Category: KANGRA

  • Lumpy Skin Virus: जिला में अब तक 37 हजार पशु संक्रमित, टीकाकरण के बाद मामलों में..

    Lumpy Skin Virus: जिला में अब तक 37 हजार पशु संक्रमित, टीकाकरण के बाद मामलों में..

    HNN/ काँगड़ा

    जिला में लंपी रोग के चलते कई पशु काल का ग्रास बने है और यह सिलसिला अभी भी जारी है। हालांकि, पशु चिकित्सकों द्वारा गोवंश में फैल रही लंपी वायरस बीमारी को लेकर टीकाकरण किया जा रहा है साथ ही उनका लगातार उपचार भी किया जा रहा है। ऐसे में पहले के मुकाबले कम पशु इस रोग की चपेट में आ रहे है।

    हालांकि, लंपी रोग का कहर जिला में अभी पूरी तरह से थमा नहीं है। जिला में आये दिन पशु इस रोग की चपेट में आ रहे है और जान भी गवां रहे है। बीते रोज भी पांच पशुओं की मौत हुई है। इसी के साथ लंबी रोग से मरने वाले पशुओं का आंकड़ा 2669 पहुँच चुका है। इसके अलावा जिले में अभी तक 37 हजार, 151 पशु संक्रमित हो चुके हैं।

    वहीं पशुपालन विभाग की ओर से 43 हजार, 300 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। उधर, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. संजीव धीमान ने बताया कि टीकाकरण के बाद संक्रमण की रफ्तार कम हुई है। पशुपालकों को एहतियात बरतना जरूरी है।

  • सेना से रिटायर अधिकारी से 26 लाख की धोखाधड़ी, शातिर ने इस तरह दिया अंजाम

    सेना से रिटायर अधिकारी से 26 लाख की धोखाधड़ी, शातिर ने इस तरह दिया अंजाम

    HNN / कांगड़ा

    जिला कांगड़ा के पालमपुर में सेना से रिटायर कैप्टन ओम प्रकाश के साथ 26 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवा कर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे हैप्पी शर्मा निवासी दोहल पट्टी मिला, उसने उसे एक निजी बीमा कंपनी में बतौर सेल एग्जीक्यूटिव बताया।

    आरोपी ने व्यक्ति से कहा कि वह अपनी और अपनी पत्नी की बीमा पॉलिसी करवा लें। व्यक्ति की बातों में आकर उसने अपनी पत्नी और खुद की 28 मार्च 2017 को बीमा पॉलिसी 2,01,000 रुपये जमा की। इसका प्रीमियम 2020 तक वह भरता रहा। 2021 में आरोपी ने चार लाख का उसे एक चेक दिया। लेकिन इस खाते से उसने राशि अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली थी।

    उसके बाद उसने और चेक दिए, लेकिन पैसे उसके खाते में नहीं आए। यही नहीं, उसके बाद उसने उसकी बीस लाख की एफडीआर भी एसबीआई बैंक से तुड़वाकर अपनी कंपनी में जमा करवाने को कहा और इसके एवज में हर माह दो-दो लाख देने की बात कही। उसने उसके कहने पर ऐसा ही किया। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगा। अब तक आरोपी ने 26 लाख 10 हजार रुपये उससे हड़प लिए हैं।

    उधर, थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने कहा कि पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत पर हैप्पी शर्मा के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • घर में भड़की आग से जिंदा जला युवक

    घर में भड़की आग से जिंदा जला युवक

    HNN/ कांगड़ा

    हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक घर आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गया। इतना ही नहीं इस आग की चपेट में आने से अंदर सो रहा युवक भी बुरी तरह से झुलस गया और उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से थाना बैजनाथ के तहत सगूर पंचायत के छा-बां गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मृतक के शव का टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाया।

    हालांकि, घर में आग किन कारणों से लगी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है, पुलिस तहकीकात में जुटी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छा-बां गांव का 35 वर्षीय रजनीश आचार्य (निजु) पुत्र स्वर्गीय राम प्रकाश घर पर अकेला ही था। इसी दौरान आधी रात को घर में आग भड़क गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि युवक को बाहर तक निकलने का मौका ही नहीं मिला तथा वह जिंदा जल गया।

    वही सुबह के वक्त जब ग्रामीणों ने आग की लपटे उठती देखी तो वह मौके पर पहुंचे तथा अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया परंतु तब तक युवक दम तोड़ चुका था। बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आने से युवक का पूरा शरीर जल चुका था।

