Category: Sirmour

  • श्री रेणुका जी-संगड़ाह मार्ग पर हुआ लैंडस्लाइड, मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हुई कार

    श्री रेणुका जी-संगड़ाह मार्ग पर हुआ लैंडस्लाइड, मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हुई कार

    HNN/ श्री रेणुका जी

    हिमाचल प्रदेश में आज सुबह से ही भारी बारिश का दौर जारी है। वहीं इस बारिश और ओलावृष्टि की वजह से जहां फसलों को काफी नुक्सान हुआ है तो वहीं इस बारिश में कई सड़क हादसे भी पेश आ रहे है।

    ताजा मामला श्री रेणुका जी-संगड़ाह मार्ग पर पेश आया है, यहां भारी बारिश की वजह से एक कार मलबे के नीचे दब गई। हालाँकि हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। वहीं कार सवार चार लोगों ने गाड़ी से मौके से उतरकर अपनी जान बचा ली थी।

    जानकारी के मुताबिक, चार लोग कार (DL12CH-1719) में सवार होकर नाहन से बोगधार आ रहे थे। इसमें एक ही परिवार के सदस्यों में 2 बच्चे भी शामिल है। इस दौरान जैसे ही वह रास्ते में पहुंचे तो सुबह करीब 9:30 बजे “वालिया माईन” से भारी भरकम मलबा रोड पर आ गया। कार में सवार लोगों ने चंद सेकेंड पहले ही उतर कर अपनी जान बचा ली।

    कुछ ही मिनटों में कार मलबे की चपेट में आ गई और पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं मलबा गिरने से रोड भी बंद हो गया है। मार्ग के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। चार बसें व अन्य गाड़ियां के फंसे होने की सूचना है। वहीं प्रशासन द्वारा मार्ग को बहाल करने के लिए मशीनें लगा दी गई है।

  • विक्रमादित्य सिंह ने शिरगुल मेला गेलियों में बतौर मुख्य अतिथि लिया भाग

    विक्रमादित्य सिंह ने शिरगुल मेला गेलियों में बतौर मुख्य अतिथि लिया भाग

    विक्रमादित्य बोले- सड़कों-पुलों के निर्माण में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होगी बर्दाश्त

    HNN/ श्री रेणुका जी

    लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में सड़कों और पुलों का निर्माण कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के आदेश लोक निर्माण विभाग को दिए हैं और निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि नौहराधार से चूड़धार तक रोप-वे स्थापित किया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होगा। लोक निर्माण मंत्री सोमवार को रेणुका विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नौहराधार में ऐतिहासिक शिरगुल महाराज मेला गेलियों के समापन समारोह मेें बतौर मुख्य अतिथि विशाल जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।

    इससे पूर्व विक्रमादित्य सिंह ने शिरगुल मंदिर में माथा टेका और पूर्जा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि हमने जनता से जितने भी वायदे किये थे उन्हें चरणबद्ध ढंग से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली ही कैबिनेट में कर्मचारियों की ओपीएस बहाल की गई है जिससे कर्मचारी वर्ग का भविष्य सुरक्षित हुआ है।

    इसके साथ ही प्रदेश की 2.31 लाख महिलाओं को 1500 रुपए मासिक पैंशन प्रदान की जा रही हैं तथा शेष को चरणबद्ध ढंग से पैंशन लाभ प्रदान किया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खु सरकार बेहतरीन कार्य कर रही है और समाज के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर योजनाएं और नीतियां बनाई जा रही हैं।

    लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पूर्व सरकार ने प्रदेश में 69 राष्ट्रीय उच्च मार्ग स्वीकृत होने की बात बार-बार की है और हमने विधानसभा में इसका समर्थन भी किया था जबकि हकीकत में धरातल पर इन सड़कों पर कोई काम हुआ ही नहीं है।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी टू-लैन राष्ट्रीय उच्च मार्ग सड़कों को फोर-लैन में अपग्रेड करने का आग्रह मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खु ने केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी से किया है, जिसे स्वीकार किया गया है, इसके लिए हम उनका आभार प्रकट करते हैं।

    लोक निर्माण मंत्री ने शिमला-मटौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग को फोर-लैन अपग्रेड करने की स्वीकृति के लिए केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी का आभार जताया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नौहराधार क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि यहां आने वाले पर्यटकों को और अधिक सुविधायें मुहैया करवाई जायेंगी। लोक निर्माण मंत्री ने गेलियो मेला ग्राउंड के विस्तार के लिए 15 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। लोक निर्माण मंत्री ने बाद में क्षेत्र के लोगों की जन-समस्याएं भी सुनी। विधायक श्री रेणुका जी विनय कुमार ने मेले के समापन अवसर पर पधारने पर लोक निर्माण मंत्री का आभार जताया।

