Category: Rajghar

  • राजकीय माध्यमिक विद्यालय गुसान में वार्षिक समारोह उत्साह से सम्पन्न

    राजकीय माध्यमिक विद्यालय गुसान में वार्षिक समारोह उत्साह से सम्पन्न

    इन बड़े होनहार और मेधावी विद्यार्थियों को किया गया पुरष्कृत

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ राजगढ़ (सिरमौर)।

    राजगढ़ क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक विद्यालय गुसान में सोमवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी ओमप्रकाश जी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

    उन्होंने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाते हुए, विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन हेतु अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपये की नकद राशि भी भेंट की।कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत के साथ हुआ।

    इसके पश्चात, विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक शिक्षाप्रद नाटकों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। बच्चों ने अपने नाटकों के माध्यम से समाज को सार्थक संदेश दिए,

    जिनमें रामायण, नशे के दुष्परिणाम, और मोबाइल की लत जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया था। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान, विद्यार्थियों ने पहाड़ी संस्कृति पर आधारित मनमोहक गीत और नृत्य प्रस्तुत किए,

    जिसने सभी उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा और सभी अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की।

    कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सत्र 2024-25 के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान रहा।

    इस दौरान कक्षा अनुसार प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 8वीं से अनमोल, 7वीं से अरमान, 6ठी से कृतिका, 5वीं से आकर्ष, 4थी से लक्ष्य, 3री से दिव्यांशी, 2री से अनिका, और कक्षा 1ली से अंश शामिल रहे।

    द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी मुख्य अतिथि ओमप्रकाश जी ने पुरस्कार वितरित किए। पुरस्कार वितरण केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक ही सीमित नहीं रहा; उन विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिनकी हाजिरी पूरे सत्र में सर्वाधिक रही।

    विद्यालय परिवार ने बताया कि यह सम्मान बच्चों को अनुशासन और नियमितता के लिए प्रेरित करता है।समारोह के समापन पर, मुख्य अतिथि ओमप्रकाश जी ने विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अच्छे संस्कार और प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।

    अंत में, विद्यालय के प्रधानाचार्य और स्टाफ ने मुख्य अतिथि तथा सभी अभिभावकों का धन्यवाद किया और विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना के साथ समारोह का समापन किया। इस अवसर पर सभी अभिभावकों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।

  • राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा सिरमौर का नन्हा चिराग

    राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा सिरमौर का नन्हा चिराग

    कबड्डी की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लेगा हिस्सा

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ राजगढ़(सिरमौर)।

    सिरमौर जिला और राजगढ़ क्षेत्र के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है। राजगढ़ स्थित शंकर विद्या निकेतन के छात्र चिराग शर्मा का अंडर-14 छात्र वर्ग की कब्बडी राष्ट्रीय स्तरीय स्पर्धा के लिए चयन हो गया है।

    चिराग शर्मा का यह चयन न केवल उनके स्कूल के लिए बल्कि पूरे राजगढ़ क्षेत्र के लिए खुशी और सम्मान की बात है।स्कूल प्रबंधन ने बताया कि चिराग शर्मा अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

    उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए स्कूल अध्यक्ष वैभव शर्मा ने चिराग शर्मा को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रदान कीं।

    चिराग के राष्ट्रीय स्तर पर चयन की खबर से उनके पिता राजेंद्र कुमार और माता रीना शर्मा सहित पूरे परिवार और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।स्कूल के अध्यक्ष वैभव शर्मा ने इस दौरान चयन प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारियों और प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

    उन्होंने चयनकर्ता एडीपीओ सिरमौर कब्बडी कन्वीनर वीर सिंह ठाकुर, शारीरिक शिक्षक सुरेन्द्र शर्मा, टेक्निकल स्पोर्ट डायरेक्टर एलिमेंट्री हिमाचल प्रदेश कब्बडी कोच पूरन ठाकुर और राकेश कुमार का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने इस बड़ी उपलब्धि का पूरा श्रेय स्कूल के समस्त अध्यापकों के अथक प्रयास और मार्गदर्शन को भी दिया।

