Category: SHIMLA

Shimla citi from himachal pradesh

  • घर से घास लेने गई महिला का पेड़ से लटका मिला शव

    घर से घास लेने गई महिला का पेड़ से लटका मिला शव

    HNN/ शिमला

    शिमला जिले के नेरवा में घर से घास लेने गई महिला का शव तकरीबन 4 दिन बाद पेड़ से लटका हुआ मिला है। हालांकि, यह हत्या है या आत्महत्या इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भिजवाया है। पुलिस ने मृतक महिला के ससुराल पक्ष और मायके वालों के बयान दर्ज कर लिए हैं और इसी के आधार पर आगामी कार्यवाही अमल में लाई गई है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूजा पत्नी सुरेंद्र निवासी ग्राम शवाला तहसील नेरवा 31 अक्तूबर की सुबह घर से यह कहकर निकली थी कि वह घास लाने जा रही है। जब दोपहर तक भी महिला वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी ढूंढने के बाद भी महिला का कही कुछ पता नहीं चल पाया। जिसके बाद परिजनों ने इस बाबत पुलिस थाना नेरवा को सूचित किया।

    बावजूद इसके महिला का 4 दिनों तक कुछ अता पता नहीं चल पाया। इसी बीच किसी ने महिला का शव पेड़ से लटका हुआ देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया गया। एसडीपीओ चौपाल राजकुमार ने मामले की पुष्टि की है।

  • हिमाचल में आज जयराम ठाकुर सहित योगी आदित्यनाथ और नड्डा की बड़ी रैलियां….

    हिमाचल में आज जयराम ठाकुर सहित योगी आदित्यनाथ और नड्डा की बड़ी रैलियां….

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के चलते आज 3 बड़े नेता राज्य में अपनी चुनावी हुंकार भरेंगे। इनमें भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का नाम शामिल है। यह तीनों ही नेता आज प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और उनमें चुनावी जोश भरेंगे।

    जेपी नड्डा रामपुर और रोहड़ू में, योगी आदित्यनाथ ज्वाली, ज्वालामुखी और घुमारवीं में जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नादौन और बड़सर में आज जनता को संबोधित करने जा रहे है। तीनों ही नेताओं की राज्य में आज तक़रीबन 10 जनसभा होगी। जेपी नड्डा आज रामपुर में पार्टी प्रत्याशी कौल सिंह नेगी जबकि रोहडू में शशिबाला के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।

    वहीँ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी संजय गुलेरिया, ज्वालामुखी में पार्टी प्रत्याशी रविंद्र रवि जबकि घुमारवीं विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। उधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज नादौन और बड़सर में 2 जनसभाएं करेंगे।

  • सरोग स्कूल में एनएसएस शिविर आरंभ, स्वयंसेवी सीखेंगे समाज सेवा के गुर

    सरोग स्कूल में एनएसएस शिविर आरंभ, स्वयंसेवी सीखेंगे समाज सेवा के गुर

    HNN /शिमला

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरोग में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का वीरवार को प्रधानाचार्य बनवारी लाल ने विधिवत शुंभारंभ किया। स्वयं सेवियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य ने कहा कि एनएसएस के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, कर्तव्यपरायणता, आत्मविश्वास, नेतृत्व और समाज सेवा की भावना उत्पन्न होती है जोकि विद्यार्थियों को अपने जीवन लक्ष्य को हासिल करने में सार्थक सिद्ध होती है।

    इस मौके पर आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डाॅ. शैलजा ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर एनएसएस के स्वयंसेवियों को जानकारी दी। एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी मुंशी राम और उर्वशी खागटा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और एक सप्ताह तक चलने वाले शिविर की गतिविधियों बारे विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर स्वयं सेवियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया ।

  • विस चुनावों के लिए सीपीआई (एम) ने जारी किया घोषणा पत्र, आउटसोर्स-पार्ट टाइम कर्मचारियों को…

    विस चुनावों के लिए सीपीआई (एम) ने जारी किया घोषणा पत्र, आउटसोर्स-पार्ट टाइम कर्मचारियों को…

    HNN / शिमला

    भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी सीपीआई (एम) ने आज हिमाचल विस चुनावों के लिए घोषणा पत्र जारी कर दिया है। घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन बहाल करना, आउटसोर्स, पार्ट टाइम कर्मचारियों को नियमित करना, मजदूरों का न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये किए जाने का वादा किया गया है।

    इसके अलावा नई शिक्षा नीति रद्द कर फीस बढ़ोतरी वापस करना, भूमिहीन व गरीब किसान को पांच बीघा जमीन मुफ्त दिलाना, युवाओं को प्रतिमाह 3000 रुपये बेरोजगारी भत्ता देना, पानी व अन्य सेवाओं के निजीकरण को रोकना और कृषि व बागवानी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू करना जैसे वादे किए गए हैं।

    वही, भाजपा का चुनाव घोषणापत्र 4 नवंबर यानि कल जारी होगा। इसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दोपहर बाद ढाई बजे पीटरहॉफ शिमला में लांच करेंगे। तो, कांग्रेस 5 नवंबर को घोषणापत्र जारी करेगी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस के नेता घोषणापत्र जारी करेंगे।

  • आईजीएमसी में चोर गिरोह सक्रिय, जेब से पर्स निकालते रंगे हाथों पकड़ा..