    इस अवसर पर रेणुका कांग्रेस मंडल अध्यक्ष तपेन्द्र चौहान, महासचिव रेणुका मंडल मित्तर सिंह, जिला कांग्रेस समिति के सदस्य पृथ्वीराज चौहान, पूर्व उप चैयरमैन दलीप सिंह चौहान, मेला कमेटी के अध्यक्ष जोगिन्द्र सिंह पुंडीर, कोषाध्यक्ष अतर सिंह ठाकुर, सचिव मेला कमेटी अजय चौहान, प्रधान नौहरा पंचायत राजेन्द्र चौहान, भगत सिंह नेगी, स्वर्ण सिंह नेगी, रण विजय चौहान, प्रधान परिषद के प्रधान वीरेन्द्र ठाकुर, राजेन्द्र ठाकुर, दिनेश सिंगटा, विनोद जिंटा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

  • विक्रमादित्य सिंह ने   1.50 करोड़ की लागत से निर्मित दनोई पुल का किया उद्घाटन

    विक्रमादित्य सिंह ने 1.50 करोड़ की लागत से निर्मित दनोई पुल का किया उद्घाटन

    विक्रमादित्य ने रिकार्ड समय में बैली ब्रिज बनाने पर अधिकारियों की करी प्रशंसा

    HNN/ श्री रेणुका जी

    लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज सोमवार को अपने प्रवास के दौरान रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के ददाहू-संगड़ाह-हरिपुरधार को जोड़ने वाले दनोई बैली ब्रिज का लोकार्पण किया। इस पुल का निर्माण लगभग 1.50 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है।

    लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि रेणुका जी क्षेत्र में सड़कों और पुलों के रूके हुए कार्यों में गति लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में पीएमजीएसवाई के तहत 50 करोड़ रुपए की लागत से सड़कों तथा नाबार्ड में 20 करोड़ रुपए के सड़कें के कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।

    उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर किसी भी प्रकार से सझौता नहीं किया जाएगा, गलती करने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने वाले अधिकारियों की पीठ थपथपाई जाएगी।

    उन्होंने कहा कि रेणुका क्षेत्र में चल रहे सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी कार्य में विलंब न हो इस बात का ध्यान रखा जाए।

    उन्होंने निर्माणाधीन भवनों के कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण मंत्री ने दनोइ पुल का जिक्र करते हुए कहा कि 24 अप्रैल की रात्रि ओवरलोडिंग के कारण बैली ब्रिज टूट गया था जिसे विभाग ने रिकॉर्ड समय में एक माह के भीतर पूरा किया है।

    उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विभाग के अधिकारियों की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि पुल के टूटने के 6 दिन बाद 30 अप्रैल को प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग के साथ मिलकर जोगर खड्ड से 600 मीटर वैकल्पिक मार्ग तैयार कर यातायात बहाल कर दिया था और सरकार ने एक माह के भीतर पुल बनाने के आदेश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए।

    उन्होंने कहा कि 110 फुट स्पैन वाला यह पुल 25 टन तक का भार उठा सकता है जिसे विभाग के एक्सपर्ट की देखरेख में तैयार किया गया है। इस अवसर पर रेणुका के विधायक विनय कुमार, पूर्व विधायक अजय बहादुर सिंह, पूर्व विधायक किरणेश जंग, एसडीएम नाहन रजनेश कुमार, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष तपेन्द्र चौहान व अन्य लोग उपस्थित रहे।

  • अपग्रेड किए गए सिरमौर के 10 स्कूलों का घटा दर्जा

    अपग्रेड किए गए सिरमौर के 10 स्कूलों का घटा दर्जा

    HNN News नाहन

    प्रदेश में सरकार के द्वारा घटाए गए 90 स्कूलों के दर्जे में सिरमौर के 10 स्कूल भी शामिल है। जिसमें तीन माध्यमिक चार उच्च तथा तीन वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शामिल है। जिन स्कूलों का दर्जा घटाया गया है वहां पर कम संख्या के बच्चे अब नजदीक के स्कूलों में जाएंगे।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार पांवट साहिब के डांडा, काला अंब बोबरी , शिलाई के दारवा माध्यमिक स्कूल रेणुका जी के सैल पच्छाद के लेऊ कुफ्फर, मंडी खड़ाना तथा धनेश्वर उच्च पाठशाला का दर्जा घटा दिया गया है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री रेणुका जी क्षेत्र के डयूडी खडाहां,चौरास तथा पच्छाद की डिब्बर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का दर्जा भी घटा दिया गया है।

