Category: SARANHA

  • Sirmour: बाइक  दुर्घटनाग्रस्त होने से 2 युवक जख्मी, पीजीआई रैफर

    Sirmour: बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से 2 युवक जख्मी, पीजीआई रैफर

    HNN/ सराहां

    जिला सिरमौर के उपमंडल पच्छाद के मुख्यालय सराहां बस स्टैंड के पास एक सड़क हादसा पेश आया है, यहां एक बाइक सड़क की विपरीत दिशा में जाकर पैरापिट से टकराने के बाद उछल कर करीब 10 फीट नीचे खाई में जा गिरी।

    हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल सराहां लाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज नाहन रैफर किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई रैफर किया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर है। युवकों की पहचान विशाल पुत्र विद्यादत्त निवासी चनाड व मुकेश निवासी जनोट के रूप में हुई है।

    जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बाइक (HP16-8297) पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इस दौरान जैसे ही वह सराहां बस स्टैंड के पास पहुंचे तो अचानक बाइक पैरापिट से टकराने के बाद उछल कर करीब 10 फीट नीचे खाई में जा गिरी। घटना के बाद इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। हादसे की पुष्टि डीएसपी अरुण मोदी ने की है।

  • भारी बारिश के चलते आज सराहां में होने वाला ड्राइविंग टेस्ट स्थगित

    भारी बारिश के चलते आज सराहां में होने वाला ड्राइविंग टेस्ट स्थगित

    HNN/ सराहां

    जिला सिरमौर के उपमंडल पच्छाद के सराहां में आज सोमवार 10 जुलाई को होने वाला ड्राइविंग टेस्ट व गाड़ियों की पासिंग स्थगित कर दी गई है। इस टेस्ट को आयोजित करने की आगामी तिथि बाद में सूचित कर दी जाएगी। यह जानकारी एसडीएम पच्छाद डॉ संजीव धीमान ने प्रेस को दी है।

    बता दें हिमाचल प्रदेश में शनिवार से जमकर बारिश हो रही है। जिसके चलते यात्रा करना खतरे से खाली नहीं है। प्रदेश में जगह-जगह भूस्खलन हो रहे हैं, जिससे मार्ग भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है। इसी कारण आज सोमवार को होने वाला ड्राइविंग टेस्ट व गाड़ियों की पासिंग स्थगित कर दी गई है।

  • सराहां बाजार में 4 दिन से नहीं हुई कूड़ेदानों की सफाई, दुकानदार व राहगीर परेशान

    सराहां बाजार में 4 दिन से नहीं हुई कूड़ेदानों की सफाई, दुकानदार व राहगीर परेशान

    HNN/ सराहां

    जिला सिरमौर के उपमंडल पच्छाद के मुख्यालय सराहां बाजार में कचरा व गंदगी बहुत फैल रही है। मुख्य बाजार में गंदगी के ढेर लगे होने से दुकानदारों व आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन पंचायत इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। गंदगी के कारण रास्ते में पूरे दिन बदबूदार माहौल बना रहता है।

    दुकानदारों के साथ ही राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी देखनी पड़ती है कचरे के ढेर में मुंह मारते पशु कचरा इधर-उधर फैला देते हैं। दुकानदारों ने बताया कि गंदगी भरे माहौल से गुजरते वक्त मुंह पर कपड़ा लगाकर जाना पड़ता है। मुख्य बाजार में सफाई व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। क्षेत्रवासियों ने पंचायत से शीघ्र सफाई करवाने की मांग की है।

    गौरतलब हो कि सराहां में पच्छाद क्षेत्र की 34 पंचायतों के लोग एसडीएम कार्यालय, विकास खंड कार्यालय ,पुलिस थाना व कोर्ट के अलावा अन्य कार्य को लेकर आते हैं। पंचायत द्वारा यह कूड़ा दान पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह के समीप रखा गया है इसके आसपास राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पुलिस थाना व कोर्ट परिसर है, वही दूसरा कूड़ा दान ऐतिहासिक शिरगुल तालाब के पास रखा गया है।

    इसी तरह पुराना बस स्टैंड के समीप कूड़ेदान के भी ऐसे ही हालत हैं। बता दें सराहां बाजार में पिछले चार दिनों से कूड़ेदान में कचरे के ढेर पड़े हुए हैं। जिसकी अभी तक सफाई नहीं हुई है। ग्राम पंचायत प्रधान सुरती चौहान ने बताया कि सफाई कर्मचारी के अवकाश में होने के कारण समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही सफाई कर्मचारियों से सभी कूड़ेदानों की सफाई करवाई जाएगी।

