उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान आगामी 22 व 23 अप्रैल को शिलाई विस क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि प्रवास कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री, शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जन समस्यायें सुनेंगे।
उन्होंने बताया कि उद्योग मंत्री 22 अप्रैल को सांय 3:00 बजे रोहनाट में जन समस्यायें सुनेंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उद्योग मंत्री 23 अप्रैल को प्रातः 10:00 बजे शिलाई में तथा दोपहर 12:30 बजे टिंबी में जन समस्यायें सुनेंगे। इस के पश्चात उद्योग मंत्री दोपहर 1:30 बजे काफोटा व सांय 3:30 बजे कमरऊ में जन समस्यायें सुनेंगे।
जिला सिरमौर के उपमंडल शिलाई के तहत गांव कांडो भटनोल में जमीनी विवाद को लेकर दो परिवारों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट के बीच एक व्यक्ति ने दूसरे पर दराट से जानलेवा हमला कर उसकी बाजू काट कर अलग कर दी।
घायल व्यक्ति नारायण सिंह का उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई है।
जानकारी के मुताबिक, दो परिवारों में कहासुनी के चलते मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मारपीट इतनी बढ़ गई थी वीरेंद्र सिंह ने नारायण सिंह पर दराट से हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में नारायण की बाजू कट कर अलग हो गई।
घटना के बाद व्यक्ति को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया है। वहीं इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है।
उधर, डीएसपी पांवटा साहिब रमाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
जिला सिरमौर के उपमंडल शिलाई के शिक्षा खंड बकरास के अंतर्गत शहीद कल्याण सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हलाँ में प्रधानाचार्या डॉ. किरण कांता की सेवानिवृत्ति के सुअवसर पर विद्यालय में कार्यरत वाणिज्य प्रवक्ता रामभज शर्मा ने विद्यालय प्रबंधन समिति को 11,000 रुपए का चैक भेंट किया।
पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. किरण कांता एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पंडित ब्रह्मदत्त ने जानकारी देते हुए बताया कि वाणिज्य प्रवक्ता रामभज शर्मा ने अपनी इच्छा जाहिर करते हुए एक बार प्रार्थना सभा में कहा था कि वह अपनी शुद्ध कमाई में से विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे ऐसे विद्यार्थियों की सहायता करना चाहता हूं जिनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है।
इसी कड़ी में वाणिज्य प्रवक्ता राम भज शर्मा ने प्रधानाचार्या डॉ किरण कांता एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पंडित ब्रह्मदत्त को 11,000 रुपए का चैक भेंट करते हुए कहा है कि इस राशि को उन विद्यार्थियों के कॉपी, किताब,जूते इत्यादि पर खर्च किया जाएं जिनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जमटा के पूर्व प्रधानाचार्य रतन चौहान ने जानकारी देते हुए कहा कि वाणिज्य प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना जिला समन्वयक जिला सिरमौर राम भज शर्मा ने राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जमटा के लिए 52(स्वयंसेवक एवं कार्यक्रम अधिकारी कैप) तथा चार ट्रैक सूट दिए थे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टिंबी के कार्यवाहक प्रधानाचार्य टी.आर. शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोरग के कार्यक्रम अधिकारी ओम प्रकाश शर्मा तथा राजकीय महाविद्यालय कफोटा के राष्ट्रीय सेवा योजना के पूर्व कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर रविंद्र शर्मा ने बताया कि हमारी इकाई को भी राम भज शर्मा द्वारा 50 -50 राष्ट्रीय सेवा योजना की टोपियां भेंट की गई थी।
