Category: SHILLAI

  • पांच सालों में व्यवस्था में पूर्ण परिवर्तन देखेगा प्रदेश- हर्षवर्धन चौहान

    पांच सालों में व्यवस्था में पूर्ण परिवर्तन देखेगा प्रदेश- हर्षवर्धन चौहान

    कहा- अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए करेंगे  प्रयास

    HNN / शिलाई

    उद्योग, संसदीय कार्य और आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के रोनहाट में आयोजित जनआभार एवं अभिनंदन रैली में भाग लिया। इससे पूर्व रोनहाट पहुंचने पर क्षेत्र की जनता ने हर्षवर्धन चौहान का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया तथा रोनहाट उप तहसील की विभिन्न 15 ग्राम पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों ने उन्हें सम्मानित किया।

    उद्योग, संसदीय कार्य और आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने इस अवसर पर छठी बार विधानसभा भेजने के लिए क्षेत्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव न केवल हिमाचल बल्कि देश के लिए महत्वपूर्ण चुनाव था। उन्होंने कांग्रेस को स्पष्ट जनमत देने के लिए प्रदेश की जनता का आभार जताया। उद्योग मंत्री ने कहा कि मिशन रिपीट का भाजपा का सपना टूट गया।

    उप चुनाव में भाजपा सत्ता में रहते भी चारों सीटें हारी, यह प्रदेश विधानसभा चुनाव का सेमिफाइनल था और यहीं से कांग्रेस सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया था। यह चुनाव सत्ता परिवर्तन और ईमानदारी की जीत का चुनाव था। उन्होंने कहा कि हाटी का मुद्द हो या फिर डराना-धमकाना, भाजपा ने सभी हथकंडे अपनाये, लेकिन जनता ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।

    उद्योग मंत्री ने क्षेत्र के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह समर्पण भाव से क्षेत्र की जनता की सेवा करेंगे। इस अवसर पर शिलाई कांग्रेस समिति अध्यक्ष सीता राम शर्मा, उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी हरी राम शास्त्री तथा रणजीत सिंह नेगी ने भी अपने विचार रखे। इससे पूर्व कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी रविन्द्र चौहान ने उद्योग मंत्री का स्वागत किया।

    इस मौके पर शिलाई कांग्रेस मंडल के अध्यक्ष सीता राम शर्मा, यशपाल चौहान पूर्व प्रधान हलां, संत राम शर्मा प्रधान शकोनी, जगत राम विद्या देवी जिला परिषद, प्रियंका ठाकुर पंचायत समिति, जगत चौहान प्रधान नैणी धार, सरिता देवी पंचायत समिति सरांहा, गुमान सिंह नंबरदार, रजो देवी, महिला कांग्रेस सचिव, सविता देवी प्रधान हलां, चंद्रकला प्रधान कोटी, किरण बाला पंचायत समिति, तारा चौहान के अलावा विभिन्न पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

  • पहाड़ी से गिरी चट्टानों की चपेट में आई बस, हादसे में एक युवती घायल

    पहाड़ी से गिरी चट्टानों की चपेट में आई बस, हादसे में एक युवती घायल

    HNN/ शिलाई

    जिला सिरमौर के शिलाई-पांवटा एनएच -707 मार्ग पर पहाड़ी से गिरी चट्टानों की चपेट में आने से एक बस क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस में सवार एक युवती घायल हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद शिलाई अस्पताल से पांवटा अस्पताल रेफर कर दिया है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिलाई-पावंटा एनएच-707 पर टिककर व उत्तरी के मध्य फेज तीन रुदनव कंपनी द्वारा सड़क कटिंग का कार्य चल रहा था। जिसके कारण दोनों ओर वाहनों का जाम लगा हुआ था। मलवा हटाने के बाद जब शिलाई से पावंटा जा रही निजी खंडूजा बस वहां से क्रॉस हो रही थी तो भूस्खलन के मलवे के साथ आया एक बड़ा पत्थर बस से जा टकराया।

    हादसे में 22 वर्षीय सुमन गावँ दुबोड़ की एक युवती घायल हो गई। बता दें सुमन शिलाई कालेज की छात्रा है जो इस बस से अपने घर दुबोड़ जा रही थी। पहाड़ी से पत्थर इतनी तेजी से आया कि बस की खिड़की टूट गई और पत्थर से सीट पर बैठी सुमन के पेट मे चोट आ गई। युवती को उपचार के लिए शिलाई अस्पताल लाया गया यहां प्राथमिक उपचार के बाद युवती को पावंटा साहिब रेफर किया है।