    गौरतलब हो कि यह स्कूल है जिन्हें पूर्व में रही जयराम सरकार के द्वारा चुनाव से पहले सत्रोन्नत किया गया था। बावजूद इसके इन स्कूलों में बच्चों की संख्या में कोई इजाफा नहीं हुआ। कई स्कूल तो ऐसे भी थे जिनमें एक या दो ही बच्चे थे। सरकार द्वारा कम बच्चों वाले स्कूलों की रिपोर्ट भी सभी जिलों से मंगाई गई थी। नेक्स्ट पैर

    जिला सिरमौर के द्वारा यह लिस्ट पहले ही भेजी जा चुकी थी जिस पर सरकार के द्वारा यह निर्णय लिया गया है। उपनिदेशक करमचंद के द्वारा खबर की पुष्टि की गई है।

  • सिरमौर की श्रेया कंवर ने 10वीं कक्षा में 97.86 प्रतिशत अंक किए प्राप्त

    सिरमौर की श्रेया कंवर ने 10वीं कक्षा में 97.86 प्रतिशत अंक किए प्राप्त

    श्रेया कंवर का प्रशासनिक सेवा में जाने का है लक्ष्य

    HNN/ श्री रेणुका जी

    हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आज 25 मई यानी वीरवार को 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित किया है। जिसमें जिला सिरमौर के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घंडूरी की छात्रा श्रेया कंवर ने दसवां स्थान हासिल किया है।

    श्रेया ने बोर्ड की परीक्षा में 685 अंकों के साथ 97.86 प्रतिशत पर रही है। छात्रा श्रेया कंवर वर्तमान में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोलन में कला संकाय में 11 कक्षा में पढ़ाई कर रही है।

    श्रेया के पिता संजय कुमार व माता निशा देवी ने बताया कि श्रेया अपनी बहन के साथ 4 से 5 घंटे पढ़ाई करती थी। उसका लक्ष्य प्रशासनिक सेवा में जाने का है। श्रेया की इस सफलता के लिए माता-पिता ने स्कूल के अध्यापकों का आभार प्रकट किया है।

  • अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, 13 जख्मी, पांच की हालत गंभीर

    अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, 13 जख्मी, पांच की हालत गंभीर

    श्री रेणुका जी में माथा टेकने के बाद देहरादून लौट रहे थे श्रद्धालु

    HNN/ पांवटा साहिब

    हिमाचल में सड़क हादसे का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब मानल के नजदीक का सामने आया है, यहां एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में 13 लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं, जिसमें से 5 लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर किया गया है।

    घायलों की पहचान ड्राइवर जयपाल, अमन , राजपाल, विक्रम, दर्शन, जसवीर, पप्पू धीमान, सोबन दास, अंजली, गडवीर, नवीन 28, रीजुल 13, जसवीर के तौर पर हुई है। घायल सभी लोग विकास नगर, बिन्दोली, नवाबगढ़, देहरादून के बताए जा रहे हैं। वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    जानकारी के मुताबिक, सभी लोग पिकअप गाड़ी में सवार होकर श्री रेणुका जी माथा टेकने आए हुए थे। इस दौरान जब माथा टेकने के बाद देहरादून की ओर जा रहे थे, पांवटा साहिब मानल के नजदीक पहुंचते ही पिकअप खाई में जा गिरी।

    हादसे में पिकअप में सवार 13 लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं। घटना के बाद सभी घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मौके पर सिर्फ एक ही डॉक्टर तैनात था।

    जिसके बाद 5 लोगों की हालत काफी गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।

  • बलात्कार के प्रयास में आरोपी दोषी करार, 2 वर्ष के कठोर कारावास की सजा, जुर्माना भी लगाया

    बलात्कार के प्रयास में आरोपी दोषी करार, 2 वर्ष के कठोर कारावास की सजा, जुर्माना भी लगाया

    HNN/ श्री रेणुका जी

    जिला सिरमौर के रेणुका विधानसभा क्षेत्र के जरग गांव में करीब 8 वर्ष पुराने बलात्कार के प्रयास के मामले में जिला सिरमौर के नाहन स्थित विशेष न्यायालय के न्यायाधीश आरके चौधरी ने आरोपी राजेंद्र सिंह पुत्र सानिया राम निवासी ग्वारो पोस्ट ऑफिस जरग को दोषी ठहराते हुए 2 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।

