HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के चलते पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड़ पर आ चुकी है। पुलिस विभाग ने पड़ोसी राज्यों के साथ लगती हिमाचल प्रदेश की सीमाओं को पहले से ही सील करके रखा है। पड़ोसी राज्यों से हिमाचल में शराब, पैसा और नशीले पदार्थ की आपूर्ति न हो, इसके चलते सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जवानों की टीमें 24 घंटे सर्च अभियान चलाए हुए हैं।
बड़ी बात यह है कि अब तक हिमाचल प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर करोड़ों का कैश, सोने-चांदी के आभूषण, हीरे और नशे का सामान पकड़ा जा चुका है। आदर्श आचार संहिता के बीच पकड़े गए उक्त सामान की कीमत लाखों में नहीं बल्कि करोड़ों में है। अभी तक प्रदेश में 15 करोड़ से भी अधिक का कैश प्रदेश के विभिन्न जिलों से पकड़ा जा चुका है। इतना ही नहीं आबकारी और पुलिस विभाग ने अब तक करोड़ों की शराब को जहां कब्जे में लिया वही जगह-जगह स्थानों पर की गई छापेमारी के तहत लाहन को भी नष्ट किया है।
बता दें, प्रदेश में 12 नवंबर को वोटिंग होनी है। ऐसे में पुलिस डिपार्टमेंट को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस और आयकर विभाग की पैनी नजर हर गाड़ी पर है। पेट्रोलिंग के दौरान एक जिले से दूसरे जिले में आ रही गाड़ियों पर निगरानी रखी जा रही है। गाड़ी की चैकिंग के बाद ही उसे जाने दिया जा रहा है।