    उधर, शिलाई खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष बंसल ने बताया कि युवती के पेट मे चोट लगने के कारण उसे पावंटा अस्पताल रेफर कर दिया है

  • भूस्खलन से एनएच-707 बंद, मलबे के नीचे दबी हाइड्रा मशीन

    भूस्खलन से एनएच-707 बंद, मलबे के नीचे दबी हाइड्रा मशीन

    HNN/ शिलाई

    शिलाई-गुम्मा राष्ट्रीय राजमार्ग 707 भूस्खलन से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। यहां कफोटा के समीप पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण सड़क पर बड़ी-बड़ी चट्टाने आ गिरी, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही बंद हो गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई है।

    फिलहाल सड़क से मलबा हटाया जा रहा है, लेकिन अभी भी पहाड़ी से पत्थरों के गिरने का सिलसिला जारी है। यहां पर भूस्खलन के बीच एक हाइड्रा मशीन भी चपेट में आ गई। हालांकि गनीमत यही रही कि हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ। प्रशासन द्वारा सड़क को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

    बता दें कि एनएच-707 पर सड़क चौड़ी करने का कार्य चला हुआ है, जिस कारण यहां भूस्खलन का सिलसिला लगातार जारी है।

  • कमरऊ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन

    कमरऊ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन

    शिक्षा व खेलकूद में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को किया सम्मानित

    HNN / शिलाई

    गिरीपार क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कमरऊ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में तहसीलदार सुनील चौहान ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। जबकि कमरऊ पंचायत के प्रधान मोहन ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्कूल के प्रधानाचार्य कुंदन तोमर ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।

    इसके बाद स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में पेश किए। स्कूल की छात्राओं ने रंगिला मारो ढ़ोल ना, शरारा गाना, ढोल-बाजे-नगाड़े संग ढोल बाजे आदि पर नृत्य किया। इसके अलावा स्कूल के बच्चों ने रोहडू जाणा मेरी आमिए, पांवटा दा मुगलों रवा आए, शिमला बाजारों जाणा, जियो भाई सोई रामो आदि पहाड़ी गाने पेश कर बच्चों को खूब नचाया। इसके बाद बच्चों ने भांगड़ा, गढ़वाली नृत्य, साथ ही साथ कोरोना काल में किस प्रकार ऑनलाइन पढ़ाई हुई और किस प्रकार उस परिस्थिति का सामना किया वो भी पेश किया।

    इसके इलावा बच्चों ने योगा पर भी एक कार्यक्रम पेश कर खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने शिक्षा व खेलकूद में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर किशन चन्द शर्मा, देवीदत्त शर्मा, सुरेन्द्र तोमर, मुकेश अग्रवाल, सुरेन्द्र चौहान, पूर्ण तोमर, मामराज शर्मा, मामचन्द शर्मा, कपिल ठाकुर, विद्या देवी, पूनम तोमर, दीपिका शर्मा, रंजना, रीना ठाकुर आदि मौजूद रहे।

  • सिरमौर: 100 से अधिक बरातियों के साथ दूल्हे के घर पहुंची दुल्हन

    सिरमौर: 100 से अधिक बरातियों के साथ दूल्हे के घर पहुंची दुल्हन

    HNN/ शिलाई

    जिला सिरमौर के गिरीपार क्षेत्र के हाटी समुदाय में रीति-रिवाज आज के मौजूदा समय में भी प्रचलित है। पूरे देश से हटकर इस क्षेत्र के लोग कुछ रीति-रिवाजों को बड़ी शान के साथ निभाते हैं। गिरीपार क्षेत्र की पुरानी वैवाहिक परंपरा जाजड़ा आज भी संजोए हुए हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए उपमंडल शिलाई के कुशल गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हुआ।

    जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के गांव जगन्नाथ की रहने वाली सुमन जोशी ने गत दिनों शिलाई उपमंडल के गांव कुसेनु के राजेंद्र पांडेय संग फेरे लिए। बता दे कि दुल्हन सुमन 100 से अधिक बारातियों को लेकर दूल्हे के घर पहुंची थी। यहाँ दूल्हे के पिता कुंभराम ने जाजड़ा परंपरा निभाते हुए विवाह की सारी रस्में घर पर निभाई। यह भी बता दे कि जाजड़ा परंपरा में नशे पर पूरी तरह से पाबंदी होती है।

