

    उन्होंने कहा कि हिमाचल की धरती ने इस देश को एक से एक बढक़र वीर सपूत दिए। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि अगर देश को हिमाचल के सैनिकों की जरूरत पड़ जाए, तो हिमाचल के सैनिक पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले विदेशों में भारत की बात को कोई गंभीरता से नहीं लेता था, न कोई सुनता था। आज विदेशों में भारत की बात को कान खोलकर सुना जाता है।

  • अतिरिक्त उपायुक्त ने चुनावी व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लोगों को किया जागरूक

    अतिरिक्त उपायुक्त ने चुनावी व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लोगों को किया जागरूक

    HNN / कांगड़ा

    कांगड़ा जिले में विधानसभा चुनावों में प्रत्येक क्षेत्र और व्यक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। जिले के दूरवर्ती क्षेत्र तहसील मुलथान की ग्राम पंचायत लोहारडी में स्वीप की जिला नोडल अधिकारी तथा अतिरिक्त उपायुक्त गंधर्व राठौड़ ने लोगों को मतदान के महत्व और मताधिकार के प्रयोग को लेकर जागरूक किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त ओम कांत ठाकुर भी उपस्थित रहे।

    उन्होंने क्षेत्र के बूथ स्तर अधिकारी और स्थानीय लोगों से चर्चा करते हुए उन्हें मतदान के महत्व के बारे में बताया। गंधर्व राठौड़ ने क्षेत्र में चुनाव संबंधित व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में दूरवर्ती क्षेत्रों में भी चुनावों की दृष्टि से हर व्यवस्था उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वह चुनाव के दिन भारी संख्या में घरों से निकल कर अपने मताधिकार का उपयोग करें।

    उन्होंने कहा कि क्षेत्र में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के संचालन हेतु लोग प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की विसंगति को चुनाव आयोग के समक्ष लाएं। उन्होंने कहा कि लोग बिना किसी लालच और दबाव में आए अपना वोट डालें तथा आदर्श आचार संहिता संबंधित किसी भी शिकायत को तुरंत अपने चुनाव अधिकारी के ध्यान में लाएं।

  • जिला में दो दिन में 1740 वोटरों ने किया घर से मतदान, डीसी ने मतदाताओं के घर जाकर खुद जांची व्यवस्था

    जिला में दो दिन में 1740 वोटरों ने किया घर से मतदान, डीसी ने मतदाताओं के घर जाकर खुद जांची व्यवस्था

    HNN/ काँगड़ा

    कांगड़ा जिले में मोबाइल पोलिंग टीमों ने बीते दो दिनों में 1740 वोटरों से मतदान कराया है। इस मुहिम में पहली और दो नवंबर को 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 1431 और 309 दिव्यांग वोटरों ने अब तक मतदान किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि भारतीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिले में अपने घर से ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का विकल्प चुनने वाले 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और दिव्यांग मतदाताओं से मतदान कराया जा रहा है।

    इस कार्य के लिए जिले में 122 मोबाइल पोलिंग टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें मतदाताओं के घर जाकर पूरी गोपनीयता के साथ मतदान प्रक्रिया पूर्ण करा रही हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मोबाइल टीम में सुरक्षा कर्मी सहित 5 कर्मचारी शामिल हैं। इनमें 2 मतदान अधिकारी, एक माइक्रो ऑब्जर्वर, एक सुरक्षा कर्मी और एक वीडियोग्राफर शामिल है।

    डीसी ने खुद जांची व्यवस्था, कहा- घर से मतदान को लेकर बरती जा रही पूरी गोपनीयता
    जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. निपुण जिंदल ने खुद गुरुवार को धर्मशाला के सिविल लाइन्स में औचक रूप से कुछ बुजुर्ग मतदाताओं के घर जाकर मतदान प्रक्रिया की पूरी व्यवस्था जांची। उन्होंने कहा कि प्रशासन मतदाताओं के लिए आसान वोटिंग सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

    चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार घर से मतदान को लेकर पूरी गोपनीयता बरती जा रहा है। मोबाइल पोलिंग टीमों की मतदान कराने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। उल्लेखनीय है कि कांगड़ा जिले में कुल 7 हजार 19 मतदाताओं ने घर से मतदान का विकल्प चुना है। इनमें 80 वर्ष से अधिक आयु के 5 हजार 606 मतदाता और 1413 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।

  • चुनावों को लेकर जिले में इतने माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात, 7852 कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर

    चुनावों को लेकर जिले में इतने माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात, 7852 कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर

    HNN / काँगड़ा

    जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कांगड़ा जिले में विधानसभा चुनावों को लेकर 301 माइक्रो ऑब्जर्वर लगाए गए हैं। वे जिले में वल्नरेबल और क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि जिले में 1625 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, इसके अलावा बड़ा भंगाल और धर्मशाला के सिद्धपुर में 2 सहायक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। 291 वल्नरेबल, 158 क्रिटिकल मतदान केंद्र हैं।

    वल्नरेबल और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की वेब कास्टिंग की जाएगी। वहीं, छोटा भंगाल के बड़ा ग्रां मतदान केंद्र में नेटवर्क की अनुपलब्धता के कारण वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 158 क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर और अर्धसैनिक बल की आधी टुकड़ी तैनात की जाएगी।

    7852 कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर
    डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि कांगड़ा जिले में 7852 कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर रहेंगे। चुनाव कर्मियों के प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास को लेकर एक रिहर्सल की जा चुकी है। दूसरी, रिहर्सल आज और कल कर्मचारियों के संबंधित कार्यक्षेत्र में संपन्न होगी। तीसरी और अंतिम रिहर्सल 9 नवंबर को चुनावी ड्यूटी से संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में होगी, जिसके उपरांत पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी।