Category: Rajghar

  • मंडियाघाट विद्यालय के 24 विद्यार्थी राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में लेंगे भाग

    मंडियाघाट विद्यालय के 24 विद्यार्थी राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में लेंगे भाग

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ राजगढ़

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडियाघाट के 24 होनहार विद्यार्थी अब राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इन विद्यार्थियों ने हाल ही में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।

    विद्यालय के 11 छात्र-छात्राएं अंडर-19 वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता में जूडो, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो और कुराश में जिला स्तर पर विजेता रहे हैं, जिसके फलस्वरूप वे राज्य स्तर के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।

    इसी तरह, अंडर-14 वर्ग के 13 विद्यार्थी भी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में जूडो, बॉक्सिंग और कुश्ती में विजय हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

    ​मंडियाघाट की छात्राओं ने जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 छात्राओं ने बॉक्सिंग में विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया, जबकि ताइक्वांडो व जूडो में उपविजेता ट्रॉफी जीती।

    अंडर-14 छात्राओं ने जूडो में विजेता और कुश्ती में उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, अंडर-14 छात्रों ने बॉक्सिंग व जूडो में उपविजेता ट्राफियां हासिल कीं।

    ​राज्य स्तरीय अंडर-19 प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों में आस्था, अर्चित, श्रुतिका, तमन्ना, समृद्धि, रौनक, प्रियंका, आकृति और सोनाक्षी शामिल हैं।

    जबकि अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में लक्ष्मी, सोनाक्षी, किंजल, स्मृति, नव्या, सोनाक्षी चौहान, अंकुश, अंशित, प्रतीक, अंशित कुमार, वंश शर्मा, ध्रुव और विनीत शामिल होंगे।

    ​प्रधानाचार्य भाग सिंह ने सभी बच्चों को उनकी शानदार जीत के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस सफलता का पूरा श्रेय डीपी नीलम ठाकुर और पीटीआई अनिल बनियाल के कुशल मार्गदर्शन को दिया। एसएमसी अध्यक्ष विक्रम ठाकुर ने भी सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी।

  • पबियाना स्कूल के भूकंप रोधी मॉडल ने प्रदेश में मारी बाजी, मुख्यमंत्री 14 अक्टूबर को करेंगे सम्मानित

    पबियाना स्कूल के भूकंप रोधी मॉडल ने प्रदेश में मारी बाजी, मुख्यमंत्री 14 अक्टूबर को करेंगे सम्मानित

    शिमला / राजगढ़

    राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पबियाना स्कूल का जलवा
    शिमला स्थित शोघी के विज्ञान संग्रहालय में आयोजित हिमाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समर्थ-2025 कार्यक्रम के तहत सुरक्षित निर्माण तकनीकों पर राज्य स्तरीय मॉडल प्रतियोगिता में पबियाना स्कूल की छात्राओं ने कमाल कर दिखाया। शिक्षा खंड राजगढ़ के अंतर्गत आने वाले वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पबियाना की छात्राएँ सिमरन ठाकुर और परिधि ठाकुर ने अपने ‘भूकंप रोधी मॉडल’ से निर्णायक मंडल और मुख्य अतिथि को प्रभावित करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

    मुख्य अतिथि ने सराहा नवाचार और परिश्रम
    इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शिमला, मुकेश रेपस्वाल थे। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता और नवाचार भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य आपदा जोखिम न्यूनीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। निर्णायक मंडल ने पबियाना स्कूल के मॉडल को उत्कृष्ट और व्यावहारिक करार दिया।

    मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित
    मुख्य अतिथि ने छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए और उनके प्रयासों की सराहना की। 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इन प्रतिभाशाली छात्राओं को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में सम्मानित करेंगे। यह सम्मान न केवल पबियाना स्कूल बल्कि पूरे शिक्षा खंड राजगढ़ और जिला सिरमौर के लिए गर्व का क्षण है।