    दोषी को सजा के साथ-साथ 2500 रुपए जुर्माना धारा 376 व 511 आईपीसी के तहत देना होगा। इसके अलावा दोषी को धारा 452 के तहत भी 2500 रुपए का जुर्माना अदा करना होगा। जुर्माना अदा न करने की सूरत में दोषी को 3 माह की अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी।

    दोषी को आर्म एक्ट के तहत भी एक साल की सजा व जुर्माना सुनाया गया है। मामले के बारे में जानकारी देते हुए जिला न्यायवादी नाहन चंपा सुरील ने बताया कि करीब 8 वर्ष पुराने इस मामले में बुधवार को न्यायाधीश आरके चौधरी द्वारा सुनवाई की गई।

    यह मामला हिमाचल प्रदेश सरकार बनाम राजेंद्र सिंह पुत्र सानिया राम निवासी गवरो पोस्ट ऑफिस जरग के तहत चल रहा था। मामले के बारे में जानकारी देते हुए जिला न्यायवादी चंपा सुरील ने बताया कि यह मामला 26 मार्च 2015 को आईपीसी की धारा 376, 511, 452, 506 आईपीसी के अलावा सेक्शन 25 आर्म्स एक्ट तथा सेक्शन 3 एससी एसटी एक्ट के तहत पुलिस थाना श्री रेणुका जी में दर्ज किया गया था।

    मामले की जानकारी देते हुए जिला न्यायवादी चंपा सुरील ने बताया कि इस मामले की पीड़िता ने 25 मार्च 2015 को शिकायत की थी कि जब वह घर में रात करीब 9:00 बजे अकेली थी तो इस बीच में घर के बरामदे में पानी पीने के लिए आई। उस दौरान उसके पति घर में नहीं था तथा वह किसी काम से ददाहू गया था।

    घर में बच्चे सो चुके थे। इस बीच अचानक आरोपी राजेंद्र सिंह पुत्र सनीया राम उसके घर में घुसा तथा महिला को जबरदस्ती पकड़कर घर की रसोई में ले गया। इस बीच बंदूक की नोक पर आरोपी ने महिला के साथ बलात्कार करने का प्रयास किया। परंतु तब तक महिला का पति अचानक मौके पर पहुंच गया।

    जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। तुरंत ही इस मामले में पीड़ित महिला ने पुलिस थाना रेणुकाजी में मामला दर्ज करवाया था।इस मामले में करीब 8 वर्ष की सुनवाई के दौरान 19 गवाहों के बयान लिए गए तथा साक्ष्यों के आधार पर आरोपी राजेंद्र सिंह पुत्र सानिया राम निवासी गवारा पोस्ट ऑफिस जरग तहसील संगड़ाह को दोषी करार दिया गया है।

  • अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी पिकअप, हादसे में…..

    अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी पिकअप, हादसे में…..

    दनोई टूटने के बाद बनाए गए वैकल्पिक मार्ग पर पेश आया हादसा

    HNN/ श्री रेणुका जी

    जिला सिरमौर के हरिपुरधार-रेणुका जी-नाहन मार्ग पर अनियंत्रित होकर एक पिकअप सड़क पर ही पलट गई। बता दें हादसा दनोई टूटने के बाद बनाए गए वैकल्पिक मार्ग पर पेश आया है। बताया जा रहा है कि पिकअप (HP-71A 0343) के पलटने से करीब 2 घंटे यहां यातायात व्यवस्था ठप रही।

    बता दें 3 दिन पहले इस तंग व चढ़ाई वाले संपर्क मार्ग पर एक निजी बस खराब होने से भी यातायात बाधित हो गया था। बता दें कि 24 अप्रैल को दनोई टूट जाने के बाद वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था। नए पुल का 40 प्रतिशत निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग के अनुसार पूरा हो चुका है। हालाँकि गनीमत यह रही की हादसे में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।

  • कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत पर संगड़ाह में ब्लॉक कांग्रेस ने मनाया जीत का जश्न

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत पर संगड़ाह में ब्लॉक कांग्रेस ने मनाया जीत का जश्न

    HNN/ श्री रेणुका जी

    जिला सिरमौर के उपमंडल श्री रेणुका जी ब्लॉक कांग्रेस द्वारा संगड़ाह बाजार में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की शानदार जीत पर स्थानीय विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में मिठाई बाँट कर जीत का जश्न मनाया।

    इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी भी की। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार ने कर्नाटक चुनाव जीत पर ख़ुशी व्यक्त करते हुए कहा की कर्नाटक की जीत का श्रेय कांग्रेस के आम कार्यकर्ताओं व शीर्ष नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गाँधी, राहुल गाँधी, प्रियंका गाँधी को जाता है जिन्होंने जनता के बीच रहकर आम आदमी की आवाज़ को बुलंद किया।

    विनय कुमार ने कहा की देश के भीतर परिवर्तन का माहौल बन चूका है और यह परिवर्तन हिमाचल से शुरू होकर अब कर्नाटक तक पहुंच चुका है। देश की जनता मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है।

    मोदी सरकार देश की सरकारी सम्पतियों को बेच रहा है, आम आदमी पर महंगाई का बोझ बढ़ गया गया है और केंद्र सरकार मनमानी तरीके से देश के जनता पर अपने निर्णय थोप रही है।

    उन्होंने कहा की कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से कर्नाटक से आते है और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद कर्नाटक व हिमाचल की शानदार जीत से देश भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

    उन्होंने कहा कि राहुल गाँधी जी कि भारत जोड़ो यात्रा का प्रभाव पुरे देश भर में पड़ा है तथा जनता ने नफरत कि राजनीति को नकार कर प्यार की राजनीती को अपनाया है। विनय कुमार ने कहा की आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करेगी।

  • माननीय आरके चौधरी की अदालत ने गैर इरादतन हत्या के मामले में सुनाई सजा

    माननीय आरके चौधरी की अदालत ने गैर इरादतन हत्या के मामले में सुनाई सजा

    HNN/नाहन

    आरोपी को इतने दिन का साधारण कारावास के साथ 10000 का लगाया अर्थदंड भी

    जिला सिरमौर सत्र न्यायाधीश माननीय आरके चौधरी की अदालत के द्वारा गैर इरादतन हत्या के मामले में सजा सुनाई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियुक्त अरविंद पुत्र ईश्वर राम निवासी बंनकला तहसील नाहन को अंतर्गत धारा आईपीसी 304 ए के तहत 100 दिनों के साधारण कारावास की सजा सुनाई गई है। यही नहीं माननीय अदालत के द्वारा अभियुक्त को ₹10000 का अर्थदंड भी लगाया गया है। दिए गए आदेशों में बतौर अर्थदंड जुर्माने की राशि हर्जाने के रूप में मृतक की पत्नी को देय होगी।
    इस गैर इरादतन हत्या के मामले में दो अन्य आरोपियों को भी माननीय अदालत के द्वारा आईपीसी की धारा 201 के तहत दोषी ठहराया गया है। आरोप में सहायक इन दोनों आरोपियों को 3-3 महीने का साधारण कारावास भुगतना होगा।


    सरकारी अधिवक्ता चंपा सुरील द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि घटना 20 सितंबर 2015 की है। जिसमें बताया गया कि मृतक नरेंद्र दत्त आरोपी अरविंद कुमार के घर रात्रि विश्राम को रुका हुआ था। बताया गया है कि मृतक व्यक्ति को सुबह पावटा साहिब सब्जी मंडी में जाना था इसीलिए वह अभियुक्त अरविंद के घर रुक गया था। उन्होंने बताया कि मृतक सुबह-सुबह अरविंद के खेत में शौच के लिए गया। करीब सुबह 3:00 बजे के आसपास मृतक नरेंद्र दत्त अरविंद के खेत में जंगली सूअरों से बचाव के लिए लगाई गई बिजली की तार की चपेट में आ गया। असल में यह फेंसिंग जंगली जानवरों से फसल के बचाव के लिए लगाई गई थी। बिजली के तार की चपेट में आने से नरेंद्र की मौत हो गई। जैसे ही आरोपी को खेत में नरेंद्र की डेड बॉडी नजर आई उसने अपने साथ बरखा राम तथा राजेंद्र कुमार के सहयोग से शव को उठा कर नाले के पास फेंक दिया था पुलिस द्वारा यह शव मुख्य घटनास्थल की जगह नाले से बरामद किया। पुलिस के द्वारा जब पूरे मामले की जांच की गई थी तो उसमें इस पूरे घटना का खुलासा हुआ था। माननीय अदालत के द्वारा 16 गवाहों के परीक्षण के बाद आरोप सिद्ध पाते हुए मुख्य आरोपी सहित दो अन्य आरोपियों को सजा सुनाई है। सजा सुनाए जाने के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।