  • राजेश दत्त शर्मा बने विज्ञान अध्यापक संघ सिरमौर के प्रधान

    राजेश दत्त शर्मा बने विज्ञान अध्यापक संघ सिरमौर के प्रधान

    आशीष शर्मा महासचिव व पवन धीमान बने कोषाध्यक्ष

    HNN/ सराहां

    हिमाचल प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ जिला सिरमौर इकाई की आम सभा राजकीय वरिष्ठ उत्कृष्ट विद्यालय सराहां में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सुरेंद्र कुमार प्रधानाचार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराहां ने की।

    चुनाव पर्यवेक्षक के तौर पर अजय शर्मा प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटडी व्यास, पूर्व अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंगलेश्वर गरनेरिया प्रदेश कार्यकारिणी की तरफ से पर्यवेक्षक के रुप में शामिल हुए।

    बैठक में जिला सिरमौर के विभिन्न खंडों के विज्ञान अध्यापक, संघ के पदाधिकारी खंड अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष एवं जिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सराहां ब्लॉक इकाई के माध्यम से सबसे पहले सभी का स्वागत अभिनंदन किया गया।

    सुरेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य ने अध्यक्षीय भाषण में अपने विचार प्रस्तुत करते हुए हिमाचल प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ के इतिहास एवं गतिविधियों के बारे में प्रकाश डाला। वहीं प्रदेश अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश विज्ञान अध्यापक अजय शर्मा ने भी विस्तार से संघ की गतिविधियों का ब्यौरा सदन में प्रस्तुत किया।

    इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष मोहनलाल शर्मा ने पिछले 3 वर्ष का लेखा-जोखा सदन में प्रस्तुत किया तथा संघ की इकाई की भंग करने की घोषणा करने के साथ ही चुनाव प्रक्रिया को शुरू किया गया। चुनावी प्रक्रिया में सर्वसम्मति से राजेश शर्मा, बीआरसीसी नारग को जिला अध्यक्ष पर निर्वाचित घोषित किया गया।

    महासचिव पद पर आशीष शर्मा विज्ञान अध्यापक जीएमएस नेहरी को सर्वसम्मति से महासचिव पद पर निर्वाचित घोषित किया गया। कोषाध्यक्ष पद के लिए पवन धीमान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूरुवाला को सर्वसम्मति से कोषाध्यक्ष के पद पर निर्वाचित घोषित किया गया।

    कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व दिनेश शर्मा गवर्मेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल पबियाना को दिया गया। अंत में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर जिला कार्यकारिणी के विस्तार का अधिकार नवनिर्वाचित जिला प्रधान, महासचिव एवं कोषाध्यक्ष को प्रदान किया गया,जो सभी खंड इकाइयों एवं जिला कार्यकारिणी के सहयोग से गठित करेंगे।

  • कॉलेज में पढ़ने वाली छोटी बहन ने 25 वर्षीय फौजी सचिन शर्मा को दी मुखाग्नि

    कॉलेज में पढ़ने वाली छोटी बहन ने 25 वर्षीय फौजी सचिन शर्मा को दी मुखाग्नि

    पत्नी व डेढ़ माह की बेटी को छोड़ गया है पीछे

    HNN/ सराहां

    जिला सिरमौर के सराहां उपमंडल की सिरमौरी मंदिर पंचायत के नावल गांव के श्मशानघाट पर 25 साल के फौजी सचिन शर्मा को कॉलेज में पढ़ने वाली उसकी छोटी बहन साक्षी शर्मा व चचेरे भाई ने मुखाग्नि दी। बता दें बुधवार सुबह ही फौजी की पार्थिव देह को पैतृक गांव लाया गया था। डेढ़ महीने की नन्हीं बच्ची ने पिता को खोया तो पत्नी नेहा शर्मा ने पति।

    वहीं सचिन की माँ कमलेश शर्मा व पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। 20 फरवरी को पंजाब में ट्रेन में एक हादसे का शिकार हुए सचिन शर्मा करीब करीब जिंदगी की जंग जीत गया था, लेकिन दो दिन पहले क्या हुआ, ये कोई नहीं जानता। कमांड अस्पताल चंडी मंदिर में 22 मई की शाम अंतिम सांस ली।