  • डिग्री कॉलेज राजगढ़ में नशा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    डिग्री कॉलेज राजगढ़ में नशा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    नारा लेखन में अंजना और पोस्टर मेकिंग में सुहानी ने झटका प्रथम स्थान

    ​हिमाचल नाऊ न्यूज़ राजगढ़:

    राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में एंटी ड्रग एवं ड्रग डी-एडिक्शन क्लब, हेल्थ एवं योग क्लब, रेड रिबन क्लब तथा प्रहरी क्लब के संयुक्त तत्वाधान में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पोस्टर मेकिंग और स्लोगन राइटिंग (नारा लेखन) प्रतियोगिताएं करवाई गईं।

    ​प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे: नारा लेखन प्रतियोगिता में अंजना चौहान ने प्रथम, संचित शर्मा ने द्वितीय और हिमांशी ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में सुहानी वर्मा ने प्रथम, मिताली कौशल ने द्वितीय और पीयूष कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    ​इस मौके पर ब्लॉक हेल्थ कोऑर्डिनेटर एम. के. कौशल और पुलिस विभाग से कुलवंत सिंह ने छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जागरूक किया और उन्हें स्वच्छ तथा स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

    ​कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र वर्मा ने छात्रों से अपील की कि वे नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहें और अपने जीवन में लक्ष्य प्राप्ति पर ध्यान केंद्रित करें। कार्यक्रम के अंत में डॉ. शिव भारद्वाज ने कार्यक्रम में आए सभी महानुभावों का धन्यवाद किया।

    इस जागरूकता कार्यक्रम में डॉ. नरेंद्र ठाकुर, डॉ. शशि किरण, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. गीतिका ठाकुर, डॉ. पंकज शर्मा, प्रो. विनोद कुमार, प्रो. महिमा तथा प्रो. पूनम आदि प्राध्यापक भी मौजूद रहे।

  • राजगढ़ की डिंबर पंचायत में लंगर भवन के लिए विधायक रीना कश्यप ने तीन लाख रुपए देने की घोषणा

    राजगढ़ की डिंबर पंचायत में लंगर भवन के लिए विधायक रीना कश्यप ने तीन लाख रुपए देने की घोषणा

    जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल की डिंबर पंचायत में तीन दिवसीय चौकी मेले के समापन समारोह में विधायक रीना कश्यप मुख्य अतिथि रहीं। इस दौरान उन्होंने लंगर भवन, मेला कमेटी और जेठा स्थान के लिए धनराशि देने की घोषणा की।

    राजगढ़।

    चौकी मेले के समापन समारोह में पहुंचीं विधायक रीना कश्यप
    राजगढ़ उपमंडल की डिंबर पंचायत में आयोजित तीन दिवसीय चौकी मेला रविवार को संपन्न हुआ। समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि विधायक रीना कश्यप ने शिरकत की। इस अवसर पर खेलकूद प्रतियोगिता के साथ दंगल का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

    लंगर भवन और मेला कमेटी को मिली सहायता राशि
    जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक रीना कश्यप ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं की भूमि है और चौकी का यह मेला झंडा जी के नाम से वर्षों से परंपरागत रूप से आयोजित होता आ रहा है। ग्रामीणों एवं मेला कमेटी की मांग पर उन्होंने विधायक निधि से जेठा स्थान भगोडीया (चबूतरा) के लिए डेढ़ लाख रुपये, ऐच्छिक निधि से मेला कमेटी को 50 हजार रुपये और चौकी में लंगर भवन के निर्माण के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा की।

    स्थानीय समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
    इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मेलों से लोगों में आपसी एकता और सामाजिक समरसता को बल मिलता है।

  • राजगढ़ कॉलेज में केंद्रीय छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह, विद्यार्थियों को सक्रिय भागीदारी का आह्वान

    राजगढ़ कॉलेज में केंद्रीय छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह, विद्यार्थियों को सक्रिय भागीदारी का आह्वान

    राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में मंगलवार को केंद्रीय छात्र परिषद के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। प्राचार्य डॉ. राजेंद्र वर्मा ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

