Category: Sirmour

  • पत्थर की चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत, एक ही हालत गंभीर

    पत्थर की चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत, एक ही हालत गंभीर

    HNN/ श्री रेणुकाजी

    श्री रेणुका जी-संगड़ाह-हरिपुरधार सड़क पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा पेश आया है जहां एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। इसके अलावा इस हादसे में 1 अन्य घायल हुआ है जिसे स्थानीय अस्पताल से मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लायक राम निवासी ठकराड़ा और रामलाल बुधवार सुबह दिहाड़ी लगाने के लिए घर से बाइक पर सवार होकर निकले थे।

    इसी दौरान जैसे ही वह दनोई के समीप पहुंचे तो उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। इस दौरान पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में बाइक आ गई जिससे दोनों व्यक्ति नीचे गिर पड़े और बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे में लायक राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि रामलाल बुरी तरह से घायल हुआ जिसे स्थानीय लोगों द्वारा उपचार के लिए सिविल अस्पताल ददाहू पहुंचाया गया।

    यहां पर चिकित्सकों ने व्यक्ति की गंभीर अवस्था को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया है। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भयानक था कि रामलाल की टांग ही कट गई। रेणुकाजी पुलिस थाने के एसआई माधवराम ने हादसे की पुष्टि की है।

  • श्री रेणुका जी मेला कहने को अंतरराष्ट्रीय मगर स्तर स्थानीय मेले से भी कम

    श्री रेणुका जी मेला कहने को अंतरराष्ट्रीय मगर स्तर स्थानीय मेले से भी कम

    HNN/ श्री रेणुका जी

    एक ओर जहां श्री रेणुका जी मेला मां रेणुका जी झील और परशु तालाब के अस्तित्व को लेकर संकट का सायरन बजा चुका है वही मेले का अंतरराष्ट्रीय दर्जा किसी भी मायने में एक स्थानीय मेले से अधिक नहीं है। जबकि अंतरराष्ट्रीय दर्जा प्राप्त श्री रेणुका जी मेला ना केवल करोड़ों की इनकम जनरेट कर सकता है बल्कि धार्मिक महत्वत के चलते देश सहित विदेशी धार्मिक पर्यटकों को भी आकर्षित कर सकता है। मौजूदा समय श्री रेणुका जी झील के अस्तित्व पर लंबे समय से बड़ा संकट भी जारी है।

    वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर नरेंद्र मीणा के द्वारा वर्ष 2010 में प्रदेश की अन्य झीलों सहित श्री रेणुका जी झील का गहन अध्ययन किया गया था। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर नरेंद्र मीणा के अनुसार, यह झील काफी संकट की स्थिति में है। उन्होंने यह भी बताया था कि इस झील की अधिकतम गहराई 13 मीटर और दूसरी ओर केवल 8 मीटर ही रह गई है। अब यदि बात की जाए धार्मिक महत्व से इसके संरक्षण की तो इसमें अब एक बड़ा और कड़ा निर्णय लेने की जरूरत है। इस प्राकृतिक झील को सबसे ज्यादा नुक्सान मेले के दौरान ही होता है।

    ऐसे में अब यह जरूरत महसूस की जा रही है कि झील के नजदीक कुरजा पवेलियन में मेले के दौरान लगाए जाने वाली दुकानें गिरी नदी के बेसिन में शिफ्ट की जानी चाहिए। वही अंतरराष्ट्रीय दर्जा के तहत इसका धार्मिक महत्व और अधिक परिष्कृत होना जरूरी है। मेले के दौरान प्रमुख पालकियों के साथ आने वाले पुजारियों का कहना है कि इस मेले में मां रेणुका जी और भगवान परशुराम जी की ओर से प्रदेश के सभी देवी देवताओं को निमंत्रण दिए जाने चाहिए। अब यदि इस मेले के दौरान प्रदेश के अन्य देवी-देवता कुब्जा पवेलियन में सजाए जाते हैं तो यहां का नजारा भव्य हो जाएगा।