    बुधवार दोपहर 2 बजे अंतिम संस्कार हुआ। समूचा इलाका गमगीन था। शायद ही कोई घर ऐसा होगा, जहां चूल्हा जला हो। राजकीय सम्मान के साथ सचिन अनंत यात्रा पर निकल गया। परिवार की मानें तो उपचाराधीन रहने के दौरान सचिन के कुल कई टैस्ट हुए। पत्नी की प्रसूति के बाद वो घर भी आया। बेटी को दुलार भी दिया।

    बता दें कि सचिन परिवार में कमाने वाला इकलौता बेटा था। बेटे के अचानक ही संसार से जाने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। अंतिम संस्कार में भारतीय सेना की टुकड़ी, पुलिस जवानों व भूतपूर्व सैनिक एकता मंच ने सचिन को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वहीँ सचिन के चले जाने से पुरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

  • सराहां में सांसद सुरेश कश्यप ने किया शहीद  स्मारक का उद्घाटन

    सराहां में सांसद सुरेश कश्यप ने किया शहीद स्मारक का उद्घाटन

    HNN/ सराहां

    वन रैंक वन पेंशन की भुतपूर्व सैनिकों की वर्षो पुरानी मांग को भी मोदी सरकार ने ही पूरा किया और अब यदि इसमे कोई विसंगतियां रह गई है तो उसके लिये भी पार्लियामेंट में यह मुद्दा उठाया जाएगा। यह बात शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने सराहां में बने शहीद स्मारक के उदघाटन समारोह में भुतपूर्व सेनिको को सम्बोधित करते हुए कही।

    उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के भुतपूर्व सेनिको, अर्ध सैनिक बल संगठन, हिमाचल पुलिस , होमगार्ड, फायर सर्विस, वन विभाग इत्यादि से सेवा निवृत्त सभी लोगो के हितों की रक्षा करने के लिये वो प्रतिबद्ध हैं। उपमंडल पच्छाद के मुख्यालय सराहां में बने शहीद स्मारक का मंगलवार को शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने विधिवत लोकार्पण किया।

    इस अवसर पर पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र की विधायक रीना कश्यप विशेष रूप से मौजूद रही। उन्होंने कहा कि शाहिद स्मारक के बनने से क्षेत्र के भुतपूर्व सैनिकों व भुतपूर्व अर्धसैनिक बल संगठनों का सपना साकार हुआ। गौरतलब है कि इस तरह की स्मारक बनाने के लिये समय समय पर भुतपूर्व सेनिको व भुतपूर्व अर्धसैनिक बल संगठन के सदस्य मांग उठा रहे थे।

    इसके लिये पच्छाद प्रेस क्लब के मुख्य संरक्षक व सेना शिक्षा कोर से सेवानिवृत्त संजय राजन ने पहले यहाँ के भुतपूर्व सैनिकों व अर्धसैनिकों को एक मंच पर लाया व 8 अप्रैल 2021को सराहां जज घर मे एक बैठक आयोजित की गई जिसमें पच्छाद की विधायक रीना कश्यप मौजूद रही।

    बाद में यूनाइटेड वेटरन्स एसोसिएशन पच्छाद का गठन किया जिसमें टोपी बेल्ट पहन कर नोकरी करके सेवानिवृत वेटरन्स एक मंच पर आए। गौरतलब है कि इनकी मांग पर ग्राम पंचायत सराहां ने कुश्ती ग्राउंड में स्मारक के लिये भूमि उपलब्ध करवाई गई जिसमें ग्राम पंचायत सराहां के पूर्व प्रधान व वर्तमान मे उप प्रधान नरेंद्र गोसाई का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

    संगठन की मांग पर शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप जो कि भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त भी है उन्होंने 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। जिसके मिलने से इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ। इसके बाद इस कार्य को पूरा करने के लिये 5 लाख की राशि दोबारा जारी की गई जिसके मिलने से यह काम सिरे चढ़ ही गया।

    इस कार्य को ग्राम पंचायत सराहां द्वारा यूनाइटेड वेटरन्स एसोसिएशन पच्छाद के दिशा निर्देश पर करवाया गया। इस कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिये उप मंडल पच्छाद के तत्कालीन एसडीएम डॉ मेजर रिटायर्ड शशांक गुप्ता जो कि आर्मी मेडिकल कोर से सेवानिवृत थे ने भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।

    इसका डिज़ाइन ईशा शर्मा द्वारा तैयार किया गया, जबकि इसको मूर्त रूप देने के लिये पश्चिमी बंगाल के कारीगर समीर पटुआ व बाबू पटुआ, सोलन जिला के परगनी गाँव के आशु कुमार व नारग के समीप शोटी लगाहाँ गांव के अनिल कुमार ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