    विद्यालय में हुआ भव्य स्वागत
    विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं और उनके मार्गदर्शक शिक्षक दिनेश शर्मा का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिमाचली नाटी प्रस्तुत की। जिलाधीश सिरमौर प्रियंका वर्मा ने भी फोन कर छात्राओं और शिक्षक को बधाई दी और कहा कि उनके इस प्रयास से सिरमौर का नाम पूरे प्रदेश में रोशन हुआ है।

  • सिरमौर प्रवास पर जयराम ठाकुर, बोले—नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी देशवासियों को सरकार का सबसे बड़ा तोहफा

    सिरमौर प्रवास पर जयराम ठाकुर, बोले—नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी देशवासियों को सरकार का सबसे बड़ा तोहफा

    सिरमौर

    पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सिरमौर जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। यात्रा के दौरान उन्होंने माता भंगायणी देवी दरबार में पूजा-अर्चना की और श्री रेणुका विधानसभा क्षेत्र के चौरास गांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय “मन की बात” कार्यक्रम को स्थानीय लोगों के साथ सुना। इसके बाद वह श्री रेणुका जी और पच्छाद क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी पहुंचे।

    नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी को बताया ऐतिहासिक कदम
    नौहराधार और राजगढ़ में आयोजित संगोष्ठियों में जयराम ठाकुर ने कहा कि नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी किसी भी सरकार का देशवासियों को दिया गया अब तक का सबसे बड़ा तोहफा है। उनके अनुसार सामान्य चारपहिया वाहन खरीद पर 50 हजार रुपये और मोटरसाइकिल पर 10 हजार रुपये तक की बचत हो रही है। 31 गंभीर बीमारियों की दवाओं को जीएसटी के दायरे से बाहर रखा गया है और घरेलू उपयोग की ज्यादातर वस्तुएं 5% या शून्य जीएसटी पर उपलब्ध हैं।

    सुक्खू सरकार पर लगाया टैक्स बढ़ाने का आरोप
    जयराम ठाकुर ने कहा कि यूपीए सरकार के समय जिन वस्तुओं पर 30% टैक्स लगता था, वे आज 5% पर उपलब्ध हैं। जबकि मोदी सरकार ने सीमेंट पर 10% जीएसटी घटाकर राहत दी, मगर सुक्खू सरकार ने एजीटी बढ़ाकर लोगों को महंगाई का बोझ दिया। इसी तरह डीजल के दाम भी 6.5 रुपये बढ़ाए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारें हर जगह अतिरिक्त टैक्स लगाकर लोगों को परेशान कर रही हैं।

    कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ता
    श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस से नाराज कई कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा। जयराम ठाकुर ने नए कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और उन्हें जनहितकारी योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया।

    आपदा प्रभावितों से मुलाकात और संवेदनाएं
    श्री रेणुका जी क्षेत्र के चौरास गांव में हाल ही में भारी वर्षा और भूस्खलन से प्रभावित परिवारों से भी जयराम ठाकुर मिले। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने स्व. शीला देवी के परिजनों से मिलकर संवेदनाएं प्रकट कीं।

    हरिपुरधार में सुनी ‘मन की बात’
    अपने सिरमौर प्रवास के दौरान जयराम ठाकुर ने हरिपुरधार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “मन की बात” कार्यक्रम सुना और लोगों से स्वदेशी अपनाने तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।

  • बचत और डिजिटल लेन-देन पर जोर , यशवंतनगर सहकारी बैंक ने नेई नेटी में लगाए वित्तीय साक्षरता शिविर

    बचत और डिजिटल लेन-देन पर जोर , यशवंतनगर सहकारी बैंक ने नेई नेटी में लगाए वित्तीय साक्षरता शिविर

    राजगढ़

    राज्य सहकारी बैंक शाखा यशवंतनगर द्वारा नेई नेटी पंचायत भवन और विद्यालय नेई नेटी में रविवार को दो अलग-अलग वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों और विद्यार्थियों को वित्तीय जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना था।

