Category: SOLAN

  • संविधान दिवस के अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई अनुपालना की शपथ

    संविधान दिवस के अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई अनुपालना की शपथ

    HNN / सोलन

    संविधान दिवस के अवसर पर आज सोलन स्थित लघु सचिवालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की अनुपालना की शपथ दिलाई गई। सहायक आयुक्त उपायुक्त संजय कुमार स्वरूप ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की अनुपालना की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संविधान की अनुपालना हम सभी का कर्तव्य है।

    उन्होंने सभी से आग्रह किया कि संविधान के अनुसार नियम पालन करें और देश तथा प्रदेश के विकास में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान भारत का सर्वोच्च विधान है जो संविधान सभा द्वारा 26 जनवरी, 1949 को पारित हुआ और 26 जनवरी, 1950 को लागू हुआ। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की आत्मा है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

  • ठंड बढ़ने के साथ ही डेंगू के मामलों में आई गिरावट

    ठंड बढ़ने के साथ ही डेंगू के मामलों में आई गिरावट

    HNN / सोलन

    हिमाचल प्रदेश में जैसे-जैसे ठंड बढ़ने लगी है, वैसे ही डेंगू के मामले भी घटने शुरू हो गए हैं। बीते कुछ दिनों से डेंगू के मामले कम सामने देखने को मिल रहे हैं। तो वहीं बीते सप्ताह डेंगू के मामलों ने कहर मचाया हुआ था। 20 से 22 मामले रोजाना अस्पतालों में टेस्ट के दौरान सामने आ रहे थे।

    डेंगू के बढ़ते मामलों के चलते ओपीडी भी मरीजों से भरी रहती थी। जिसके चलते जिला में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 2415 तक पहुंच गया। लेकिन अब ओपीडी घटकर 100 के करीब पहुंच गई है। डेंगू के मामले कम होने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की चिंता खत्म नहीं हुई है। जिला सोलन में अब वायरल फीवर के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं।

    अस्पताल में ज्यादातर शुष्क ठंड की चपेट में आने के बाद सर्दी जुखाम और बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। उधर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवाड़ ने बताया कि जिले में पहले के मुकाबले अब डेंगू के मामले काफी कम हैं, जो राहत की बात है।

  • ऐक्सिस बैंक सोलन द्वारा राष्ट्रव्यापी संघन जागरूकता अभियान आयोजित

    ऐक्सिस बैंक सोलन द्वारा राष्ट्रव्यापी संघन जागरूकता अभियान आयोजित

    HNN/ सोलन

    भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार जिला सोलन में ऐक्सिस बैंक सोलन द्वारा राष्ट्रव्यापी संघन जागरूकता अभियान के तहत सोलन के एक निजी होटल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम ज़िला अग्रणी प्रबंधक यूको बैंक आर के बाली की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में ग्राहक शिकायत निवारण ग्राहक अधिकार एवं सुरक्षित बैंकिंग के प्रथाओं पर जागरूकता अभियान में सोलन एवं क्षेत्र से लगभग 90 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

    कार्यक्रम में ऑनलाइन बैंकिंग से होने वाले विभिन्न तरह के फ्राॅड के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जिला अग्रणी प्रबंधक ने बताया कि आरबीआई द्वारा ज़िला सोलन में विभिन्न बैंकों के माध्यम से 01 नवंबर से 30 नवंबर तक राष्ट्रव्यापी संघन जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से ग्राहकों को उनके आंतरिक शिकायत निवारण एवं अधिकार सुरक्षित बैंकिंग के प्रणाली की जानकारी प्रदान की जाएगी।

    शाखा प्रबंधक राहुल शर्मा व प्रदीप मथानिया ने बताया कि भारत सरकार की विभिन्न योजनाएं बैंक समय-समय पर ग्राहक को प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन ग्राहकों के साथ हो रही धोखाधड़ी एवं फ्राॅड से बचने के लिए ग्राहक को जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जाॅब पोर्टल के माध्यम से लोगों की धनराशि को टारगेट कर फसाया जा रहा।

    उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को बताया कि झूठी ऐप के माध्यम से घर बैठे जाॅब इत्यादि के ऑफर के झांसे में आकर ऑनलाइन कार्यवाही से बचें। उन्होंने बताया कि अब लगातार अवैध तरीके से यूपीआई की आईडी की तरह इस्तेमाल कर ग्राहक को बेवकूफ बनाया जा रहा है। ग्राहक सस्ते सामान के लालच में ऑनलाइन पेमेंट फ्रॉड का शिकार होते हैं।