इस बारे में जब वाणिज्य प्रवक्ता राम भज शर्मा से बात की गई तो उनका कहना है कि हमारे विद्यालय में कुछ विद्यार्थी ऐसे हैं जो पढ़ाई में बहुत अब्बल है परंतु आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं है। मेरी कोशिश रहेगी ऐसे विद्यार्थियों की पूरी सहायता की जाएगी।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. किरण कांता, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पंडित ब्रह्मदत्त, पूर्व प्रधान यशपाल ठाकुर, राजकीय उच्च विद्यालय लौजा एवं राजकीय माध्यमिक विद्यालय नाया का समस्त स्टाफ, प्रवक्ता आत्माराम ठाकुर, धर्मपाल शर्मा, सुरेंद्र चौहान, कल्याण सिंह, गोपाल ठाकुर, कपिल सरस्वती, प्रतिभा शर्मा,अनिल शर्मा, सपना शर्मा, आचार्य सुनील दत्त, राजेंद्र सूर्यवंशी, प्रवीण कुमार, लिपिक सुनील शर्मा, संतराम शर्मा, बाबूराम शर्मा, सेवादार रण सिहं पोजटा, जगपाल ठाकुर, जसवंत, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य बलदेव ठाकुर, रीना ठाकुर, रीना देवी कांता देवी मौजूद रहे।
उद्योग मंत्री ने सतौन और कफोटा में सुनी जन-समस्याएं
HNN/ शिलाई
उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी जन-समस्याओं का समाधान निश्चित समयावधि के भीतर करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों से अपनी-समस्याएं और कार्य लेकर सरकारी कार्यालयों में आने वाले ग्रामीण लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करना अधिकारियों का दायित्व है।
उद्योग मंत्री सिरमौर जिला के शिलाई निर्वाचन क्षेत्र के सतौन और कफोटा में जन-समस्याएं सुन रहे थे। सतौन में ग्राम पंचायत सतौन, कुड़गा, पोका, बझौण, बडवास, सकोली, कांटी मशवा, कठवाड़, आदि पंचायतों के लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं उद्योग मंत्री के सम्मुख रखीं। इसी प्रकार कफोटा में ग्राम पंचायत कफोटा, दुगाना, शिल्ला, बोकला पाब, शावगा, संपन्न्ता, टटियाणा, ठोंठा जाखल कोटा दुगाना और कोटा पाब पंचायत के लोगों ने अपनी समस्याएं रखी।
इनमें से अधिकतर समस्याओं का निपटारा मौके पर ही किया गया। हर्षवर्धन चौहान ने विभागीय अधिकारियों को प्रदेश सरकार की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं और नीतियों को लेेकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली जनता के बीच पहुंचने के लिए कहा ताकि समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ जनता को मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ की गई हैं जिनका लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को उठाना चाहिए।
उद्योग मंत्री ने ग्राम पंचायत सतौन में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन के निर्माण के लिए भूमि का चयन करने के आदेश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कांटी मशवा पंचायत में पीने के पानी और सिंचाई योजना के लिए जल शक्ति विभाग को उचित कार्यवाहीकरने के लिए कहा।
उन्होंने ग्राम पंचायत सकोली में सड़क निर्माण और स्वास्थ्य केन्द्र में स्टाफ की नियुक्ति के लिए सम्बन्धित विभाग को उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व सतौन और कफोटा पहुंचने पर उद्योग मंत्री का स्थानीय पंचायत एवं स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
जिला सिरमौर के उपमंडल शिलाई के अन्तर्गत आने वाले शिक्षा खंड बकरास के शाहिद कल्याण सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हलाँ के एनएसएस के 50 स्वयंसेवकों को जिन्होंने सात दिवसीय विशेष शिविर में भाग लिया था।