    श्री रेणुका जी विकास बोर्ड से जुड़े माता राम आदि का कहना है कि यदि प्रदेश के अन्य देवी-देवता यहां आते हैं तो धार्मिक पर्यटकों की संख्या भी अप्रत्याशित रूप से बढ़ जाएगी। यही नहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ मेले में आने वाली भीड़ जो झील के आसपास जंगल आदि में शौच करती हैं उससे भी निजात मिल जाएगी। देवी-देवताओं के एक स्थान पर दर्शनार्थ पहुंचने पर लोग खुद ब खुद आसपास गंदगी फैलाने से गुरेज करेंगे। वही मेले के दौरान आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या व अन्य गतिविधियां सहित तमाम दुकानें गिरी नदी के बेसिन में लगनी चाहिए।

    अब यदि सांस्कृतिक संध्या व तमाम दुकानें गिरी नदी के बेसिन में लगती है तो ना केवल प्रशासन व पुलिस प्रशासन की सर दर्दी कम होगी बल्कि मेले के दौरान ट्रैफिक समस्या से भी निजात मिल जाएगी। गिरी नदी का बेसिन इतना बड़ा है कि यहां पर सैकड़ों वाहन पार्क भी किए जा सकते हैं। नदी के बेसिन में टेंटिंग की व्यवस्था कर लोगों को ठहरने के लिए भी उचित स्थान मिल सकता है। बड़ी बात तो यह है कि नदी के बेसन में यदि तमाम वाणिज्य गतिविधियां की जाती है तो भारी भरकम मूल्यों में की जाने वाली प्लाट्स की नीलामी से भी लोगों को राहत मिलेगी।

    1000-2000 रूपए में नदी का बेसिन छोटे स्थानीय दुकानदारों और किसानों को भी बड़ी राहत देगा। यही नहीं मेले के दौरान फैलने वाला प्रदूषण बरसातों के दिनों में खुद-ब-खुद साफ भी हो जाएगा। जिला सिरमौर के बुद्धिजीवी वर्ग का भी मानना है कि श्री रेणुका जी मेले को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने को लेकर अब बड़े बदलाव की भी जरूरत है। वही यदि इस झील के प्राचीन रूप को वापिस अस्तित्व में लाने की बात की जाए तो वाडिया इंस्टीट्यूट इसके लिए रामबाण साबित होगा।

    इसकी बड़ी वजह 2010 में डॉक्टर मीणा के द्वारा कई दिन तक की गई झील की रिसर्च है। डॉक्टर मीणा का कहना है कि सबसे जरूरी है इस झील से गाद को निकालना। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस झील को लेकर रिसर्च किया है जिसमें इस झील को पुनः उसके प्रारूप में लाने के भी वैज्ञानिक तरीके निकाले गए हैं। अब सवाल यह उठता है कि यदि प्रदेश सरकार इस पवित्र झील के संरक्षण को लेकर गंभीर होती है तो निश्चित ही उन्हें वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान की रिसर्च का सहारा लेना ही होगा।

    यही नहीं सरकार व प्रशासन यदि इस मेले के आयोजन को लेकर आमूलचूल परिवर्तन करता है तो निश्चित ही प्रदेश की जीडीपी के लिए यह मेला और धार्मिक स्थान बहुत ही महत्वपूर्ण साबित होगा। बरहाल, यदि पूरे प्रदेश के देवी-देवता मां रेणुका जी और भगवान परशुराम जी के बुलावे पर इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल पर आते हैं तो निश्चित रूप से इसे बड़ी उपलब्धि माना जाएगा।