    बंगाल के कारीगरों को उपलब्ध करवाने में महंत परमेश्वर दास जी का भी सहयोग मिला व स्मारक में शहीदों का नाम लिखवाने में कृष्ण लाल ठाकुर ने भी संगठन की सहायता की।

    इसके निर्माण में भुतपूर्व सैनिक एकता मंच के प्रधान लाल चंद, मदन ठाकुर, बेली राम व सभी सदस्य, भुतपूर्व अर्ध सैनिक बल संगठन के जिला अध्यक्ष देवदत्त शर्मा, शरण दत, भीम दत, सुलक्षण गौतम के अतिरिक्त संगठन के पदाधिकारी प्रीत पाल ठाकुर, सुरेश शर्मा, विनय शर्मा, कौशल कुमार, प्रमोद गौतम, इंद्र दत शर्मा, रितेश मोहन शर्मा सहित सभी सदस्यों का भरपूर सहयोग रहा।

    इस अवसर पर पच्छाद उप मंडल से शहीद हुए सिपाही रामचंद्र, सिपाही सुखपाल सिंह, लांस नायक ललित कुमार, नायक राजेश कुमार, सिपाही अजय कुमार व भारतीय सेना से सेना मैडल से विभूषित लेख राज, कमल प्रसाद व बैटल केजुअल्टी हरिंदर सिंह, यूनाइटेड वेटरन्स एसोसिएशन पच्छाद चैप्टर के अध्यक्ष संजय राजन, भुतपूर्व सैनिक एकता मंच के अध्यक्ष लाल चंद, भुतपूर्व अर्ध सैनिक बल संगठन के जिला अध्यक्ष देव दत शर्मा मौजूद रहे।

    इस स्मारक की डिज़ाइनर ईशा शर्मा को भी उनके प्रशंसनीय कार्य के लिये सम्मानित किया गया। इससे पहले शहीद स्मारक में यूनाइटेड वेटरन्स एसोसिएशन पच्छाद चैप्टर की और से सांसद व पूर्व सैनिक सुरेश कश्यप को बेस्ट वेटरन्स फ़ॉर द ईयर अवार्ड से सम्मानित किया गया।

    इस अवसर पर सांसद महोदय ने कुश्ती स्टेडियम में कोटा टाइल्स लगवाने के लिये 5 लाख व सेनेटरी पैड यूनिट का कमरा बनवाने के लिये 2 लाख रुपए देने की घोषणा की जबकि विधायक रीना कश्यप ने भुतपूर्व सैनिक सामुदायिक भवन के लिये 2 लाख देने की घोषणा की।

  • सैनिक स्कूल के लिए हुआ नारग के मेधावी छात्र आकर्ष का चयन

    सैनिक स्कूल के लिए हुआ नारग के मेधावी छात्र आकर्ष का चयन

    HNN/ सराहां

    मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल नारग के मेधावी छात्र आकर्ष का चयन सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के लिए हुआ है। आकर्ष ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) परीक्षा को पास किया है। जानकारी के अनुसार आकर्ष ने जनवरी माह में आयोजित एनटीए परीक्षा दी थी।

    परीक्षा पास करने के बाद इंटरव्यू प्रक्रिया को पूर्ण करने के बाद आकर्ष का चयन सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के लिए हुआ है। आकर्ष मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल नारग में सातवीं कक्षा में शिक्षा ग्रहण कर रहा था।

    पढ़ाई में भी आगे रहने वाला आकर्ष ने छात्रवृति परीक्षा में सिरमौर जिला में पहला और राज्यस्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर अपने स्कूल का नाम रोशन किया था। अंडर-14 राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में राज्यस्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी योग्यता का परिचय दिया था।

    आकर्ष के पिता राजेश शर्मा नारग में बीआरसी के पद पर कार्यरत रहे और माता रोमा देवी टीजीटी (आट्र्स) के पद पर कार्यरत हैं। मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल नारग के प्रिंसिपल रोहित वर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति के, शिक्षक और गैर शिक्षक वर्ग ने भी आकर्ष की इस उपलब्धि पर बधाई दी और उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

  • अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, एक की मौत, दो घायल

    अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, एक की मौत, दो घायल

    HNN/ सराहां

    हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मामला जिला सिरमौर के पच्छाद के मानगढ़ मार्ग पर डिंगर गांव का है, यहां एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई है।