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ किरण कांता के द्वारा इन सभी स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र दिए गए। स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम में इन छात्रों को सन्मानित किया गया। एनएसएस के जिला समन्वयक राम भज शर्मा ने कहा कि सात दिवसीय विशेष शिविर का बहुत बड़ा महत्व है।
यदि किसी विद्यार्थी को अगली कक्षा में प्रवेश हेतु प्रतिशतता में कुछ कमी रह जाती हैं तो उन विद्यार्थियों को सात दिवसीय विशेष शिविर के प्रमाण पत्र का फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि गत वर्ष एक अक्तूबर से सात अक्तूबर तक राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया था।
इस शिविर में बारहवीं कक्षा के 50 स्वयंसेवकों ने भाग लिया था जिनमें 22 लड़के एवं 28 लड़कियां शामिल रही। इसी तरह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रायपुर मैदान जिला में ऊना में राष्ट्रीय सेवा योजना का राष्ट्रीय एकता शिविर आयोजित हुआ था। इसी विद्यालय के दीक्षा में बलवंत ने राष्ट्रीय सेवा योजना गणतंत्र दिवस परेड शिविर में भी भाग लिया था।
राष्ट्रीय सेवा योजना जिला समन्वयक, सदस्य सलाहकार समिति हिमाचल प्रदेश राम भज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर वरिष्ठ अध्यापक धर्मपाल शर्मा, कल्याण सिंह प्रवक्ता अंग्रेजी, गोपाल ठाकुर प्रवक्ता हिंदी, अनिल शर्मा विज्ञान स्नातक, सपना शर्मा विज्ञान स्नातक, केवल सिंह कला अध्यापक, सुनील कुमार शास्त्री, राजेंद्र सूर्यवंशी वोकेशनल अध्यापक, प्रवीण कुमार वोकेशनल अध्यापक, सेवादार जसवंत तथा सभी स्वयंसेवक मौजूद रहे।
आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र पनोग द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के नो पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायता से पोषण अभियान कार्यक्रम के तहत पंचायत पनोग की महिलाओं एवं बच्चों को संतुलित आहार एवं आहार में मिलेट्स फूड (ज्वार, बाजरा, कोदा) शामिल करने बारे जागरूकता अभियान चलाया गया जिसमें राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र पनोग के प्रभारी ,आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारी श्री राजेश ठाकुर ने गांव के आंगनबाड़ी केंद्रों में महिलाओं को जागरूक किया।
गौरतलब हो कि सरकार द्वारा 2023- 24 को पोषण अभियान के अंतर्गत मिलेट्स फूड वर्ष के रूप में मनाया जा है जिसमे आयुष विभाग को भी शामिल किया गया है, जिसमें आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारी राजेश ठाकुर ने बताया कि जिला आयुष अधिकारी डॉ. राजन सिंह तथा उप मंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी सूरजपुर डॉ. जसप्रीत कौर के निर्देशानुसार मिलेट्स फूड के बारे में लोग जागरूक किया जा रहा है, जिसमें सरकार मिलेट फूड की फिर से खेती करके भोजन में शामिल करने के लिए बढ़ावा दे रही है जोकि हमारे ग्रामीण इलाके में पुराने समय में बहुत ज्यादा उगाई जाती थी जिसमें उस समय के लोगो का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता था।
लेकिन समय के अनुसार यह फसलें लुप्त हो रही है, जिसमें ज्वार (शबर्त), बाजरा, रागी (मडुआ), झंगोरा, बैरी, कंगनी, कुटकी (लघु धान्य), कोदो, चेना (चीना), सामा या सांवा और जौ आदि आते हैं जिसमे की पोषक तत्व की मात्रा अत्यधिक होती हैं जिसमे प्रोटीन,कैल्शियम, आयरन, जिंक, फास्फोरस, मैंग्नीशियम, पोटेशियम, फाइबर, विटामिन-बी-6, 3, कैरोटीन, लेसिथिन आदि तत्व होते हैं जो प्रकार की बीमारियों से रोकथाम करता है जैसे टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज, हृदय रोग, अस्थमा,थायराइड, यूरिक एसिड, किडनी, लिवर,पाचन रोग, ऑस्टियोपोरोसिस, एनीमिया, त्वचा रोग, लिपिड रोग और अग्नाशय से संबंधित रोगों में लाभदायक है क्योंकि यह मेटाबोल्कि सिर्ड्रोंम दूर करने में सहायक हैं।