  • 11.66 ग्राम चिट्टा और शराब की खेप के साथ दो गिरफ्तार

    11.66 ग्राम चिट्टा और शराब की खेप के साथ दो गिरफ्तार

    HNN / कांगड़ा

    जिला कांगड़ा में पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में चिट्टे व शराब के साथ 2 लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार पहले मामले में नशा निवारण कमेटी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि छन्नी बेली से 2 स्मगलर चिट्टा लेकर आ रहे हैं। इस पर कमेटी सदस्यों ने पुलिस के साथ मिलकर उक्त दोनों को 11.66 ग्राम चिट्टे के साथ हटली द्रम्मण में दबोच लिया।

    वही , दूसरा मामला रैहन का है, यहाँ पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रात को सोहर गांव के एक घर में दबिश दी और 45 लीटर अवैध शराब बरामद करने में सफलता हासिल की। रैहन पुलिस ने उक्त कार्यवाही गुप्त सूचना के आधार पर की। उधर, चौकी प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी कवि कुमार के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकद्दमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

  • सनसनीखेज: जंगल से बरामद हुआ महिला का शव, बंधे थे हाथ

    सनसनीखेज: जंगल से बरामद हुआ महिला का शव, बंधे थे हाथ

    HNN / कांगड़ा

    जिला कांगड़ा में आज एक महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में जंगल से बरामद हुआ है। महिला कौन है, यहां कैसे आई अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार जयंती माता मंदिर के पास जंगल से एक व्यक्ति को अजीब सी दुर्गंध आ रही थी।

    इस दौरान व्यक्ति ने अपने आसपास चारों तरफ देखा तो उसे एक महिला का पांव दिखाई दिया। जब वह पास गया तो उसने देखा कि वहां एक महिला की सड़ी गली लाश पड़ी हुई हैं। इतना ही नहीं महिला के हाथ बंधे हुए थे। इसके बाद व्यक्ति ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

    सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वही, कांगड़ा पुलिस द्वारा फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। शव देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की किसी ने हत्या की है। यह शव काफी पहले यहां कोई फेंककर गया है, जिसके चलते यह काफी सड़ चुका है।

  • धोखे से बुलाकर युवक पर किया जानलेवा हमला, पीजीआई रैफर

    धोखे से बुलाकर युवक पर किया जानलेवा हमला, पीजीआई रैफर

    HNN / काँगड़ा

    पुलिस थाना शाहपुर के तहत देर रात द्रमण में धोखे से बुलाकर एक युवक पर दो लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेडिकल कॉलेज टांडा से पीजीआई रैफर किया गया है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस को दी शिकायत में नितिन ने बताया कि उसके भाई संजीव का रात 10 बजे फोन आया और कहा कि थुलेल के राजेश और महिंद्र उसे द्रमण बुला रहे हैं।

    जब वह द्रमण पहुंचा तो देखा कि राजेश और महिंद्र संजीव पर लोहे की रॉड के साथ वार कर रहे थे। जब उसने अपनी गाड़ी वहां पर खड़ी कर उनकी ओर गया, तो दोनों आरोपी उसे देखकर वहां से फरार हो गए। उसके बाद उसने इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। वहीं, घायल संजीव कुमार की बहन ममता ने बताया कि वीरवार को भी आरोपियों ने उसके भाई पर गाड़ी चढ़ा दी थी।

    वही , इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। उधर, इस मामले को लेकर शाहपुर थाने पहुंचे एसपी खुशहाल सिंह ने बताया कि घायल युवक संजीव को टांडा से पीजीआई रैफर किया गया है। वहीं दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है।

  • जिला प्रशासन की अनूठी पहल: डीसी ने आमंत्रण पत्र के साथ लोगों को लोकतंत्र के लोकपर्व में भाग लेने का दिया न्यौता

    जिला प्रशासन की अनूठी पहल: डीसी ने आमंत्रण पत्र के साथ लोगों को लोकतंत्र के लोकपर्व में भाग लेने का दिया न्यौता

