HNN/ कुल्लू
भारी बर्फबारी के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हुआ जलोड़ी दर्रा अब बहाल हो गया है। मार्ग के बहाल होने से 69 पंचायतों के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। बता दें, जलोड़ी दर्रा 10,280 फीट ऊंचाई पर स्थित है जहाँ बीते दिनों भारी हिमपात हुआ था।
हिमपात होने के कारण सड़क पर मोटी परत बिछ गई थी। हालांकि इस मार्ग से छोटे वाहन तो गुजर रहे थे परंतु बसों की आवाजाही न होने से लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में अब 10,280 फीट ऊंचे जलोड़ी दर्रा से होकर गुजरने वाली औट-बंजार-सैंज एनएच-305 पर 14 नवंबर से बंद हुई बसों की आवाजाही फिर से बहाल हो गई है।
सड़क खुलने से आनी और निरमंड के लोगों के साथ रामपुर, किन्नौर, शिमला जिला के कुमारसैन तथा करसोग क्षेत्र के हजारों लोगों को आने-जाने में आसानी होगी। खासतौर पर इससे बाह्य सराज की 69 पंचायतों की जनता को राहत मिली है।










