Category: SARANHA

  • दो सप्ताह तक सराहां नए बस स्टैंड से कोऑपरेटिव बैंक तक वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद

    दो सप्ताह तक सराहां नए बस स्टैंड से कोऑपरेटिव बैंक तक वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद

    HNN/ सराहां

    जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल मुख्यालय की सराहां पंचायत में नए बस स्टैंड से लेकर कोऑपरेटिव बैंक तक दो सप्ताह के लिए वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। सराहां पंचायत के उपप्रधान नरेंद्र गोसाई ने जानकारी देते हुए बताया कि नए बस स्टैंड के समीप से राज्य सहकारी बैंक के भवन तक इंटरलॉक टाइल्स लगाए जानी हैं।

    इसलिए अगले दो सप्ताह तक इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। नरेंद्र गोसाई ने सराहां वासियों और बाजार आने वाले अन्य क्षेत्र वासियों से जब तक इंटरलॉक टाइल्स लगाने का कार्य चल रहा है, सहयोग की अपील की है। बता दें कि कोऑपरेटिव बैंक से लेकर पुराने बस स्टैंड तक पंचायत द्वारा 2 वर्ष पूर्व इंटरलॉक टाइल लगवा दी गई है।

    पंचायत उपप्रधान नरेंद्र गोसाई ने बताया कि इंटरलॉक टाइल्स लगाने के लिए दो सप्ताह तक सड़क बाधित होने की सूचना व्यापार मंडल सराहां, पुलिस थाना तथा एसडीएम पच्छाद को दे दी गई है।

  • जीपीएस प्रेम नगर ने मनाया अपना वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह

    जीपीएस प्रेम नगर ने मनाया अपना वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह

    मुख्य अतिथि ओम आर्य ने बच्चों को ट्रैकसूट देने की करी घोषणा

    HNN/ सराहां

    राजकीय प्राथमिक पाठशाला प्रेम नगर शिक्षा खंड सराहां के द्वारा वार्षिक परितोषण कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से मनाया गया। आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिमाचल युवा संस्था कसौली के संस्थापक ओम आर्य ने शिरकत करी।

    वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह के आगाज के दौरान मुख्य अतिथि सहित एसएमसी अध्यक्ष अश्वनी शोध, वार्ड मेंबर मानसिंह आदि का पाठशाला प्रभारी मायाराम शर्मा व स्कूल स्टाफ के द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।

    सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम के दौरान अध्यापिका सृष्टि शर्मा के द्वारा वार्षिक परीक्षा का लेखा-जोखा पढ़कर सुनाया गया। वहीं मुख्य अतिथि के साथ आए रवि वर्मा ने बच्चों को नशे के दुष्परिणाम से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने की सलाह दी।

    आयोजित समारोह में बच्चों के द्वारा एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दी गई। मुख्य अतिथि के द्वारा शिक्षा खेल व अन्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मोमेंटो भी प्रदान किए गए।

    वहीं अश्वनी सूद वार्ड मेंबर मानसिंह आदि के द्वारा बच्चों को शुद्ध शाकाहारी भोजन के महत्व को बताते हुए उन्हें खाना परोसा भी गया। ओम आर्य ने अपनी तरफ से सभी बच्चों के लिए ट्रैकसूट देने की घोषणा भी की।

    गौर तलब हो कि हिमाचल युवा संस्था कसौली इस प्राथमिक पाठशाला में समय-समय पर अन्य सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण आदि कार्यक्रमों का भी आयोजन करवाती रहती है।

  • सराहां पेट्रोल पंप के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई कार, दो घायल, तीन…..

    सराहां पेट्रोल पंप के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई कार, दो घायल, तीन…..

    HNN/सराहां

    जिला सिरमौर में नाहन कुमारहट्टी-शिमला एनएच 907ए पर सराहां पेट्रोल पंप के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जबकि अन्य तीन व्यक्तियों को हल्की चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांच लोग कार (DL3CCX9397) में सवार होकर उत्तराखंड से मनाली जा रहे थे।

    इसी दौरान सराहां पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही कार चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर पहले खंभे से टकराई और उसके बाद सड़क से निचली तरफ जोहड़ में जा गिरी। हादसे में एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जबकि अन्य तीन व्यक्तियों को हल्की चोटें आई हैं।