    HNN/ काँगड़ा

    कांगड़ा जिला प्रशासन ने विधानसभा चुनावों में जिले में सभी मतदाताओं की सहभागिता तय बनाने को एक अनूठी पहल की है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने मतदाताओं को आमंत्रण पत्र देकर 12 नवंबर को मतदान करने और लोकतंत्र के लोकपर्व में भाग लेने का न्यौता दिया है। उन्होंने स्वीप गतिविधियों के तहत शनिवार को फतेहपुर और ज्वाली में आयोजित कार्यक्रम के जरिए इस मुहिम की शुरूआत की। उन्होंने इस मौके पर सांकेतिक तौर पर मतदाताओं को आमंत्रण पत्र सौंपे, साथ ही इस प्रेरणादायक मुहिम का शुभारम्भ किया। उन्होंने ‘मतदान से कोई भी मतदाता न छूटे’ के संदेश वाली मतदाता हस्ताक्षर दीवार पर हस्ताक्षर कर हर मतदाता से मतदान प्रक्रिया में बढ़चढ़ भाग लेने का आग्रह किया।

    बता दें, कांगड़ा जिला प्रशासन की ये पहल लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने और कम मतदान वाले क्षेत्रों में मतदान प्रतिशतता बढ़ाने को समर्पित है। फतेहपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल और आईटीआई ज्वाली में स्वीप गतिविधियों के तहत आयोजित इन मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में स्वीप की जिला नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त गन्धर्वा राठौड़, आईएएस (प्रोबेशनर) सहायक आयुक्त ओम कांत ठाकुर तथा निर्वाचन अधिकारी (एसडीएम) फतेहपुर और निर्वाचन अधिकारी (एसडीएम) ज्वाली से उपस्थित रहे।

    डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि इस मुहिम में जिले में 12 नवम्बर को मतदान में भाग लेने के साथ मतदान के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाने के लिए प्रत्येक घर तक आमंत्रण पत्र पहुंचाने का प्रयास रहेगा। इसके साथ ही मतदाताओं की कलाई पर मतदान में भागीदारी की अपील की स्टैम्प लगाकर ‘आओ मतदान करें, हम भी करेंगे’ चुनाव प्रक्रिया में सबकी सहभागिता तय बनाने पर बल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस मुहिम को सभी लोगों तक पहुंचाने में सम्बंधित क्षेत्र के बीएलओ का महत्वपूर्ण योगदान है। इस मुहिम को अस्पतालों, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों सहित अन्य सरकारी संस्थानों के माध्यम से भी लोगों तक पहुंचाने के प्रयास किये जाएंगे।

    चुनाव आयोग की ई-केवाईसी ऐप से प्राप्त करें उम्मीदवारों के बारे में पूर्ण जानकारी
    जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि मतदाता चुनाव आयोग की ई-केवाईसी ऐप से उम्मीदवारों के बारे में पूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।यदि किसी उम्मीदवार पर कोई आपराधिक मामला चल रहा हो, इस ऐप पर उसकी जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। इससे मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रयोग को लेकर सही निर्णय करने में सुविधा होगी। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने वोट का महत्व समझें और प्रलोभन-बहकावे में न आएं तथा समझदारी से वोट करें।

    उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान करना हर नागरिक का न सिर्फ अधिकार है बल्कि मौलिक कर्तव्य भी है। उन्होंने बताया कि फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत कुल 89913 पंजीकृत मतदाता विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 80 वर्ष से अधिक आयुवर्ग तथा 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाता, जिन्होंने घर से मतदान करने के लिए आवेदन किया है, उनके लिए पूरी गोपनीयता के तहत घर से वोट करने की व्यवस्था की गई है। जि़ला निर्वाचन अधिकारी ने इस अवसर पर सभी लोगों से मतदान में बढ़चढ़ कर भाग लेने और अपने विवेक से वोट करने की शपथ भी दिलाई।

  • कांगड़ा में देर रात हुआ जोरदार धमाका, लोगों में दहशत का माहौल

    कांगड़ा में देर रात हुआ जोरदार धमाका, लोगों में दहशत का माहौल

    विस्फोट से लेंटर और दीवार को नुक्सान, पुलिस ने…

    HNN / काँगड़ा

    हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में देर रात को एक जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके की गूंज लोगो को दूर-दूर तक सुनाई दी, जिसके चलते लोगो में दहशत का माहौल पैदा हो गया। जानकारी के अनुसार कांगड़ा के अनसोली गांव में एक घर पर रात को एक रॉकेट जैसा विस्‍फोटक पदार्थ आ गिरा। धमाके के बाद लोग सहम गए व तुरंत घरों से बाहर निकल आए।

    गनीमत रही कि घर में मौजूद कोई भी शख्‍स इसकी चपेट में नहीं आया। बताया जा रहा, यह रॉकेट नुमा विस्‍फोटक घर में रसोई में आ पहुंचा और धमाका हो गया, जिससे रसोई की स्‍लैब इससे टूट गई। इसके बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि यह रॉकेट लांचर नहीं बल्कि सेना का एक लाइटिंग शेल है।