    राजगढ़।

    नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
    राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में आयोजित समारोह में संजना कुमारी (बी.एससी. तृतीय वर्ष) अध्यक्ष, पायल सरोलटा (बी.ए. तृतीय वर्ष) उपाध्यक्ष, अनिरुद्ध शर्मा (बी.कॉम. द्वितीय वर्ष) सचिव और त्रिशिला (बी.ए. प्रथम वर्ष) सह सचिव चुनी गईं। चयन प्रक्रिया हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा परिणाम की मेरिट सूची पर आधारित रही।

    सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी का आह्वान
    प्राचार्य डॉ. राजेंद्र वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं।

    विभिन्न इकाइयों से मनोनीत सदस्य शामिल
    छात्र परिषद में एनएसएस, एनसीसी, खेल, सांस्कृतिक, निर्वाचन साक्षरता क्लब, रोवर्स एंड रेंजर्स तथा रेड रिबन क्लब से भी सदस्य मनोनीत किए गए। इस अवसर पर छात्र परिषद के संयोजक डॉ. एस.के. गांधी, मंच संचालक प्रो. रमेश कुमार चौहान, समस्त अध्यापकगण और कर्मचारी वर्ग उपस्थित रहे।

  • चंबीधार में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का आगाज, महेश दत्त शर्मा ने किया उद्घाटन

    चंबीधार में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का आगाज, महेश दत्त शर्मा ने किया उद्घाटन

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ राजगढ़, सिरमौर।

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंबीधार, ब्लॉक राजगढ़, जिला सिरमौर में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। यह शिविर अगले सात दिनों तक चलेगा, जिसमें स्वयंसेवक छात्र-छात्राएं समाज सेवा और सामुदायिक विकास के कार्यों में भागीदारी करेंगे।

    शिविर के उद्घाटन समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष महेश दत्त शर्मा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने द्वीप प्रज्जवलित कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया और छात्रों को शुभकामनाएं दीं।

    समारोह में विद्यालय के शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। शिक्षकों में कार्यवाहक प्रधानाचार्या एवं एनएसएस प्रमुख अंजना कुमारी, उप-प्रधानाचार्य ब्रिग्मोहन और द्वितीय एनएसएस प्रमुख पंकज कुमार शामिल रहे। इनके साथ अन्य सभी शिक्षकों ने भी समारोह में भाग लेकर इसे सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।

    इस अवसर पर द्वितीय एनएसएस प्रमुख पंकज कुमार ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को बताया कि एनएसएस शिविर न केवल समाज सेवा का माध्यम है, बल्कि यह उनमें नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों का भी विकास करता है।

  • राजगढ़ में सनौरा पुल के पास टैंपो ट्रैवलर में लगी भीषण आग, चालक जिंदा जला

    राजगढ़ में सनौरा पुल के पास टैंपो ट्रैवलर में लगी भीषण आग, चालक जिंदा जला

    हिमाचल प्रदेश के राजगढ़ क्षेत्र में सनौरा पुल के पास देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक टैंपो ट्रैवलर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे अंदर सो रहे चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

    राजगढ़।

    रात के समय हुआ हादसा, नहीं बच सका चालक
    जानकारी के अनुसार, हादसे के समय चालक वाहन में सो रहा था। अचानक वाहन में आग भड़क गई और लपटें इतनी तेज थीं कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पूरा टैंपो ट्रैवलर आग की चपेट में आ गया।

    पुलिस ने शुरू की जांच
    घटना की जानकारी मिलते ही राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आग लगने का कारण क्या था — शॉर्ट सर्किट या कोई अन्य तकनीकी खराबी।


  • राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के रोवर्स ने निपुण टेस्टिंग कैंप में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

    राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के रोवर्स ने निपुण टेस्टिंग कैंप में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

    राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के रोवर्स ने मंडी जिले के रिवालसर में आयोजित राज्य स्तरीय निपुण टेस्टिंग कैंप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया है। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया।

    राजगढ़।


    राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में तीन रोवर्स ने किया सहभाग
    भारत स्काउट एवं गाइड्स राजकीय प्रशिक्षण केंद्र रिवालसर द्वारा 9 से 13 अक्तूबर तक आयोजित पांच दिवसीय गहन प्रशिक्षण शिविर में राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के तीन रोवर्स — बी.एससी. द्वितीय वर्ष के छात्र अंतरिक्ष और पीयूष, तथा बी.ए. द्वितीय वर्ष के छात्र उज्जवल ने भाग लिया। तीनों ने शिविर के दौरान व्यवहारिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।