    आईजीएमसी में चोर गिरोह सक्रिय, जेब से पर्स निकालते रंगे हाथों पकड़ा..

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी शिमला में इन दिनों चोर गिरोह पूरी तरह से सक्रिय है। आलम यह है कि यह शातिर दिनदहाड़े ही लोगों की जेब साफ करने में लगे हुए हैं। चोर गिरोह आए दिन यहां मरीजों और तीमारदारों की जेबों पर हाथ साफ करने में लगे हुए हैं। आईजीएमसी शिमला में सुबह के वक्त भी एक चोर व्यक्ति की जेब से पर्स निकालता हुआ रंगे हाथों दबोच लिया गया।

    पीड़ित व्यक्ति के पर्स में सात हजार के करीब राशि मौजूद थी। आरोपी जिला मंडी निवासी बताया जा रहा है जिसका नाम प्रकाश है। वहीँ, सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और चोर को काबू करते हुए उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 379 के तहत केस दर्ज किया। कुल्लू निवासी त्रिलोक चंद ने सदर थाने को दी गई शिकायत में बताया कि वह आईजीएमसी में सुबह पर्ची बनाने के लिए लाइन में खड़ा हुआ था और उसके पीछे एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।

    इस दौरान अचानक उसे अहसास हुआ कि कोई उसकी पेंट की जेब से पर्स निकालने का प्रयास कर रहा है। जब उसने पीछे मुड़कर देखा तो वह हैरान रह गया। उसने देखा कि एक व्यक्ति ने उसकी जेब से पर्स निकाला था और वह फरार होने की फिराक में था। परंतु इससे पहले ही उसने उसे दबोच लिया जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

  • Himachal Assembly Election: मतदान में खलल डाल सकता है मौसम, यहां बर्फबारी से बढ़ सकती है….

    Himachal Assembly Election: मतदान में खलल डाल सकता है मौसम, यहां बर्फबारी से बढ़ सकती है….

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर 12 नवंबर को मतदान होने जा रहा है। इसी बीच आगामी दिनों के दौरान प्रदेश में मौसम के भी खराब बना रहने की संभावना जताई है। ऐसे में मतदान के बीच मतदाताओं को मौसम की बेरुखी का सामना करना पड़ सकता है। खास तौर पर प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। बता दे, प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नवंबर माह में भारी बर्फबारी का क्रम शुरू हो जाता है।

    आलम यह रहता है कि लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में भारी बर्फबारी के बीच मतदान केंद्रों तक पहुंचना पोलिंग पार्टियों सहित मतदाताओं के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। खासतौर पर हिमाचल प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्र लाहौल-स्‍पीति, भरमौर व किन्‍नौर बर्फबारी के कारण सबसे ज्‍यादा प्रभावित होते हैं। यहां बर्फबारी के कारण सड़के बंद हो जाती हैं तो ठिठुरन इतनी बढ़ जाती है कि लोग घर से बाहर तक नहीं निकल पाते है।

    विधानसभा क्षेत्र लाहौल-स्पीति की बात करें तो यहाँ विधानसभा चुनाव के लिए 1998 में चुनाव आयोग को भारी बर्फ़बारी के कारण तिथि बदलनी पड़ी थी। स्पीति के अधिकतर मतदान केंद्र 12 हजार फीट की ऊंचाई पर हैं जहाँ भारी बर्फबारी होती है। हालाँकि, चुनाव आयोग ने इसको लेकर विशेष तैयारियां की हैं, जिसमें एयर टैक्‍सी से लेकर जेसीबी मशीनरी का विकल्‍प रखा गया है।

  • विधानसभा चुनाव के चलते पुलिस विभाग अलर्ट, अब तक इतने करोड़ की…

    विधानसभा चुनाव के चलते पुलिस विभाग अलर्ट, अब तक इतने करोड़ की…

    HNN / शिमला

    हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के चलते पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर है। ऐसे में पुलिस द्वारा जगह-जगह नाकाबंदी कर बाहर से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही नशा तस्करों और अवैध शराब का धंधा करने वालों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।