    तभी कार के गिरने की आवाज सुनकर पास के मां नगरकोटी मंदिर में पूजा कर रहे पुजारी कमल शर्मा मौके पर पहुंचे और पर्यटकों को दुर्घटना ग्रस्त कार से बाहर निकाला। जिसके बाद उन्होंने पांचों घायलों को अपनी गाड़ी में सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाया।

    वहीं जब इस संदर्भ में पुलिस थाना पच्छाद के प्रभारी मदन सिंह से संपर्क किया गया। तो उन्होंने बताया कि हादसे की जानकारी पच्छाद पुलिस को नहीं दी गई। ना ही घायलों द्वारा पुलिस में कोई मामला दर्ज करवाया गया है।

  • सराहां के इन क्षेत्रों में इस दिन विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित…

    सराहां के इन क्षेत्रों में इस दिन विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित…

    HNN/ सराहां

    विद्युत् उपमंडल सराहां के अंतर्गत आने वाले 11 केवी टिक्करी पन्जेली फीडर की ज़रूरी मरम्मत व रखरखाव हेतु 22 दिसंबर 2023 को प्रातः 9 बजे से सांय 6 बजे तक विद्युत् आपूर्ति बाधित रहेगी।

    बता दें ग्राम ब्रासड़ा, सेरभराल, पौधाट, धरयार, कांगर घाट नाइलोठन, घरघोन पलाशों पानवा, रिस्तर, बागपाशोग, टिक्किरी पन्जेली, चरानी घाट, गागयों खड़योग, धरती, चाकलापुल, नैनाटिक्कर, शमलाटी मझगांव, धमेली, खोजर, प्रेमनगर, साधनाघाद, नाली चंडोग, लाजोगड़ी तथा साथ लगते क्षेत्रों में 22 दिसंबर बिजली बंद रहेगी।

    मौसम खराब होने की स्थिति तथा अन्य कारणों से उपरोक्त तिथि एवं समय में बदलाव किया जा सकता है। उपभोक्ताओं से इस अवधि के दौरान सहयोग की अपील की गई है।

  • सराहां में कार की टक्कर से घायल हुए 11 वर्षीय बच्चे की हुई मौत

    सराहां में कार की टक्कर से घायल हुए 11 वर्षीय बच्चे की हुई मौत

    HNN/सराहां

    जिला सिरमौर के सराहां में कुमारहट्टी-नाहन मार्ग पर हुए एक हादसे में घायल हुए 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतक की पहचान 11 वर्षीय गौरव पुत्र रमेश दत्त के रूप में हुई है।

    जानकारी के मुताबिक, गौरव 13 दिसंबर की सुबह स्कूल जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान पानवा के पास गौरव कार (HP16A-2069) के पिछले हिस्से में टकरा गया और वह घायल हो गया। जिसके बाद कार चला रहे भूतपूर्व सैनिक बच्चे को नाहन मेडिकल ले गए। जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया था।

    लेकिन वहां पर 5 दिन तक उपचार के बाद रविवार शाम उसने दम तोड़ा दिया। वहीं सूचना मिलते ही सराहां पुलिस टीम पोस्टमार्टम के लिए चंडीगढ़ रवाना हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। डीएसपी मुकेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है।

  • प्रेस क्लब पच्छाद के तीसरे स्थापना दिवस पर सराहां में “जागो पच्छाद जागो संगोष्ठी” का हुआ आयोजन

    प्रेस क्लब पच्छाद के तीसरे स्थापना दिवस पर सराहां में “जागो पच्छाद जागो संगोष्ठी” का हुआ आयोजन

    राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने पत्रकारों के साथ संगोष्ठी में लिया भाग

    HNN/सराहां

    जिला सिरमौर पच्छाद उपमंडल मुख्यालय सराहां में राष्ट्रीय प्रेस दिवस तथा पच्छाद प्रेस क्लब सराहां का तीसरा स्थापना दिवस मनाया गया। इस उपलक्ष पर प्रेस क्लब पच्छाद की ओर से जागो पच्छाद जागो संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में कांग्रेस पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, सीपीआईएम और व्यापार मंडल सराहां के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। संगोष्ठी का संचालन प्रेस क्लब पच्छाद के मुख्य संरक्षक संजय राजन ने शुरू करवाया।