    ग्रामीणों और विद्यार्थियों को दी वित्तीय शिक्षा
    शाखा प्रबंधक शितांशु वरमानी ने उपस्थित ग्रामीणों और विद्यार्थियों को वित्तीय सेवाओं, नियमित बचत की महत्ता और डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा के बारे में विस्तार से बताया।

    सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उठाने का आह्वान
    बैंक अधिकारियों ने पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों को केंद्र सरकार की प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओं—प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना—के लाभों से अवगत कराया और उनसे जुड़ने का आग्रह किया।

    किसानों और आम लोगों को समझाए ऋण विकल्प
    किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) सहित वेतन ऋण, व्यक्तिगत ऋण, गृह ऋण एवं वाहन ऋण जैसी विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी गई। शितांशु वरमानी ने कहा कि इन सेवाओं का लाभ उठाकर ग्रामीण आर्थिक सुरक्षा एवं सुविधा प्राप्त कर सकते हैं और आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

  • चंबीधार स्कूल में पर्यटन दिवस पर ‘स्वच्छता और स्वावलंबन’ का संदेश, परिसर में चला अभियान

    चंबीधार स्कूल में पर्यटन दिवस पर ‘स्वच्छता और स्वावलंबन’ का संदेश, परिसर में चला अभियान

    पर्यटन उद्योग केवल प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का साधन नहीं है, बल्कि यह स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कुंजी/–अंजना नेगी

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ राजगढ़/सिरमौर

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबीधार (ब्लॉक राजगढ़, ज़िला सिरमौर) में शनिवार को विश्व पर्यटन दिवस बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया।

    इस अवसर को यादगार बनाते हुए, विद्यालय परिसर और इसके आस-पास के क्षेत्र में एक व्यापक स्वच्छ भारत अभियान चलाया गया, जिसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।

    कार्यक्रम में प्रधानाचार्या अंजना नेगी, उप-प्रधानाचार्य बृजमोहन और पर्यटन व्यावसायिक शिक्षक राहुल ठाकुर ने भाग लिया।

    पर्यटन: स्वावलंबन की कुंजी

    प्रधानाचार्या अंजना नेगी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यटन के महत्व को केवल भ्रमण तक सीमित न रखने पर ज़ोर दिया। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि पर्यटन उद्योग केवल प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का साधन नहीं है, बल्कि यह स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कुंजी है।

    अंजना नेगी ने संदेश दिया, “स्थानीय संस्कृति और हमारे प्राकृतिक स्थानों की सुंदरता को बनाए रखना हमारी पहली ज़िम्मेदारी है। जब हम अपने आस-पास साफ़-सफ़ाई रखते हैं और अपने क्षेत्रों को सुंदर बनाते हैं, तभी हम पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।

    यह आकर्षण न सिर्फ़ हमारे क्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाता है, बल्कि युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोज़गार और उद्यम के अनगिनत अवसर भी पैदा करता है।
    उन्होंने छात्रों को पर्यटन से संबंधित कौशल सीखने और छोटे स्तर पर ही सही, पर्यटन गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।

    स्वच्छता अभियान से जागरूकता

    कार्यक्रम में उपस्थित उप-प्रधानाचार्य बृजमोहन ने स्वच्छता अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यटन की सफलता का सीधा संबंध साफ़-सफ़ाई से है। इस अभियान में सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने श्रमदान किया और यह संदेश दिया कि एक ज़िम्मेदार नागरिक होने के नाते, हर व्यक्ति को अपने पर्यावरण को स्वच्छ रखने की पहल करनी चाहिए।

    पर्यटन व्यावसायिक शिक्षक राहुल ठाकुर ने कहा कि चंबीधार और राजगढ़ क्षेत्र में प्राकृतिक सुंदरता की भरमार है, और यहाँ के युवाओं को इस संपदा का उपयोग पर्यटन व्यवसाय में विशेषज्ञता हासिल करके करना चाहिए, ताकि वे भविष्य में सफल उद्यमी बन सकें।