    जिसे अभ्यास के दौरान फायरिंग से पहले अंधेरे को दूर करने के लिए लक्ष्य की ओर भेजा जाता है। लेकिन यह लक्ष्य से भटककर अनसोली गांव में एक मकान के लेंटर पर गिर गया। पुलिस के मुताबिक यह भारतीय सेना की ओर से चलाया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्यवाही सेना की ओर से नजदीक फायरिंग रेंज में कुहाला के जंगल में रात को की गई थी।

  • नाके के दौरान जिला पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, गाड़ी से बरामद किये 2 करोड

    नाके के दौरान जिला पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, गाड़ी से बरामद किये 2 करोड

    HNN / कांगड़ा

    हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस इन दिनों अलर्ट मोड पर है। ऐसे में सभी जिलों में पुलिस ने नाकाबंदी की हुई है और बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है। साथ ही अवैध शराब और नशे की तस्करी पर भी पुलिस की पैनी नजर है।

    बता दें कि आज जिला कांगड़ा में पुलिस ने एक गाड़ी सीएच (01 बीवाई-4077) से 2 करोड का नकद कैश बरामद किया है। गाड़ी सवार दोनों युवकों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके बाद पुलिस ने नकदी जब्त कर ली।

    आशंका जताई जा रही है कि यह पैसा विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने की मंशा से ले जाया जा रहा है। उधर, एसएचओ डमटाल कल्याण सिंह ने बताया कि पुलिस पैसे की गिनती कर रही है।

    वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी (उपायुक्त) डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि चुनावों को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है।

    जगह-जगह नाके लगा कर गाड़ियों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है।

  • जिला के 15 विधानसभा क्षेत्रों में 13 लाख से अधिक वोटर चुनेंगे अपने विधायक

    जिला के 15 विधानसभा क्षेत्रों में 13 लाख से अधिक वोटर चुनेंगे अपने विधायक

    HNN/ कांगड़ा

    12 नवम्बर को प्रदेश में होने वाले विधानसभा के आम चुनावों के लिए मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि चुनाव कर्मियों के प्रशिक्षण एवं पूर्वाभ्यास को लेकर एक रिहर्सल की जा चुकी हैं। कांगड़ा जिले में दूसरी रिहर्सल 04 नवम्बर तथा तीसरी और अंतिम रिहर्सल 10 नवम्बर को होगी।

    तत्पश्चात पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि जिला कांगड़ा के तहत 15 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। कांगड़ा जिला में कुल 13 लाख 34 हजार 542 मतदाता हैं। इनमें 6 लाख 53 हजार 661 महिला मतदाता और 6 लाख 80 हजार 875 पुरुष वोटर हैं। सर्विस वोटर की संख्या 21768 हैं। विदेश में रह रहे 6 प्रवासी निर्वाचक हैं। इसके अलावा तीसरे जेंडर के 6 मतदाता हैं।

    कहां कितने मतदाता
    मतदाताओं के विधानसभा वार आंकड़े के मुताबिक, नूरपुर में 45176 महिला व 48540 पुरुष, इंदौरा में 44501 महिला, 48742 पुरुष, फतेहपुर में 43982 महिला और 46221 पुरुष, ज्वाली में 49684 महिला व 52161 पुरुष, देहरा में 42054 महिला व 43209 पुरूष, जस्वां परागपुर में 39008 महिला व 40848 पुरुष, ज्वालामुखी में 39333 महिला और 40808 पुरुष मतदाता हैं।

    जयसिंहपुर में 42588 महिला व 42590 पुरुष, सुलाह में 53130 महिला व 53846 पुरुष, नगरोटा में 44702 महिला व 46260 पुरुष, कांगड़ा में 41427 महिला और 42420 पुरुष, शाहपुर में 43801 महिला व 46177 पुरुष, धर्मशाला में 41469 महिला व 42359 पुरूष, पालमपुर में 38392 महिला व 40057 पुरुष व बैजनाथ में 44714 महिला और 46637 पुरुष मतदाता हैं।

    1625 मतदान केंद्रों पर डाले जाएंगे वोट
    डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि कांगड़ा जिले में 1625 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शहरी क्षेत्र में 143 और ग्रामीण क्षेत्र में 1482 मतदान केंद्र हैं। 813 मतदान केंद्रों की वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गई है। 30 पोलिंग बूथ ऐसे होंगे जिन्हें महिला चुनाव कर्मी संचालित करेंगी।