  • मशहूर लेखक सलमान रुश्दी के बंगले में तोड़फोड़, जाँच में जुटी पुलिस

    मशहूर लेखक सलमान रुश्दी के बंगले में तोड़फोड़, जाँच में जुटी पुलिस

    HNN / सोलन

    भारतीय मूल के मशहूर लेखक सलमान रुश्दी की सोलन स्थित संपत्ति अनीस विला में कुछ लोगों द्वारा तोड़फोड़ की गई। इसे लेकर राजेश त्रिपाठी ने पुलिस को शिकायत पत्र दिया है। राजेश त्रिपाठी पावर ऑफ अटॉर्नी है जोकि सलमान रुश्दी की प्रॉपर्टी की देखभाल कर रहा है।

    राजेश त्रिपाठी ने बताया कि रानी शंकर दास व उनके बेटे अनिरुद्ध शंकरदास उनके साथ अनीस विला में मौजूद थे। इसी दौरान गोविंद राम ने अपने पुत्र व अन्य कुछ लोगों के साथ गैर कानूनी तरीके से अनीस विला में प्रवेश किया। उन्होंने दो दरवाजों के ताले, कमरे की चिटकनी व शीशा तोडा।

    जब उनको रोकने की कोशिश की गई तो गोविंद राम, उसके पुत्र व अन्य लोगों ने उनसे गाली गलौज की और धमकाया। साथ ही जान से मारने की धमकियां दी। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन अजय कुमार राणा ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद छानबीन शुरू कर दी है।

  • ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण, दिए यह दिशा-निर्देश…

    ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण, दिए यह दिशा-निर्देश…

    HNN / सोलन

    ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने अर्की स्थित स्ट्रांग रूम का औचक निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई.वी.एम और वी.वी.पैट मशीनों की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम में सुरक्षा के पुक्ता इतज़ाम किए गए है। उन्होंने कहा कि परिसर के भीतर किसी को भी प्रवेश करने की अनुमति नहीं है।

    ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्ट्रांग रूम को 24 घण्टें सुरक्षा प्रदान करने के लिए त्री-स्तरीय सुरक्षा उपलब्ध करवाई गई है जिसमें सुरक्षा के मुख्य घेरे में केन्द्र सशस्त्र पुलिस बल, दूसरे घेरे में हिमाचल प्रदेश की शस्त्रों से लैस पुलिस बल तथा तीसरे घेरे में ज़िला पुलिस बल तैनात किए गए हैं। स्टांग रूम की निगरानी के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए है।

    इसके अतिरिक्त उन्होंने अपने प्रवास के दौरान बातल तथा शालाघाट में उचित मूल्य की दुकानों का भी औचक निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश दिए।

  • शुष्क ठंड से जुखाम-बुखार की चपेट में आए लोग, अस्पतालों में मरीजों की लगी भीड़

    शुष्क ठंड से जुखाम-बुखार की चपेट में आए लोग, अस्पतालों में मरीजों की लगी भीड़

    HNN/ सोलन

    जिला में एक तरफ जहां डेंगू ने कहर ढाया हुआ है तो वहीं दूसरी तरफ मौसम में आ रहे बदलाव के कारण लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। शुष्क ठंड के कारण लोग बीमार हो रहे हैं जो कि अस्पतालों में उपचार करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। आलम यह है कि इन दिनों जिला के अस्पतालों में मरीजों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई है।

    मरीजों को चिकित्सकों से अपनी जांच करवाने के लिए घंटों तक लंबी-लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। बता दें कि जिला भर में एक तरफ जहां शुष्क ठंड ने लोगों की चिंता बढ़ाई हुई है तो वही रात के समय तापमान भी लगातार गिरता जा रहा है जिससे लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल में रोजाना 250 मरीज पहुँच रहे है। एक सप्ताह में वायरल बुखार, सर्दी, जुकाम और खांसी से पीड़ित 500 मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंच चुके हैं।

    उधर, डॉ. कमल अटवाल ने कहा कि शुष्क ठंड में लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे है। इस मौसम में सर्दी-जुकाम, शरीर में दर्द, खांसी, जोड़ो में दर्द, गले में दर्द और सिर दर्द भी होने लगता है। उन्होंने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि वह शुष्क ठंड में अपना ध्यान रखें और एहतियात बरतें। खासतौर पर बच्चों का विशेष रूप से ध्यान रखें क्योंकि छोटे बच्चे सर्दी-जुखाम की चपेट में जल्दी आते हैं।

  • जिला की अदालतों में सड़क दुर्घटना के इतने मामले लंबित, अधिकतर गवाहों व…

    जिला की अदालतों में सड़क दुर्घटना के इतने मामले लंबित, अधिकतर गवाहों व…

    HNN / सोलन

    जिला सोलन की विभिन्न अदालतों में सड़क दुर्घटनाओं के तकरीबन 1068 मामले लंबित पड़े हुए हैं। इनमें ज्यादातर मामले गवाहों व इंश्योरेंस कंपनियों की वजह से लंबित है। हालांकि अब सड़क दुर्घटना के तकनीकी जांच के लिए ट्रैफिक पुलिस सोलन में एक मकैनिक तैनात कर रखा है। ऐसे में यदि कोई भी सड़क दुर्घटना होती है तो उसके बाद वाहन का स्टीयरिंग, पावर ब्रेक की जांच की जाती है।

