HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत आबकारी विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड़ पर है तथा आए दिन जगह-जगह छापेमारी कर शराब माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। आबकारी विभाग प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जगह-जगह दबिश देकर शराब माफियाओं की कमर तोड़ रहा है। बता दे, प्रदेश में 14 अक्तूबर, 2022 को आदर्श आचार संहिता लागू की गई थी। तब से लेकर आबकारी विभाग शराब माफियाओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्यवाही कर रहा है।
इसी का नतीजा है कि अब तक विभाग द्वारा करोड़ों रुपए की कीमत की अवैध शराब को कब्जे में लिया गया है। अब तक करीब 6 लाख लीटर अवैध शराब पकड़ी जा चुकी है। विभाग द्वारा यह कार्यवाही प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई है। इस दौरान घरों, दुकानों, गोदामों सहित वाहनों से अवैध शराब पकड़ी गई है जिसकी कीमत करीब 9 करोड़ से भी अधिक आंकी गई है। वहीं राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त यूनुस ने बताया कि शराब माफियाओं पर विभाग की कार्यवाही लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि अभी तक करोड़ों रुपए की शराब पकड़ी जा चुकी है।