    अब यदि इस मेले से होने वाली आमदनी की बात की जाए तो इस बार यह आंकड़ा केवल 79 लाख रुपए तक ही सिमटकर रह गया है। जबकि इस मेले के आयोजन में करीब 61 लाख रुपए का खर्चा आया। प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार मेले में इस वर्ष तीन लाख के आसपास लोग आए थे। यहां यह भी बताना जरूरी है कि नवरात्रों में लगने वाले मां बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में एक करोड़ से भी अधिक की इनकम हो जाती है।

    वही, उपायुक्त जिला सिरमौर आरके गौतम का कहना है कि इस विषय को लेकर पुजारियों से बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह केवल झील नहीं बल्कि धार्मिक भावना के अनुसार इसे मां का दर्जा मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र रेणुका झील और भगवान परशुराम जी के तालाब के संरक्षण को लेकर निश्चित रूप से महत्वपूर्ण प्रयास किए जाएंगे।

  • ददाहू में प्रेस दिवस का आयोजन, राष्ट्र निर्माण में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका…

    ददाहू में प्रेस दिवस का आयोजन, राष्ट्र निर्माण में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका…

    HNN/ श्री रेणुका जी

    रेणुका जी ददाहू में रेणुका यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के बैनर तले राष्ट्रीय प्रेस दिवस का आयोजन का किया गया। ‘‘राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका’’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में विभिन्न अखबारों व सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कार्यवाहक बीडीओ परमजीत सिंह ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि समाज को मीडिया से काफी उम्मीदें हैं।

    पत्रकारों को खबरों की तह तक जाकर जांच कर ही छापनी चाहिए। यूनियन के प्रधान नरेंद्र वर्मा व महासचिव योगेंद्र अग्रवाल ने कहा कि पत्रकारों को इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया की बढ़ती प्रतिस्पर्धा के चलते देश की स्वतंत्रता व खबरों को दांव पर नहीं लगने देना चाहिए। क्योंकि समाज में प्रत्येक वर्ग की नजरें पत्रकारों की गतिविधियों पर टिकी रहती है। पत्रकार दीपक जोशी व अन्य पत्रकारों ने राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका पर विचार संगोष्ठी के माध्यम से अपने विचार रखें।

  • राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के समापन समारोह की करी अध्यक्षता, बोले…

    राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के समापन समारोह की करी अध्यक्षता, बोले…

    HNN / श्री रेणुका जी

    राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि श्री रेणुका जी मेला भगवान परशुराम का अपनी माँ रेणुका जी के प्रति श्रद्धा और भक्ति की अभिव्यक्ति है। यह भारतीय समाज के समृद्ध मूल्यों का प्रतीक है। वह आज सिरमौर जिले में अंतर्राष्ट्रीय रेणुका जी मेले के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने कहा कि मेले और त्योहार राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के द्योतक हैं और इन्हें हर कीमत पर संरक्षित किया जाना चाहिए।

    उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए लोगों को बधाई दी और कहा कि माता रेणुका जी के प्रति अपनी धार्मिक आस्था है तथा प्रदेश और देश के विभिन्न स्थानों से लोग यहां दर्शन करने आते हैं। उन्होंने भगवान परशुराम जी और माता रेणुका जी के मंदिरों में पूजा की और ‘देव विदाई’ समारोह में भी भाग लिया। इसके उपरांत, राज्यपाल ने पूर्व सैनिक संगड़ाह और स्पोर्ट्स क्लब शिलाई के बीच खेले गए अंतिम कबड्डी मैच को भी देखा, जिसे शिलाई टीम ने जीता।

    उन्होंने मेले के दौरान आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में विजेता टीमों को पुरस्कार भी प्रदान किए। जिसमें महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता में सतौन की कशिश प्रथम उपविजेता रहीं, जबकि स्वाति विजेता रहीं। पुरुष वॉलीबॉल में सेन धार प्रथम उपविजेता रहा और ए.के.एम. ददाहू विजेता टीम रही। पुरुष बास्केटबॉल प्रतियोगिता में नाहन सीनियर्स प्रथम उपविजेता रही और एम.एम.यू. अंबाला विजेता टीम रही।