    बहरहाल यह आयोजन स्वच्छता और स्वावलंबन को पर्यटन से जोड़कर, विद्यार्थियों को एक व्यावहारिक और दूरदर्शी संदेश देने में सफल रहा।

  • राजगढ़ कॉलेज में पर्यटन दिवस पर ‘सतत विकास’ की गूंज, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता

    राजगढ़ कॉलेज में पर्यटन दिवस पर ‘सतत विकास’ की गूंज, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ राजगढ़

    राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में युवा पर्यटन क्लब द्वारा विश्व पर्यटन दिवस को बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। क्लब द्वारा इस अवसर पर पोस्टर मेकिंग, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

    प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित करते हुए बताया गया कि पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में सारिका (बीए द्वितीय वर्ष) ने प्रथम, नेहा मेहता (बीए द्वितीय वर्ष) ने द्वितीय तथा नूतन ठाकुर (बीए तृतीय वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    वीडियोग्राफी प्रतियोगिता में अंशुल (बीए तृतीय वर्ष) प्रथम, दिव्यांश (बीए तृतीय वर्ष) द्वितीय और सुशान (बीए तृतीय वर्ष) तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, फोटोग्राफी प्रतियोगिता में अदिति ठाकुर (बीए प्रथम वर्ष) ने प्रथम, दीपक चौहान (बीए प्रथम वर्ष) ने द्वितीय तथा नेहा मेहता (बीए द्वितीय वर्ष) ने तृतीय स्थान हासिल किया।

    इस अवसर पर क्लब की प्रभारी प्रोफेसर अमिता मेहता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए इस वर्ष की थीम “पर्यटन और सतत विकास” पर प्रकाश डाला।

    उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल आनंद का साधन नहीं है, बल्कि यह संस्कृति, प्रकृति और धरोहर से जुड़ने का माध्यम है। इसलिए, ज़िम्मेदार और सतत पर्यटन को अपनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे सुरक्षित बनाना हम सबकी ज़िम्मेदारी है।

  • सिरमौर के वैज्ञानिक डॉ. रितेश वर्मा ने लहराया परचम, दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में हुए शामिल

    सिरमौर के वैज्ञानिक डॉ. रितेश वर्मा ने लहराया परचम, दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में हुए शामिल

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ राजगढ़–

    जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल का एक छोटा सा गाँव टाली भुज्जल आज गर्व महसूस कर रहा है। इसी गाँव के होनहार वैज्ञानिक डॉ. रितेश वर्मा को प्रतिष्ठित एल्सेवियर और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा जारी वर्ष 2025 की वैश्विक रैंकिंग में दुनिया के शीर्ष दो फीसदी वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है।

    यह उपलब्धि डॉ. वर्मा ने लगातार दूसरे साल हासिल की है, जिससे उनके गृह क्षेत्र और पूरे हिमाचल का मान बढ़ा है।वर्तमान में ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, देहरादून में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत डॉ. रितेश वर्मा को यह सम्मान उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों और उच्च स्तरीय प्रकाशनों के लिए मिला है।

    उनका लगातार दूसरा चयन यह साबित करता है कि कड़ी मेहनत और लगन से काम किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है।इस सम्मान की खबर मिलने के बाद डॉ. वर्मा के माता-पिता शकुंतला वर्मा और निकाराम वर्मा सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

    राजगढ़ और आसपास के बुद्धिजीवियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि डॉ. वर्मा ने सिरमौर और हिमाचल का नाम विश्व मंच पर रोशन किया है।इस अवसर पर प्रधानाचार्य भूप सिंह वर्मा, दुर्गा सिंह वर्मा, रविन्द्र शर्मा, निहाल रापटा, सुखराम शर्मा, संदीप शर्मा और ओम प्रकाश चौहान सहित अनेक गणमान्य लोगों ने डॉ. वर्मा को शुभकामनाएँ दीं।

    उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं को वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

  • बडू साहिब में स्वच्छता पखवाड़े के तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर किया सफाई अभियान