  • खेलकूद प्रतियोगिता में मुर्गे की एंट्री होने से खेल प्रेमियों में रोमांच

    खेलकूद प्रतियोगिता में मुर्गे की एंट्री होने से खेल प्रेमियों में रोमांच

    HNN / शिलाई

    शिलाई विधानसभा के अंतर्गत आने वाले जामना गांव में एक फरवरी से तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रही है। सबसे बड़ी बात इस प्रतियोगिता की यह है कि इसमें जो सीप प्रतियोगिता (ताश खेल )करवाई जाएगी उसके विजेता को स्पोटर्स समिति जामना द्वारा नकद राशि के साथ मुर्गा दिया जायेगा। बता दे कि यह प्रतियोगिता एक से तीन फरवरी तक होगी। इसमें कबड्डी, सीप और वॉलीबाल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

    प्रतियोगिता के आयोजक योगेश कुमार ने बताया कि कबड्डी स्पर्धा के लिए 1500, सीप डबल के लिए 200 और वॉलीबाल स्पर्धा के लिए 1200 रुपये एंट्री फीस रखी गई है। कबड्डी विजेता को 25,000 रुपये और ट्रॉफी, उपविजेता को 12,000 रुपये व ट्राॅफी दी जाएगी। वॉलीबाल विजेता को 15,000 रुपये व ट्राॅफी और उपविजेता को 7,100 रुपये व ट्राॅफी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सीप स्पर्धा के विजेता को 1,100 रुपये की नकद राशि के साथ एक मुर्गा इनाम में दिया जाएगा।

    प्रतियोगिता में रेफरी का निर्णय अंतिम होगा। इच्छुक खिलाड़ी को आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। जो भी टीम बाहर से आएगी उनके रहने व खाने का इंतजाम किया जा रहा है।

  • पारम्परिक वाद्ययंत्रों के साथ उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का शिलाई में हुआ स्वागत

    पारम्परिक वाद्ययंत्रों के साथ उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का शिलाई में हुआ स्वागत

    HNN/ शिलाई

    उद्योग, संसदीय कार्य एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान मंत्री बनने के बाद पहली बार शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर पधारे। प्रवास के दौरान क्षेत्र के लोगों ने भारी तादाद में ढोल नगाड़ों और वाद्य यंत्रों के साथ उद्योग मंत्री का गर्म जोशी के साथ स्वागत और अभिनंदन किया। उद्योग मंत्री ने इस अवसर पर सतौन, कमरऊ, कफोटा और जाखना में जन समस्यायें सुनी और कांग्रेस पार्टी को जीत दिलाने के लिए जनता का आभार जताया।

    उद्योग, संसदीय कार्य एवं आयुष मंत्री हर्षवधर्न चौहान ने सतौन, कमरऊ, कफोटा और जाखना में जनसभाओ को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा घोषणा पत्र में रखी गई सभी 10 गारंटियों को हम चरणबद्ध ढंग से पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि इन 10 गारंटियों में समाज के हर तबके लिए कुछ न कुछ योजनाएं शामिल है जिसका लाभ सभी वर्गों को मिलेगा।

    उन्होंने कहा कि हमने घोषणा पत्र के अनुरूप मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खु की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रीमंडल की प्रथम बैठक में ही प्रदेश के 1.35 लाख कर्मचारियों को ओपीएस की बहाली का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसी प्रकार एक लाख बेरोजगारों को रोजगार देने और महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने के वायदे को पूरा करने के लिए मंत्रीमंडल की उप-समितियों का गठन किया है और समितियों की रिपोर्ट प्राप्त होते ही आगामी प्रक्रिया प्रारम्भ हो जाएगी।

    उद्योग मंत्री ने कहा कि हम सत्ता सुख के लिए नहीं आए हैं अपितु हम व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति अत्यंत खराब है और प्रदेश पर 75 हजार करोड़ रुपये के ऋण का बोझ है। उन्होंने कहा कि 11 हजार करोड़ रुपये की कर्मचारियों की देनदारियां है जिसमें 10 हजार करोड़ रुपये छठे वेतन आयोग तथा एक हजार करोड़ रुपये कर्मचारियों के मंहगाई भत्ते की देनदारी शामिल है।