    महिला बैडमिंटन में इकबाल क्लब पांवटा साहिब प्रथम उपविजेता रही और नाहन बालर्स विजेता रही। उपायुक्त एवं अध्यक्ष श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड, राम कुमार गौतम ने राज्यपाल का स्वागत किया और मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने मेले में आयोजित विभिन्न गतिविधियों की भी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा, रेणुका विकास बोर्ड के पदाधिकारी, क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

  • श्री रेणुका जी में फ्लॉप हो गया स्मृति ईरानी का नारायणूं सीरियल- विनय

    श्री रेणुका जी में फ्लॉप हो गया स्मृति ईरानी का नारायणूं सीरियल- विनय

    नारायण सिंह के पास ना विजन और ना ही कोई मुद्दा, जनता कैसे करेगी स्वीकार

    HNN / श्री रेणुका जी

    श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा अब चारों खाने चित्त होती नजर आ रही है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी विनय कुमार के कांग्रेसी किले को भेद पाने में नाकाम साबित रही है। श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेसी प्रत्याशी विनय कुमार ने स्मृति ईरानी के नारायणूं सीरियल को फ्लॉप करार दे दिया है। विनय कुमार ने कहा कि भाजपा पार्टी एक मतलब परस्त पार्टी है। उन्होंने कहा कि नौकरी छोड़ कर लगातार संगठन और सरकार के लिए काम करने वाले बलवीर सिंह को पार्टी ने दूध में से मक्खी की तरह निकाल कर फेंक दिया।

    उन्होंने कहा श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में चाहे भाजपा का नेता हो या किसी अन्य पार्टी का हमारे संस्कार अतिथि को देव समान समझने के हैं। मगर जनता अच्छी तरह से जानती हैं कि इस क्षेत्र की हर बड़ी से बड़ी योजना को पूर्व में रही कांग्रेस सरकार ने ही पटल पर उतारा था। भाजपा की डबल इंजन सरकार ना तो इस क्षेत्र से बेरोजगारी को खत्म कर पाई हैं और ना ही इस क्षेत्र के लिए कोई बड़ी योजना क्रियान्वित कर पाई है। उन्होंने कहा कि श्री रेणुका जी बांध परियोजना कांग्रेस पार्टी की देन है।

    विनय कुमार ने यह भी कहा कि डबल इंजन की सरकार के बावजूद हमारे क्षेत्र के बहुत से गरीब लोगों को शिमला में दिहाड़ी मजदूरी करने जाना पड़ता है। जहां पर सिरमौरी कहकर उनका उपहास उड़ाया जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में रही कांग्रेस सरकार ने पर्यटन के नजरिए से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार की ओर प्रेरित किया था। यही नहीं पूर्व सरकार ने यह सुनिश्चित किया था कि यहां के बेरोजगारों को औद्योगिक क्षेत्रों में 70 फ़ीसदी रोजगार सुनिश्चित किया जाए। बावजूद इसके डबल इंजन सरकार इस क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के लिए कोई भी योजना नहीं बना पाई है।

    वही नारायण सिंह के प्रचार में पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी केवल धर्म के नाम पर लोगों को बांट कर चली गई। विनय कुमार ने कहा कि स्मृति ईरानी को यह नहीं मालूम कि भगवान राम सबके भगवान हैं अकेले भाजपा के नहीं। गौरतलब हो कि डबल इंजन सरकार के होने के बावजूद ना तो गिरी नदी का तट्टीकरण किया गया है और ना ही जलाल नदी के बड़े भू-भाग का कोई बड़ी योजना के लिए इस्तेमाल हुआ है। उन्होंने कहा कि ददाहू में एविएशन टीम के द्वारा एक निरीक्षण भी किया गया था।