    पच्छाद कांग्रेस मंडल के प्रवक्ता हेमंत अत्री ने विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखी। हेमंत अत्री ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में किसानों तथा बागवानों के लिए विशेष जागरूकता शिविर लगवाने तथा यहां के किसानों के लिए देश की बड़े मंडियों में फसलें भेजने के लिए सराहां से दिल्ली, सराहां से चंडीगढ़ और प्रथम दर्शन सेवा के तहत सराहां से ज्वालाजी कांगड़ा के लिए प्रदेश सरकार से सीधी बसें चलाने के लिए मांग रखने की बात कही।

    साथ ही सांझे मंच के रूप में सभी पार्टी प्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों के साथ पच्छाद की समस्याओं को हल करने का आश्वासन भी दिया। भारतीय जनता पार्टी पच्छाद मंडल के अध्यक्ष एवं सराहां पंचायत के उपप्रधान नरेंद्र गोसाई ने कहा कि प्रदेश में सरकार चाहे किसी भी दल की हो, सभी को पच्छाद के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करना पड़ेगा। उन्होंने सराहां कस्बे में अक्सर आने वाली पानी की समस्या को हल करने का मुद्दा भी उठाया।

    इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को उठाने के लिए सरकार के समक्ष हर समय तत्पर रहेंगे। सीपीआईएम पच्छाद के संयोजक आशीष कुमार ने कहा कि हिमाचल निर्माता डॉक्टर वाईएस परमार ने भी कृषि तथा बागवानी क्षेत्र पर अपना फोकस किया था। मगर आज भी पच्छाद के किसानों की हालात उतनी अच्छी नहीं है, जितनी होनी चाहिए थी। किसानों की आय कैसे बढ़े, इसके लिए प्रयास किए जाने चाहिए।

    लंबे समय से बदहाल सराहां सिविल अस्पताल की हालत भी सुधरे, इसके लिए प्रयास किए जाने चाहिए। यहां पर डॉक्टरों तथा स्टाफ नर्सो के पद सौ बिस्तर वाले अस्पताल के अनुसार सृजित किए जाने चाहिए। साथ ही यहां पर रोगियों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी उपलब्ध होनी चाहिए। वही पच्छाद के विकास के लिए किसी भी पार्टी की विचारधारा से ऊपर उठकर कार्य करने होंगे।

    व्यापार मंडल सराहां के अध्यक्ष कुणाल गर्ग ने कहा कि सिरमौर रियासत टाइम में जिला सिरमौर में सराहां तहसील होती थी, मगर आजादी के 75 वर्षों बाद भी यहां से अंबाला, दिल्ली चंडीगढ़ के लिए कोई सीधी बस सेवा नहीं है। बाजार और सिविल अस्पताल में उपचार के लिए आने वाली महिलाओं के लिए महिला शौचालय की सुविधा न होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

    जागो पच्छाद जागो संगोष्ठी में प्रेस क्लब पच्छाद के सदस्यों ने भी अपने-अपने विचार रखें। जिसमें प्रेस क्लब के अध्यक्ष रमेश शर्मा, सचिव सुरेश कुमार, मुख्य संरक्षक संजय राजन, मुख्य सलाहकार राजन पुंडीर, कोषाध्यक्ष भेखानंद व सदस्य अशोक चौहान ने अपने विचार सांझा किया। सभी ने प्रत्येक 3 महीने के बाद इस तरह की बैठक आयोजित करने के लिए हामी भारी।

  • नरवीर शर्मा को सौंपी अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ सिरमौर की कमान

    नरवीर शर्मा को सौंपी अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ सिरमौर की कमान

    HNN/सराहां

    अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला सिरमौर के चुनाव सराहां में रविंदर मेहता व एल दी चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुए। जिसमें सर्वसम्मति से नरवीर कुमार शर्मा को अध्यक्ष, रणदीप सिंह पुंडीर को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश बत्रा को महासचिव, योगेंद्र चौहान को वित्त सचिव, नागेंद्र ठाकुर को मुख्य सलाहकार, नीरज चौहान, राज कुमार, उदय चौहान, सुभाष तोमर व आशीष धर्माणी को उपाध्यक्ष, हरीश शर्मा को सलाहकार चुना गया।

    नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरवीर कुमार शर्मा ने बताया कि संगठन की पहली बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इस अवसर पर अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महासचिव गोपाल शर्मा, अतिरिक्त महा सचिव त्रिलोक ठाकुर, राज्य संयोजक विनोद चौहान, जिला शिमला के अध्यक्ष नृपजीत सिंह, महासचिव एल डी चौहान, जिला सिरमौर की समस्त इकाइयों के सभी पदाधिकारी एवं जिला प्रतिनिधियों सहित 200 के लगभग कर्मचारियों ने भाग लिया।