    हादसे में एक की मौत हो गई है व अन्य 2 घायल हुए हैं। मृतक की पहचान सचिन निवासी मानगढ़ के बगड़ और घायलों की पहचान ललित और चमन प्रकाश निवासी मानगढ़ के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    जानकरी के मुताबिक, तीनों युवक स्विफ्ट कार (HP14A -2144) में सवार होकर नारग में मां नगर कोटी जिला स्तरीय मेले के समापन अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के कार्यक्रम से वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे।

    इस दौरान जैसे ही गाड़ी मढ़ीघाट- जयहर-मानगढ़ मार्ग पर डिंगर गांव के पास पहुंची तो चालक गाड़ी से संतुलन खो बैठा जिस कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।

    जब स्थानीय लोगों ने गाड़ी को दुर्घटनाग्रस्त खाई में देखा तो उन्होंने बचाव व राहत का कार्य करते हुए तीनों को गाड़ी से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों युवकों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया परंतु घावों का ताव न सहते हुए सचिन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

    घटना के बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मामले की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोमदत्त ने की है।

  • सराहां कॉलेज में एनएसयूआई द्वारा किया गया फेयरवेल पार्टी का आयोजन

    सराहां कॉलेज में एनएसयूआई द्वारा किया गया फेयरवेल पार्टी का आयोजन

    मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस प्रदेश सचिव दयाल प्यारी ने की शिरकत..

    HNN/ सराहां

    जिला सिरमौर के सराहां में आज शनिवार को कॉलेज में एनएसयूआई द्वारा फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस पच्छाद प्रत्याशी एवं सचिव हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी दयाल प्यारी ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अतिथि द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना द्वारा की गई।

    उसके बाद एनएसयूआई द्वारा मुख्य अतिथि दयाल प्यारी को शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान दयाल प्यारी ने बच्चों का प्रोत्साहन बढ़ाया और उन्होंने कहा कि जब पढ़ने का टाइम हो तो पढ़ाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि एनएसयूआई के छात्रों के साथ सभी लोग कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और वह एनएसयूआई का सहयोग करेंगे।

    उन्होंने कहा कि हमें नशे से दूर रहना चाहिए साथ ही संस्कृति का भी ध्यान रखना चाहिए और साथ ही पार्टी को कैसे आगे बढ़ाना है, इस पर भी कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति गलत काम के लिए नहीं करनी चाहिए, राजनीति अच्छे कार्य के लिए की जानी चाहिए साथ ही उन्होंने एनएसयूआई के छात्रों को 11 हजार की राशि भी प्रदान की एवम बच्चो के भविष्य की कामना की।

    इस कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य मेंबर नीलम शर्मा, चंद्रमोहन राजगढ़ कॉलेज, शुभम तोमर, जिला परिषद विजेंद्र चौहान, एनएसयूआई प्रेसिडेंट, निहित ठाकुर सराहां प्रेसिडेंट, दीपक ठाकुर, विवेक, नीतीश ठाकुर, रोहन ठाकुर, अभिनीत अंकित ठाकुर, रेनू, रुपाक्षी, प्रीति कपूर, सोनिका ठाकुर, आकाश आदि मौजूद रहे।

  • चार युवकों ने दुकानदार से की मारपीट, हजारों की नकदी सहित सोने की चेन लेकर हुए फरार

    चार युवकों ने दुकानदार से की मारपीट, हजारों की नकदी सहित सोने की चेन लेकर हुए फरार

    HNN/ सराहां

    जिला सिरमौर के उपमंडल पच्छाद के सराहां में बस अड्डे के समीप मारपीट का मामला सामने आया है, यहां 4 युवक एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर उससे हजारों की नकदी सहित सोने की चेन लेकर फरार हो गए हैं। पीड़ित की पहचान विशाल निवासी गांव नावल, डाकघर भेलन के रूप में हुई है। पीड़ित के भाई सूर्य प्रकाश ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    जानकरी के मुताबिक, विशाल रोज की तरह रात को अपनी सब्जी की रेहड़ी की दुकान बंद कर अपने किसी रिश्तेदार के घर जा रहा था। इसी दौरान वहां पर चार युवक आए और वह पीड़ित को जान से मारने की धमकी देने लगे। जिसके बाद उन चारों युवकों ने विशाल से मारपीट भी कर डाली।

    बता दें चारों युवक पीड़ित से 50,000 रुपए की नकदी और सोने की चेन लेकर फरार हो गए हैं। पीड़ित ने पुलिस से जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेने की गुहार लगाई है। मामले की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोमदत्त ने की है।