    जिसमें जलाल नदी के बड़े भू-भाग पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाए जाने को लेकर एक बेहतर स्पॉट बताया गया था। इस नदी का चैनेलाइजेशन कर यहां पर एक लंबा चौड़ा एयरपोर्ट बनाकर इस क्षेत्र को पर्यटन के नजरिए से दुनिया के नक्शे पर रखा जा सकता था। यही नहीं इस क्षेत्र में एयरपोर्ट बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर का बाजार भी स्थानीय लोगों को रोजगार परक बना सकता था। बावजूद इसके भाजपा प्रत्याशी नारायण सिंह इस विधानसभा क्षेत्र के सुनहरे भविष्य का क्या विजन होगा यह भी नहीं बता पाए हैं।

    भाजपा प्रत्याशी नारायण सिंह के पास मुद्दों के लिए भारी कमी देखी जा रही है। हैरानी तो इस बात की है कि जिस स्थान पर स्मृति ईरानी की जनसभा करवाई गई उस जनसभा में करीब 2500 कुर्सियां लगवाई गई थी, जिनमें से आधी से ज्यादा खाली रही। तो वही बेचड का बाग धारटी में विनय कुमार के द्वारा ठीक उसी दौरान अपने दम पर एक रैली का आयोजन करवाया गया। जिसमें भारी तादाद में जुटे स्थानीय लोगों ने विनय कुमार को अपना समर्थन दिया।

    यहां यह भी बताना जरूरी है कि भाजपा के पूर्व प्रत्याशी विनय कुमार के निष्कासन के बाद भाजपा के एक बड़े धड़े में नाराजगी भी चल रही है। यही वजह रही कि स्मृति ईरानी की जनसभा में स्थानीय लोगों की जगह केवल बाहरी लोग ही बुलाए गए नजर आए।

  • अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेला: इंडियन आइडल फैम नितिन कुमार के नाम रही चौथी सांस्कृतिक संध्या

    अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेला: इंडियन आइडल फैम नितिन कुमार के नाम रही चौथी सांस्कृतिक संध्या

    HNN / श्री रेणुका जी

    अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का आज पांचवा दिन है। वही, कल मेले का समापन हो जायेगा। मेले के चौथे दिन जहां दोपहर के समय खेल प्रतियोगिताएं आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। तो वहीं शाम के कार्यक्रमो में सांस्कृतिक संध्याओ ने खूब समा बांधा।

    मेले की चौथी संध्या इंडियन आइडल फेम नितिन कुमार के नाम रही। नितिन ने मंच संभालते ही सर्व प्रथम मेरा भोला है भंडारी भजन से अपनी आवाज का जादू बिखेरा। तो, वही लोक वाद्य दलों की प्रस्तुतियों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से मेले में आए लोगों का मनोरंजन किया।

    बता दे कि हर वर्ष श्री रेणुकाजी मेले में लोक वाद्य दलों की प्रतियोगिता करवाई जाती है, लेकिन इस बार प्रतियोगिता न करवा कर उन्हें स्तुति देने के लिए ही आमंत्रित किया गया है।

  • अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले का कल आखिरी दिन, सिरमौर आएगें राज्यपाल

    अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले का कल आखिरी दिन, सिरमौर आएगें राज्यपाल

    HNN / श्री रेणुका जी

    छः दिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला-2022 का कल मंगलवार को सम्पन्न हो जाएगा। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर 8 नवंबर 2022 को एक दिवसीय दौरे पर सिरमौर आएंगे। वह मेले के समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। उपायुक्त ने बताया कि राज्यपाल दोपहर 1:30 बजे ददाहू पहुंचेगे और मुख्य मंदिर परिसर में शीश नवाएंगे।

    इसके पश्चात देवपालकियों को कंधा देकर विदाई देंगे। राज्यपाल रेणू मंच से समापन समारोह की अध्यक्षता करेगें। इसके बाद राज्यपाल अंतरराष्ट्रीय रेणुका जी मेला के मुख्य आकर्षण रहे खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को पुरस्कृत करेंगे।

  • श्री रेणुका जी मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार, 3 बच्चों सहित सात लोग..