    बडू साहिब में स्वच्छता पखवाड़े के तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर किया सफाई अभियान

    बडू साहिब के एटरनल यूनिवर्सिटी के अकाल कॉलेज ऑफ इकोनॉमिक्स, कॉमर्स एंड मैनेजमेंट ने कोटला मंगन के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और ग्राम पंचायत के साथ मिलकर जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय समुदाय में स्वच्छ भारत अभियान को लेकर जागरूकता फैलाना और “स्वच्छता सबकी जिम्मेदारी है” का संदेश देना था।

    सिरमौर

    छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी
    इस अभियान में कॉलेज के लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने संकाय सदस्यों डॉ. काजल चौधरी, डॉ. पवन दुबे, डॉ. नेहा, नीविया, उर्वशी और डॉ. देश राज के मार्गदर्शन में भाग लिया। सभी ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की।

    जागरूकता रैली और सांस्कृतिक गतिविधियां
    कार्यक्रम में स्वच्छता पर आधारित नाटक, भाषण, इंटरैक्टिव खेल और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। साथ ही जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें नारों और पोस्टरों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने अपने आस-पास को स्वच्छ और हरा-भरा रखने की शपथ ली।

    सहयोग के लिए आभार व्यक्त
    डॉ. नेहा ने कोटला मंगन स्कूल के प्रिंसिपल बीर सिंह और स्थानीय पंचायत का सहयोग के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. दविंदर सिंह, डीन डॉ. एस.के. चौहान, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

  • योग है जीवन का आधार , हर दिन करें योगाभ्यास : डॉ. प्रियंका सूद

    योग है जीवन का आधार , हर दिन करें योगाभ्यास : डॉ. प्रियंका सूद

    राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में एनएसएस द्वारा योग शिविर आयोजित

    राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की ओर से एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उपमंडलीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. प्रियंका सूद ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है और इसे रोजाना दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

    राजगढ़

    छात्रों को दिया संदेश
    डॉ. प्रियंका सूद ने छात्रों को योग के महत्व और इसके शारीरिक व मानसिक लाभों के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनु भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

    योगाभ्यास कराया गया
    योग प्रशिक्षक कमलेश और उनकी टीम ने विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और विभिन्न योग क्रियाएं सिखाईं। कुल 46 एनएसएस स्वयंसेवियों और एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय रूप से भाग लेकर योगाभ्यास किया।

    अधिकारियों का आभार व्यक्त
    एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. विपिन और प्रो. विनोद सहित अन्य अध्यापक मौजूद रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र वर्मा ने सभी अतिथियों और प्रशिक्षकों का धन्यवाद किया और ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की बात कही।

  • हादसा: राजगढ़ में बिजली के पोल से गिरकर युवक की मौत, बिजली बोर्ड के खिलाफ मामला दर्ज

    हादसा: राजगढ़ में बिजली के पोल से गिरकर युवक की मौत, बिजली बोर्ड के खिलाफ मामला दर्ज

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ राजगढ़

    हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल की टाली भुज्जल पंचायत में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां बिजली के पोल से गिरकर एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पजेरली गांव के रहने वाले सुरजीत के रूप में हुई है।

    इस घटना के बाद मृतक के छोटे भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने बिजली बोर्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
    यह हादसा उस समय हुआ, जब सुरजीत बिजली के पोल पर चढ़कर लाइन की मरम्मत कर रहा था।

    बताया जा रहा है कि सुरजीत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कोटी पधोग में इलेक्ट्रीशियन ट्रेड का छात्र था और अक्सर विद्युत बोर्ड के साथ मरम्मत के काम करता था।

    जानकारी के अनुसार, जब वह पोल पर चढ़ा तो उसे करंट लग गया, जिससे वह नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

    सूचना मिलने के बाद, पुलिस थाना राजगढ़ के प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल राजगढ़ में पोस्टमार्टम करवाया।

    डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बिजली बोर्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।