    बता दें कि विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू है। इसके बावजूद भी कुछ लोगों से जहां अवैध शराब बरामद हो रही है तो वहीं, भारी मात्रा में नकदी भी बरामद हो रही है। पुलिस विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर की गई नाकाबंदी के दौरान बुधवार को 8 लाख 11 हजार पांच सौ रुपए की नकदी जबकि लगभग 1,66, 535 रुपए मूल्य की 1095.800 लीटर अवैध अंग्रेजी एवं देशी शराब तथा बीयर जब्त की गई है।

    इतना ही नही आयकर विभाग द्वारा भी नाकाबंदी के दौरान दो करोड़ 51 लाख 6 हजार 7 सौ रुपए की नकदी तथा 3 करोड़ 6 लाख 66 हजार 13 रुपए मूल्य का सोना जब्त किया गया हैं। अब तक विभिन्न विभागों द्वारा कुल 28 करोड़ 19 लाख 48 हज़ार 283 रुपए मूल्य की अवैध शराब, नकदी, नशीले पदार्थ जब्त किए गए है , साथ ही जुर्माना भी लगाया गया है।

  • शिलाई से प्रदेश कांग्रेस सचिव दलीप और आनी ब्लॉक से पंकज को पार्टी से किया निष्कासित

    शिलाई से प्रदेश कांग्रेस सचिव दलीप और आनी ब्लॉक से पंकज को पार्टी से किया निष्कासित

    HNN/ शिमला

    अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी सांसद राजीव शुक्ला के अनुमोदन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पार्टी नेताओं को आगामी छह साल के लिये पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

    पार्टी से बाहर किये गए नेताओं में जिला सिरमौर के शिलाई ब्लॉक से प्रदेश कांग्रेस सचिव दलीप सिंह चौहान तथा जिला कुल्लू के आनी ब्लॉक से पंकज परमार को पार्टी से छह सालों के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

    बता दे कि, शिलाई ब्लॉक से प्रदेश कांग्रेस सचिव दलीप सिंह चौहान और आनी ब्लॉक से पंकज परमार पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप लगे है। ऐसे में कांग्रेस ने कार्यवाही करते हुए दोनों को ही पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

  • नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए गुड न्यूज, भरें जाएंगे 893 पद

    नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए गुड न्यूज, भरें जाएंगे 893 पद

    HNN/ शिमला

    नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल प्रदेश अनइंप्लॉयड सर्विस सिलेक्शन आउटसोर्सिंग एजेंसी शिमला ने विभिन्न श्रेणियों के (893) पदों को भरने के लिए प्रदेश के उम्मीदवारों से ऑनलाइन माध्यम द्वारा आवेदन पत्र आमंत्रित किए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2022 निर्धारित की गई है। आवेदन की तिथि बढ़ाई नहीं जाएगी।

    एजेंसी की सचिव गरिमा शर्मा ने बताया कि प्रदेश के इच्छुक महिला व पुरुष उम्मीदवार अपना आवेदन पदनाम सहित, साधारण एप्लीकेशन सहित, अपना बायोडाटा फोन नंबर सहित, आधार कार्ड, पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र लेटेस्ट, शैक्षणिक योग्यता की मूल प्रमाण पत्र की छाया प्रति, हिमाचली बोनाफाइड , रोजगार कार्यालय पहचान पत्र, पीडीएफ फाइल बनाकर एजेंसी के व्हाट्सएप नंबर 62309-06536 पर अपना आवेदन निर्धारित तिथि तक भेज सकते हैं।

    यह पद भरें जाएंगे
    विभिन्न श्रेणियों में क्लर्क, (जूनियर ऑफिस असिस्टेंट) सुरक्षा गार्ड, सुरक्षा सुपरवाइजर, सुरक्षा हैडगार्ड, टीम मैनेजर, ब्रांच मैनेजर, टेलीकॉलर फीमेल, बैंक ईएमआई रिकवरी एग्जीक्यूटिव, ऑफिस कोऑर्डिनेटर फीमेल, आईटीआई इलेक्ट्रिशियन/ इलेक्ट्रिकल, आईटीआई मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटीआई फिटर, आईटीआई मैकेनिकल, आईटीआई टर्नर, आईटीआई प्लंबर, आईटीआई वेल्डर, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा ऑल ट्रेड, सिविल इंजीनियर,प्लेसमेंट अधिकारी, फॉर्म सेल्स एग्जीक्यूटिव, डिलीवरी एग्जीक्यूटिव , सिक्योरिटी ऑफिसर (एसओ) , बैंक रिलेशनशिप मैनेजर, स्टाफ नर्स एएनएम, स्टाफ नर्स जीएनएम, जनरल वर्कर हेल्पर , पेट्रोल पंप अटेंडेंट, जूनियर इंजीनियर, सीनियर असिस्टेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, अकाउंटेंट फीमेल, बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर, एरिया सुपरवाइजर, ड्राइवर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस मैनेजर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव , टाइमकीपर, डिस्टिक कोऑर्डिनेटर, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, बैंक रिकवरी मैनेजर, ब्रांच चीफ एग्जीक्यूटिव, लैब टेक्नीशियन , आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट, स्टोर एंड लॉजिस्टिक मैनेजर, एचआर अधिकारी, मीटर रीडर एग्जीक्यूटिव, एलआईसी एजेंट, जूनियर कार्यालय सहायक, असिस्टेंट मैनेजर , सिक्योरिटी असिस्टेंट, पीएन कम चौकीदार के पदों को भरने के लिए अधिसूचना जारी की गई है।