    इसके बावजूद विकास की गति को थमने नहीं दिया जाएगा। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश में उद्योग स्थापित करने के लिए उद्योगपतियों को प्रोत्साहित किया जाएगा जिसके लिए सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम को समाप्त करते हुए इसके स्थान पर लिगल अथॉरिटी के गठन का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि शिलाई निर्वाचन क्षेत्र के सतौन में पर्यावरण मित्र उद्योगों की स्थापना के लिए भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।

  • सिरमौर में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म, गांव का ही रहने वाला निकला आरोपी

    सिरमौर में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म, गांव का ही रहने वाला निकला आरोपी

    HNN / शिलाई

    जिला सिरमौर में भी अब महिलाएं और छोटी बच्चियां सुरक्षित नहीं है। एक बार फिर यहां मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस थाना शिलाई में पीड़ित बच्ची के परिजनों ने एक नाबालिग युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के बाद नाबालिग युवक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 8 साल की मासूम देर शाम अपने गांव में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी।

    इसी दौरान गांव का एक 17 वर्षीय नाबालिग वहां आया और मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और इस वारदात को अंजाम दिया। जब मासूम रोते हुए अपने घर आई तो परिजन बच्ची को देखकर आश्चर्यचकित हो गए। उन्होंने देखा कि बच्ची घबराई हुई थी। जब मां द्वारा बच्ची से पूछा गया तो उसने अपने साथ गई पूरी वारदात उन्हें बताई। यह सुनते ही परिजनों के पांव तले जमीन खिसक गई और वह मासूम को तुरंत अस्पताल ले गए।

    इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने मासूम बच्ची और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने इस मामले में नाबालिग युवक को हिरासत में लिया है। उधर, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 व पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

  • सिरमौर में दर्दनाक हादसा- बोलेरो के दुर्घटनाग्रस्त होने से 30 वर्षीय युवक की मौत

    सिरमौर में दर्दनाक हादसा- बोलेरो के दुर्घटनाग्रस्त होने से 30 वर्षीय युवक की मौत

    HNN/ शिलाई

    जिला सिरमौर के उपमंडल शिलाई में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है जहां वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से युवक की मौत हो गई है। हालांकि, स्थानीय लोगों द्वारा युवक को घायल अवस्था में उपचार के लिए शिलाई अस्पताल भी पहुंचाया गया परंतु युवक की जान नहीं बच सकी।

    वहीं, युवक की मौत से क्षेत्र में माहौल भी गमगीन हो गया है और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। 30 वर्षीय गुड्डू पुत्र बिशन सिंह निवासी बागना तहसील शिलाई सोमवार देर शाम को बोलेरो गाड़ी (HP 85- 5007) में सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही वाहन बेला-बागना लिंक रोड पर बागना के पास पहुंचा तो चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया जिस कारण बोलेरो सड़क से लुढ़ककर गहरी खाई में जा गिरी।

    हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और युवक की मौत हो गई। पंचायत के उपप्रधान वीरेंद्र बिरसांटा ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से गांव के एक युवक की मौत हुई है जिससे माघी त्यौहार की खुशियां मातम में बदल गई।

  • शिलाई के प्रकाश ठाकुर का पेसापालो विश्व कप के लिए चयन, इलाके में खुशी की लहर

    शिलाई के प्रकाश ठाकुर का पेसापालो विश्व कप के लिए चयन, इलाके में खुशी की लहर

    HNN / शिलाई

    जिला सिरमौर के उपमंडल शिलाई के प्रकाश ठाकुर का चयन पेसापालो विश्व कप के लिए हुआ है। उनके साथ-साथ जिला सिरमौर के सांगना सताहन की पूजा और रोनहाट के रासत की दीपिका और बिलासपुर के गौरव का इंडिया कैंप के लिए चयन हुआ है, जो मार्च माह में मुंबई में होगा।

    बता दे कि टिंबी गांव के प्रकाश ठाकुर सीनियर मेन्स में खेलेंगे। ये विश्वकप जून माह में स्विट्जरलैंड में होगा। इससे पहले प्रकाश जनवरी 2018 में साउथ एशियन चैंपियनशिप नेपाल में खेले थे, जिसमें गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद उन्होंने 2019 में पुणे में विश्वकप भी खेला। अब उनका चयन सीधे विश्वकप के लिए हुआ है। प्रकाश के चयन से शिलाई इलाके में खुशी की लहर है।