उन्होंने बताया की मिलेट फूड में एंटीऑक्सीडेंट तत्व होते हैं जो शरीर में फ्री रेडिकल्स के प्रभाव को कम करते हैं जो की दीर्गायु स्वस्थ जीवन जीने के लिए, त्वचा के लिए लाभदायक है। मिलेट में केराटिन प्रोटीन कैल्शियम, आयरन और जिंक है जो की बाल, त्वचा, हड्डियो ,रक्त तथा बांझपन संबंधित समस्याओं को दूर करते है। उन्होंने आगे बताया की मिलेट शरीर को डीटॉक्सीफाई करते हैं, क्योंकि इसमें क्वेरसेटिन, करक्यूमिन, इलैजिक एसिड कैटिंस जैसे एंटीऑक्सीडेंट होते हैं।
इसके साथ-साथ उन्होंने जानकारी प्रदान की की हमें अपने भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, फल तथा विभिन्न प्रकार की दालों को शामिल करना चाहिए, जिससे पोषक तत्वों की कमी से होने वाले रोगों से बचा जा सकता है तथा उन्होंने लोगों को बताया कि बच्चों को जंक फूड खाने से रोकना चाहिए तथा ज्यादा मोबाइल का इस्तेमाल करने से रोकना चाहिए, जिसके कारण बच्चों में आंखो की रोशनी मोटापा चिड़चिड़ापन ,एकाग्रता उनके वृद्धि और विकास में कमी आ रही है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने महिलाओं को समाज में भिन्न भिन्न प्रकार के नशों के रोकथाम के लिए जागरूकता लाने तथा सहयोग की अपील की। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विनिता पोजटा, रूमा शर्मा, अनीता पोजटा तथा सहयिका विजय लक्ष्मी, कमला, आशा तथा ग्राम पनोग की महिलाएं उपस्थित रही।
बलदेव तोमर बोले- प्रदेश की कांग्रेस सरकार हिमाचल की जनता को कर रही है गुमराह
HNN/ शिलाई
जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सतोन जोन में भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक बलदेव तोमर के नेतृत्व में तालाबंदी कांग्रेस सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया।
साथ ही प्रदेश सरकार को चेतावनी दी कि जल्दी ही बंद किए संस्थानों को पुनः खोले जाएं। बलदेव तोमर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है।
सरकार ने कई ऐसे संस्थान बंद किए हैं जो सुचारू रूप से चल रहे थे। उन संस्थानों के बंद होने से कई लोगों के कामकाज रुक गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द से जल्द उन संस्थानों को पुनः खुले अन्यथा प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मौके पर कुलदीप शर्मा, सुनील चौहान, सतीश शर्मा, पुरण ठाकुर, मोहन ठाकुर, मेहन्द्र सिंह, मामराज शर्मा, खेवटा राम, सुनील कपूर, रजनीश चौहान सहित सेकड़ो लोग आक्रोश रैली मे मौजूद रहे।
जिला बाल सरंक्षण इकाई सिरमौर द्वारा अश्याड़ी पंचायत में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया l इस शिविर में शिलाई परियोजना की टिम्बी व मिल्ला वृत की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। शिविर में विशेष तौर पर पॉक्सो एक्ट व छोटे बच्चों को मोबाइल से होने वाले दुष्प्रभावों व साईबर क्राइम के बारे जागरूक किया गया I
सर्वप्रथम टिम्बी वृत की पर्यवेक्षिका बिमला देवी ने जिला बाल संरक्षण इकाई व उपस्थित प्रतिभागियों का कार्यशाला में स्वागत किया। उसके पश्चात जिला बाल संरक्षण इकाई के सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप कुमार ने जिला बाल संरक्षण इकाई के द्वारा चलाई जा रही योजनाएं फोस्टर केयर स्पॉन्सरशिप के बारे व बाल श्रम अधिनियम-2016 व बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी दी।
इस शिविर में चाइल्ड लाइन के सदस्य राजेंद्र सिंगटा ने चाइल्ड लाइन 1098 की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए प्रतिभागियों से आग्रह किया कि असुरक्षित परिस्थितियों में टोल फ्री नंबर 1098 पर कभी भी संपर्क किया जा सकता है साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 1098 प्रदर्शित किया जाए। उसके पश्चात संरक्षण अधिकारी सोहन पुंडीर ने उपस्थित प्रतिभागियों को बाल संरक्षण से जुड़े सभी कानूनों व योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