    यदि वाहन के यह दोनों हिस्से सही पाए जाते हैं तो सड़क दुर्घटना की वजह चालक की लापरवाही मानी जाती है। इसके चंद घंटों में ही मैकेनिक वाहन की फिटनेस रिपोर्ट दे देता है। ज्यादातर वाहन दुर्घटनाओं के मामले तेज रफ्तार और नशे की हालत में वाहन चलाने के चलते पेश आते हैं। उधर, जिला एडवोकेट का कहना है कि दुर्घटना में दो प्रकार के मामले अदालत में दर्ज होते हैं।

    पहला तो चालक के खिलाफ अपराधिक मामला, जो आईपीसी 279 में दर्ज किया जाता है तथा दूसरा वाहन अधिनियम 166 के तहत होता है जिसमें इंश्योरेंस कंपनी से क्लेम के लिए दर्ज किया जाता है। ऐसे में चालक के खिलाफ अपराधिक मामले गवाहों की कमी के कारण लटक जाते हैं।

  • एसआईयू टीम ने गाड़ी से पकड़ी हेरोइन, हिरासत में लिए दो आरोपी

    एसआईयू टीम ने गाड़ी से पकड़ी हेरोइन, हिरासत में लिए दो आरोपी

    HNN/ सोलन

    जिला में पुलिस की एसआईयू टीम ने हेरोइन की खेप सहित गाड़ी सवार दो तस्करों को काबू किया है। आरोपियों की शिनाख्त हरिंदर मांटा (36 वर्ष) और निशु (29 वर्ष) के रूप में हुई है जिनके खिलाफ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम ने बड़ोग के पास नगाली में नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक गाड़ी में नशे की खेप हो सकती है। इस दौरान टीम ने जब एक गाड़ी को जांच के लिए रुकवाया गया तो उसमें सवार दो तस्करों से हेरोइन बरामद हुई जो कि 150.34 ग्राम पाई गई।

  • बिगड़ैल वाहन चालकों को पुलिस ने सिखाया कड़ा सबक, मोटर वाहन अधिनियम के तहत…

    बिगड़ैल वाहन चालकों को पुलिस ने सिखाया कड़ा सबक, मोटर वाहन अधिनियम के तहत…

    HNN / सोलन

    सोलन पुलिस ने रविवार को वाहन चालकों पर शिकंजा कसते हुए तकरीबन 159 चालान किए। पुलिस की इस कार्यवाही से नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। दरअसल, जिला पुलिस ने नाका लगाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 159 चालान किए और मौके पर 11,500 रुपए जुर्माना वसूला है।

    बता दें कि इनमें शराब पीकर वाहन चलाने पर 3, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के दो, वाहन चलाते वक्त मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर एक और बिना हेलमेट के 28, बिना सीट बेल्ट के 8 व अन्य 100 चालान किए। इस दौरान पुलिस ने कुछ वाहन चालकों को नियमों का पाठ भी पढ़ाया। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान करने पर पुलिस ने 9 चालान कर 900 रूपये जुर्माना वसूला।

    उधर, पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सोलन वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करने वाले वाहन चालकों को पुलिस द्वारा बार-बार हिदायत दी जा रही थी। लेकिन उसके बाद भी कुछ वाहन चालक सरपट सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे थे, और नियमो की अनदेखी कर रहे थे। जिसके चलते पुलिस द्वारा यह कड़ी कार्यवाही अमल में लाई गई।

  • पंजाब रोडवेज की बस में सवार व्यक्ति को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कब्जे से बरामद हुई….

    पंजाब रोडवेज की बस में सवार व्यक्ति को पुलिस ने किया गिरफ्तार, कब्जे से बरामद हुई….

    HNN / सोलन

    जिला सोलन में पुलिस ने पंजाब रोडवेज की बस में सवार एक व्यक्ति के कब्जे से नशे की खेप बरामद की है। आरोपी की पहचान अमर निवासी कपूर कोटेज, हरिनगर बालूगंज शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

    जानकारी के अनुसार पुलिस टीम परवाणू से धर्मपुर की तरफ जाने वाले सभी वाहनों की तलाशी ले रही थी। इस दौरान उन्होंने पंजाब रोडवेज बस (PB05AP5350) को तलाशी के लिए रुकवाया। जब बस में सवार सभी यात्रियों की तलाशी ली जा रही थी, तो उसमें बैठे शिमला के व्यक्ति से पुलिस ने 2 ग्राम चिट्टा बरामद किया।

    पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है कि वह यह चिट्टे की खेप कहां से लेकर आया था और इसे कहां सप्लाई करने वाला था। ‌