  • अंडर-12 खेलकूद प्रतियोगिता में जयहर जोन बना ओवरऑल विजेता

    अंडर-12 खेलकूद प्रतियोगिता में जयहर जोन बना ओवरऑल विजेता

    डिप्टी डायरेक्टर ने सम्मानित किए विजेता खिलाड़ी

    HNN/ सराहां

    जिला सिरमौर के शिक्षा खंड नारग की खंड स्तरीय अंडर-12 खेलकूद प्रतियोगिता में जयहर जोन ने ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया है। प्राइमरी स्कूल वासनी में आयोजित इस प्रतियोगिता में ब्लॉक के नारग, सरसू, मानगढ़ व जयहर जोन के 70 स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया।  

    प्रतियोगिता की अध्यक्षता करते हुए बीईओ नारग जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि समापन अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर सेकंडरी कर्मचंद धीमान ने बतौर मुख्यातिथि विजेताओं को पुरस्कार बांटे। इस मौके पर एक्स बीईओ नारग प्रेमदत्त शर्मा विशिष्ट अतिथि और पंचायत प्रधान संजीव तोमर, देवराज शर्मा, रविंद्र के अलावा विभिन्न स्कूलों से आए शिक्षक व बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।

    यह रहे विजेता

    खेलकूद प्रतियोगिता के 50 मीटर दौड़ बॉयज वर्ग में माणिक, आदित्य व अर्णव और गल्र्स वर्ग में आरुषि, सोनाली व मन्नत ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि 100 मीटर बॉयज में सूर्यांश, भूपेंद्र व आदित्य, गल्र्स में आरुषि, स्वातिका व तनवी, 200 मीटर बॉयज में माणिक, गोल्डी व सूर्यांश, गल्र्स में सोनाली, महक व सोनाक्षी और 1500 मीटर दौड़ के बॉयज वर्ग में गोल्डी, सूर्यांश व नक्ष और गल्र्स वर्ग में आरुषि, सोनाली व तन्वी ने पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया।

    शॉटपुट बॉयज में वंश पहले, यश दूसरे व नवीन तीसरे, जबकि गल्र्स में भूमिका पहले, सोनाली दूसरे व तान्या तीसरे स्थान पर रही। लांग जंप की बॉयज कैटेगरी में आदित्य, माणिक व सूर्यांश, गल्र्स वर्ग में आरुषि, मन्नत व हर्षिता और हाई जंप बॉयज में आदित्य, सूर्यांश व संदेश, जबकि गल्र्स वर्ग में आरुषि, हर्षिता व मन्नत ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    बॉयज वर्ग में माणिक व सूर्यांश और गल्र्स वर्ग में आरुषि को बेस्ट एथलीट चुना गया। इसके अलावा सोलो सांग में अंशिका चौहान पहले व रीषिका दूसरे स्थान पर रही, जबकि भाषण प्रतियोगिता में आंचल पंवर, जाह्नवी शर्मा व स्वास्तिका अव्वल रही। ग्रुप सांग में जयहर जोन पहले व मानगढ़ जाने दूसरे स्थान पर रहा। लोकनृत्य में जयहर जोन, जबकि अनुशासन की ट्रॉफी नारग जोन के नाम रही।

  • नारग में खेलकूद प्रतियोगिता की सांस्कृतिक संध्या में संजय अत्री ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत

    नारग में खेलकूद प्रतियोगिता की सांस्कृतिक संध्या में संजय अत्री ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत

    HNN/ सराहां

    शिक्षा खंड नारग की 12वीं प्रारंभिक खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता की सांस्कृतिक संध्या में अखिल भारतीय शिक्षक संघ के पूर्व सचिव संजय अत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

    इस अवसर पर नारग के शिक्षकों व बच्चों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने खेलों व सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को हाल ही में सिरमौर ज़िला से भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान बनी ऋतु नेगी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। बच्चों के उत्साह वर्धन के लिए संजय अत्री ने आयोजकों को अपनी ओर से 11 हज़ार रुपए की धनराशि भी प्रदान की।

    इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बीडीसी पच्छाद के उपाध्यक्ष राकेश ठाकुर, सेवानिवृत नायब तहसीलदार हीरा सिंह के साथ साथ खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह, वासनी पंचायत के प्रधान संजीव तोमर, राज्य पीटीएफ के उपाध्यक्ष पत राम पराशर, सह सचिव सतेश शर्मा, ज़िला पीटीएफ के कोषाध्यक्ष नारायण दत्त,नारग पीटीएफ के अध्यक्ष नरवीर सिंह, महासचिव सोम दत्त, प्रभारी हीनू शर्मा, सह प्रभारी अमरपाल भाटिया, महालेखाकार, अंजना सूद, भविन्द्र बाछल, जिया लाल,नरेश शर्मा,अनिल, देव दत्त, राजेन्द्र शर्मा, संदीप, श्याम शर्मा,ओम प्रकाश सुशील शर्मा,विक्रम ठाकुर,सुधीर ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • घिन्नी घाट को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा- हर्षवर्धन चैहान

    घिन्नी घाट को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा- हर्षवर्धन चैहान

    उद्योग मंत्री ने वामन द्वादशी मेला का किया समापन, विजेताओं को पुरस्कार किए वितरित

    HNN/सराहां

    उद्योग एवं संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चैहान जिला सिरमौर के सराहां में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेला के समापन समारोह के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। इस दौरान उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को मेले की बधाई दी और कहा कि मेले व त्यौहार हमारी पहाड़ी संस्कृति जीवंत रूप देते हैं। उन्होंने कहा कि मेले के आयोजन में जन सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। वामन द्वादशी मेला न केवल आपसी मेल-जोल बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी अपनी एक विशेष पहचान रखता है।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू साधारण परिवार से निकल कर आए हैं, जो हमेशा प्रदेश को मॉडल राज्य के रूप में आगे लाने में प्रयासरत हैं। घिन्नी घाट क्षेत्र को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की मांग पर उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि बददी, कालाअंब व पांवटा साहिब औद्योगिक क्षेत्र की तरह पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के घिन्नी घाट को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में पहचान बनेगी व साथ ही हजारों युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध होगा।

    हर्षवर्धन चैहान ने कहा कि आपदा के कारण प्रदेश में 450 से अधिक लोगो की जान गई है तथा 12 हजार करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने प्रदेश में राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा है। परंतु खेद का विषय है कि विपक्षी दलों ने इस प्रस्ताव का समर्थन नही किया।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई आपदा तथा सीमित संसाधनों के बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को थमने नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को 4 साल के कार्यकाल में प्रदेश के विकास की याद नही आई और अंतिम वर्ष में बिना बजट प्रावधान के अनेक संस्थान खोल दिये गए। इन संस्थानों के लिए स्टाफ व भवन का भी कोई प्रावधान नहीं किया गया।

    बिजली विभाग में पिछले कई सालों में मात्र 4 कार्यालय खुले थे, जबकि पूर्व की सरकार ने 34 कार्यालय बिना बजट प्रावधान के ही खोल दिये। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सराहां अस्पताल को 100 बिस्तरों की सुविधा प्रदान कर दी जाएगी तथा कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सराहां के पुराने हो चुके भवन को गिराकर नया भवन बनाया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि वह पूरे प्रदेश के मंत्री है जिस कारण व्यस्तता अधिक बढ़ जाती है। इसके बावजूद भी क्षेत्र के लोग अपनी समस्याओं को लेकर उनके समक्ष कभी भी उपस्थित हो सकते है तथा उनके द्वारा समस्याओं का निराकरण करने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने मेले पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया।

    इस मौके पर सांसद सुरेश कश्यप व विधायक रीना कश्यप ने अपने संबोधन में क्षेत्र के विकास को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश सचिव दयाल प्यारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार आमजन के साथ खड़ी रही है।

    उन्होंने घिन्नी घाट को औद्योगिक क्षेत्र बनाने के साथ विभिन्न मांगों को लेकर मांग पत्र भी सौपा। उद्योग मंत्री ने विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों व स्थानीय लोगों द्वारा लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा मेले के दौरान आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।

    पुरुष वर्ग में आयोजित कुश्ती मुकाबले में गुड़गांव के आशीष ने माली जीती जिसे 51 हजार रुपए तथा उपविजेता दिल्ली के प्रशांत को 31 हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया। महिला कुश्ती में सोनीपत की काजल को प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 हजार तथा दिल्ली की बबीता को 11 हजार का द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।