उन्होंने निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिनियम-2009, किशोर न्याय अधिनियम, जेजे अधिनियम-2015, पोक्सो एक्ट, के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को पूर्व गर्भाधान और प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन का प्रतिषेध) अधिनियम, 1994 की जानकारी भी प्रदान की।
सोहन पुंडीर ने सभी उपस्थित प्रतिभागियों से आग्रह किया कि सरकार द्वारा बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाए ताकि वंचित वर्ग तक भी इसका लाभ प्रदान किया जा सके। शिविर में सभी प्रतिभागियों को शपथ दिलाई गई कि वे सभी बाल विवाह को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे व अपने-अपने आंगनबाड़ी केंद्रों के स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित कर इसके बारे जागरूक किया जाएगा।
इस कार्यक्रम अंत में पर्यवेक्षक वृत मिलाहा किरण देवी ने एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित करने के लिए जिला बाल संरक्षण इकाई सिरमौर का धन्यवाद किया I
जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र शिलाई के तहत रोनहाट पनोग बाजार में अज्ञात शातिरों ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को चोरी करने के बाद उसे जलाकर पूरी तरह से राख कर दिया है। पीड़ित सिधोटी गांव के धर्म सिंह शर्मा पुत्र प्रीतम सिंह ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने बताया कि उसने अपनी बाइक (HP52A3648) को पनोग बाजार में एसबीआई बैंक के सामने खड़ा किया हुआ था। उसने बताया कि किसी स्थानीय व्यक्ति ने उसे इस घटना के बारे में जानकारी दी। जिसके बाद पीड़ित ने तुरंत वहां जाकर देखा तो उसकी बाइक पनोग बाजार से थोड़ी दूरी पर रोनहाट सड़क आग से पूरी तरह जली हुई थी।
मामले की पुष्टि शिलाई के एसएचओ प्रीतम सिंह लालटा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस सीसीटीवी कैमरे की सहायता से जल्द ही इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को हिरासत में लेगी।
जिला सिरमौर के उपमंडल शिलाई में बसों के औचक निरीक्षण में बिना टिकट सवारियां ढोने व कैश की गड़बड़ी करने पर परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने परिचालक को निलंबित कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, क्षेत्रीय प्रबंधक व उनकी टीम ने निगम की बसों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक व उनकी टीम को बैग में रखे कैश व इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन की रिपोर्ट में कमी पाई गई।
निगम पदाधिकारियों को कई दिनों से शिकायतें मिल रही थी कि सवारियों को टिकट नहीं दिए जा रहे हैं। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव बिष्ट व यातायात प्रबंधक नवीन शर्मा ने दो टीमें गठित की। इस दौरान निगम की पांवटा से कांडी क्याना जा रही (HP18B-9784) बस का निरीक्षण करने पर दो सवारियां बिना टिकट के पाई गई। वहीं, पांवटा से जोंग जा रही बस (HP18B-1492) का निरीक्षण जियूनल में किया गया, जिसमें तीन यात्री बिना टिकट के पाए गए।
निरीक्षण के दौरान परिचालक देवेंद्र ने सवारियों को उकसा कर कार्यवाही में बाधा उत्पन्न की। कामयाब न होने पर वह टिकट मशीन और कैश बैग को छोड़कर वहां से फरार हो गया। बैग निरीक्षण करने पर 9172 रुपए कम पाए गए। क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव बिष्ट ने बताया कि परिचालक देवेंद्र को निलंबित कर दिया है। वहीं इस मामले की शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई है।