    ट्रैकिंग से लेकर आपदा प्रबंधन तक मिला प्रशिक्षण
    शिविर के दौरान प्रतिभागियों को ट्रैकिंग, हस्तकौशल, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य और जीवन कौशल जैसे विविध विषयों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। तीनों रोवर्स ने अपनी टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके चलते उन्होंने सफलतापूर्वक निपुण प्रशिक्षण उत्तीर्ण किया।


    प्राचार्य और प्रभारी ने दी बधाई
    महाविद्यालय के रोवर यूनिट प्रभारी अभिषेक कुमार ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान के लिए गौरव की बात है। वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र वर्मा ने भी पूरी रोवर्स एवं रेंजर्स यूनिट को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

  • राजगढ़ की साक्षी का राज्य स्तरीय वॉलीबॉल के लिए चयन, कुड़िया कडंग स्कूल में खुशी की लहर

    राजगढ़ की साक्षी का राज्य स्तरीय वॉलीबॉल के लिए चयन, कुड़िया कडंग स्कूल में खुशी की लहर

    राजकीय माध्यमिक पाठशाला कुड़िया कडंग की सातवीं कक्षा की छात्रा साक्षी का राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर पूरे विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। साक्षी ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा।

    राजगढ़।


    जिला स्तरीय टूर्नामेंट में दिखाया शानदार खेल
    साक्षी का चयन जिला स्तरीय अंडर-14 गर्ल्स टूर्नामेंट के दौरान राजगढ़ और नारग के बीच हुए फाइनल मुकाबले के प्रदर्शन के आधार पर हुआ। इस फाइनल में राजकीय माध्यमिक पाठशाला कुड़िया कडंग की चार छात्राओं ने भाग लिया। साक्षी ने अपनी प्रतिभा और दमदार खेल से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया, जिसके परिणामस्वरूप उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।


    विद्यालय प्रभारी ने व्यक्त की खुशी
    विद्यालय प्रभारी संजीव कुमार ने साक्षी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि साक्षी न केवल खेलों में बल्कि पढ़ाई में भी मेधावी छात्रा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि मेहनत और लगन से छात्र शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।


    विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल
    साक्षी के चयन की खबर से विद्यालय स्टाफ, माता-पिता और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सभी ने साक्षी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई है कि वह राज्य स्तर पर भी अपने प्रदर्शन से क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।

  • राजगढ़ पुलिस की कार्रवाई, ढाबे में छिपाकर बेची जा रही 11 बोतलें अवैध देशी शराब बरामद, आरोपी पर केस दर्ज

    राजगढ़ पुलिस की कार्रवाई, ढाबे में छिपाकर बेची जा रही 11 बोतलें अवैध देशी शराब बरामद, आरोपी पर केस दर्ज

    सिरमौर पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब बिक्री पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस चौकी फटी पटेल की टीम ने गश्त के दौरान एक ढाबे से संतरा ब्रांड की 11 बोतलें देशी शराब बरामद कीं, जिन्हें बिना परमिट बेचा जा रहा था।

    राजगढ़।

    पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ज्ञानकोट के पास सड़क किनारे स्थित ढाबे में चाय-पानी के साथ शराब बेचने का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना पर टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ढाबे के काउंटर पर बैठे व्यक्ति से पूछताछ की, जिसने अपना नाम जगदीश निवासी बखोग बताया।

    तलाशी में मिली देशी शराब, कोई लाइसेंस नहीं

    ढाबे की तलाशी के दौरान गैस सिलेंडर के पीछे रखी एक गत्ते की पेटी में 11 कांच की बोतलें देशी शराब (संतरा नंबर-01) मिलीं, जिन पर “For Sale in Himachal Pradesh Only” अंकित था। आरोपी कोई भी परमिट या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।

    आबकारी अधिनियम में केस दर्ज, जांच जारी

    पुलिस ने आरोपी जगदीश के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।