    श्री रेणुका जी मेले से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार, 3 बच्चों सहित सात लोग..

    HNN/ श्री रेणुका जी

    जिला के धायरी मार्ग पर रविवार देर रात एक कार हादसे का शिकार हो गई। इस दौरान गाड़ी सड़क से लुढ़क कर ढांक में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इस दौरान सभी घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उन्हें नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त पेश आया जब 3 बच्चों सहित 7 लोग अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार (HP 17F-8338) धायरी मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे ढांक में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया और इसकी सूचना अग्निशमन विभाग सहित पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद दोनों टीमें मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर सभी घायलों को सड़क तक पहुंचाया गया।

    जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ददाहू पहुंचाया गया। यहां पर सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उधर, थाना प्रभारी रंजीत राणा ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से 3 बच्चे और 2 महिलाओं सहित कुल 7 लोग घायल हुए हैं जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

  • अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला: चौथे दिन खेल प्रतियोगिताएं रही मुख्य आकर्षण का केन्द्र

    अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला: चौथे दिन खेल प्रतियोगिताएं रही मुख्य आकर्षण का केन्द्र

    HNN / श्री रेणुका जी

    सिरमौर जिला का ऐतिहासिक व उत्तर भारत में ख्याति प्राप्त अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के चौथे दिन खेल प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण का केन्द्र रही। आज अभी तक कबड्डी के छः मैच खेले गए, जिनमें पहला मैच पनार और धारटीधार के बीच खेला गया जिसमें पनार विजेता रहा। वही, दूसरा मैच डिग्री कॉलेज संगडाह और एक्स सर्विसेज मेन रेणुका के बीच खेला गया जिसमें एक्स सर्विसेज मेन रेणुका विजेता रहा।

    तीसरा मैच स्पोर्ट्स क्लब संगडाह और गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल ददाहू के बीच खेला गया जिसमें स्पोर्ट्स संगडाह विजेता रहा। इसी तरह चौथा मैच इलेक्ट्रिसिटी रेणुका और नीली वर्दी आईआईटी नाहन के बीच खेला गया जिसमें इलेक्ट्रिसिटी रेणुका विजेता रहा। पांचवा मैच गणेश बेचड़ का बाग और शिरगुल क्लब क्यारी के बीच खेला गया जिसमें गणेश बेचड़ का बाग विजेता रहा।

    इसी तरह एक अन्य मैच में नाहन और संगडाह के बीच खेला गया जिसमें नाहन विजेता रहा। इसी तरह वॉलीबॉल के भी अभी तक पाँच मैच खेले गए जिनमें आईटीआई नाहन और संगडाह के बीच खेले गए मैच में संगडाह विजेता रहा। दूसरा मैच चाँदनी और बेचड़ का बाग के बीच खेला गया जिसमें बेचड़ का बाग विजेता रहा। तीसरा मैच सेनधार और एच् पी होमगार्ड के बीच खेला गया जिसमें सेनधार विजेता रहा।

    चौथा मैच धारटीधार और यंग स्टार चाँदनी के बीच खेला गया जिसमें धारटीधार विजेता रहा। पाँचवा मैच धारटीधार ओर ददाहू के बीच खेला गया जिसमें ददाहू विजेता रहा।

  • बलबीर चौहान के निष्कासन के बाद श्री रेणुका जी भाजपा अब बिखराव की ओर

    बलबीर चौहान के निष्कासन के बाद श्री रेणुका जी भाजपा अब बिखराव की ओर

    बलबीर समर्थक भाजपा के एक बड़े धड़े में बगावत के बन चुके हैं आसार

    HNN/ श्री रेणुका जी

    5 साल तक निरंतर संगठन व सरकार के साथ जुड़कर कार्य करने वाले भाजपा से पूर्व प्रत्याशी रहे बलबीर सिंह का पार्टी से निष्कासन कर दिया गया है।