    उन्होंने बताया कि यह सभी पद 2 वर्ष के अनुबंध आधार पर भरे जाएंगे, जिन्हें प्रतिवर्ष रिन्यूएबल किया जाएगा। इन पदों के लिए उम्मीदवार की आयु सीमा 18 वर्ष से लेकर 45 वर्ष तक निर्धारित की गई है, अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष तक की छूट का प्रावधान है। उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा एवं मौखिक/ इंटरव्यू के द्वारा ही किया जाएगा। सभी पदों की लिखित/ छटनी परीक्षा में हिमाचल सामान्य ज्ञान, एवरीडे साइंस, जनरल साइंस, जनरल इंग्लिश, जनरल हिंदी, गणित ,कंप्यूटर न्यूमेरिकल एटीट्यूट, समाजशास्त्र विषय से संबंधित ऑब्जेक्टिव टाइप एमसीक्यू (150) प्रश्न पूछे जाएंगे।

    जबकि इंटरव्यू (25) क्रमांक का होगा। इन सभी पदों की लिखित/छटनी परीक्षा 20 नवंबर 2022 को उम्मीदवारों के व्हाट्सएप नंबर पर ली जाएगी। उम्मीदवारों को इनरोलमेंट नंबर व्हाट्सएप पर ऑनलाइन ही जारी किए जाएंगे। लिखित परीक्षा का परिणाम 22 दिसंबर 2022 को ऑफिशियल/ अधिकारिक वेबसाइट www.hpussa.in एवं दैनिक समाचार पत्रों में घोषित किया जाएगा। एजेंसी द्वारा चयनित उम्मीदवारों का मासिक वेतनमान ग्रेड -पे राज्य सरकार के न्यूनतम वेतन अधिनियम एक्ट एवं पॉलिसी एक्ट के तहत 11560 रूपए पे-बैंड से लेकर 32740 रूपए जीपी-ग्रेड-पे तक मिलेगा।

    इसके अलावा जनरल प्रोविडेंट फंड, पीएफ, ईएसआई ,मेडिकल इंश्योरेंस, प्रमोशन, महंगाई भत्ता, इंसेंटिव, वेतनवृद्धि, बोनस , एवं राज्य सरकार के सभी गजेटेड अवकाश की सुविधा भी मिलेगी। आवेदन शुल्क (GST ACT) में सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के वर्गों की कैटेगरी जनरल ,एससी, एसटी, ओबीसी, फ्रीडम फाइटर, स्वतंत्रता सेनानी, एपीएल, बीपीएल, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्गों के लिए आवेदन शुल्क 1870 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है, जो कि नॉन रिफंडेबल रहेगा। इन सभी पदों के लिए उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, एमबीए मार्केटिंग / फाइनेंस, बीएससी बीएड, एमएससी साइंस, बीसीए, डीसीए, पीजीडीसीए, एमसीए , बीबीए, बीटेक, एमटेक, बीकॉम, एमकॉम, होना अनिवार्य किया गया है।

    यह तमाम भर्ती प्रक्रिया दिसंबर माह के अंत में पूरी कर ली जाएगी। प्रदेश में आचार संहिता समाप्त होने के बाद दिसंबर के अंत में सभी चयनित/ नियुक्त उम्मीदवारों को तत्काल प्रभाव में जॉइनिंग दे दी जाएगी। उम्मीदवार अधिकतर जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01907-292034 एवं (एचआर) अधिकारियों के मोबाइल नंबर 94181-39918, 94184-17434 पर संपर्क कर सकते हैं।

  • Himachal Weather: हिमाचल में करवट लेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी की संभावना

    Himachal Weather: हिमाचल में करवट लेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी की संभावना

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर से करवट बदलने वाला है। इस दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश तो पहाड़ियों पर बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग केंद्र शिमला द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के तहत, हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण बारिश की संभावना है। बारिश के साथ जनजातीय जिलों में बर्फबारी का दौर भी शुरू हो सकता है।

    मौसम विशेषज्ञों का कहना है पांच नवंबर से प्रदेश में बादल उमड़ेंगे और यह क्रम सात नवंबर तक जारी रहेगा। ऐसे में 5 और 6 नवंबर को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल-स्पीति सहित चंबा, मंडी, कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में बारिश होने की संभावना है।