    यह निष्कासन ऐसे वक्त पर हुआ है जिस दौरान श्री रेणुका जी सीट को लेकर सरकार व संगठन की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। बलबीर सिंह चौहान का एक वायरल हुआ ऑडियो क्लिप उनके निष्कासन की बड़ी वजह बना है।

    हालांकि यह ऑडियो क्लिप उस दौरान का बताया जा रहा है जब बलबीर का टिकट काटा गया था। बलबीर चौहान को ना केवल कांग्रेस ज्वाइन करने के लिए बल्कि आम आदमी पार्टी की ओर से भी कई ऑफर मिले थे।

    बावजूद इसके वह संगठन के साथ निष्ठा के साथ जुड़े रहे। टिकट कटने के गुब्बार के साथ बलबीर के द्वारा एक महिला को भाजपा प्रत्याशी नारायण सिंह के लिए वोट ना देने के लिए कहा जा रहा था। बलबीर चौहान टिकट कटने के बाद अपने घर पर पूरी तरह साइलेंट होकर बैठ गए थे।

    वही क्षेत्र में सरकार के माध्यम से करवाए गए कार्यों को लेकर क्षेत्र में उनकी छवि में भी काफी निखार आया था। यही नहीं इस विधानसभा क्षेत्र की अधिकतर जनता बलबीर के साथ जुड़ चुकी थी। सरकारी नौकरी छोड़ने के बाद बलबीर चौहान पार्टी के साथ पूरी निष्ठा के साथ जुड़े रहे।

    वही जहां उन्हें मात्र एक ऑडियो के कारण संगठन शो कॉज नोटिस के साथ उन्हें समझा बुझा भी सकता था। मगर चुनावी वक्त के दौरान उनका निष्कासन कहीं ना कहीं अब भाजपा सहित रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतरे प्रत्याशी के लिए खतरे की घंटी बन गया है।

    यहां यह भी बताना जरूरी है कि श्री रेणुका जी भाजपा के अधिकतर कार्यकर्ताओं में नारायण सिंह को लेकर अभी भी काफी नाराजगी बनी हुई है। इसकी बड़ी वजह 5 साल नारायण सिंह की संगठन के प्रति निष्क्रियता बताई जा रही है।

    हालांकि करीब दो ढाई साल पहले नारायण सिंह ने भाजपा को ज्वाइन किया था। मगर क्षेत्र व पार्टी के प्रति कोई बड़ा कार्य किया गया हो ऐसा कभी नजर नहीं आया है।

    यहां यह भी बताना जरूरी है कि श्री रेणुका जी विधानसभा सीट के लिए पूर्व में विधायक रहे रूप सिंह के अलावा अरुण कुमार आदि भी टिकट की दौड़ में शामिल थे।

    यहां एक बात और भी बताना जरूरी है कि बलबीर सिंह 2017 का चुनाव भारी बहुमत के साथ जीत सकते थे। मगर भाजपा से ही बाय इलेक्शन में जीतकर विधायक बने हृदय राम आजाद उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतर गए थे।

    जो कि करीब 12000 के लगभग वोट लेने में कामयाब भी हुए थे। अब यदि संगठन उस दौरान भी हृदय राम को किसी तरह से मना पाता तो निश्चित ही बलबीर चौहान भारी मतों से विजय होते। बताया जा रहा है कि हृदय राम को मैदान में उतारने के पीछे भी भाजपा के एक दिग्गज नेता का हाथ रहा था।

    बलबीर चौहान के द्वारा इस विधानसभा क्षेत्र में तमाम हुए मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को भी बड़ी सफलता के साथ आयोजित करवाया गया। बरहाल चुनाव के अंतिम दौर में बलबीर चौहान का किया गया निष्कासन अब रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार के रास्ते आसान करता हुआ नजर आने लग पड़ा है।