Category: Rajghar

  • गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेगी देवठी मंझगांव स्कूल की प्रियांशी, समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर

    गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेगी देवठी मंझगांव स्कूल की प्रियांशी, समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर

    HNN / राजगढ़

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देवठी मंझगांव की 12वीं कक्षा की छात्रा प्रियांशी आगामी 26 जनवरी को शिमला के रिज मैदान पर होने वाली राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेगी। प्रियांशी के चयन से समूचे रासूमांदर क्षेत्र में खुशी की लहर है। बता दें कि राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस ) की प्रदेश भर की 50 छात्राएं भाग लेगी।

    जिनमें सिरमौर जिला से पांच छात्राओं का चयन हुआ है जिसमें राजगढ़ ब्लाॅक से एक मात्र छात्रा प्रियांशी शामिल है। प्रियांशी ने बताया कि गणतंत्र दिवस की परेड में भाग लेने से पहले एनएसएस के अधिकारियों द्वारा ऊना जिला में पूर्वाभ्यास करवाया गया था। तदोपंरात दूसरा पूर्वाभ्यास शिविर शिमला जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाना सुन्नी में 27 दिसंबर से 31 दिसंबर तक लगाया गया है।

    प्रियांशी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता तपेन्द्र और माता रमा चौहान को दिया है, जिनकी प्रेरणा से वह हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। प्रियांशी ने बताया कि वह एक सेना अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहती है। देवठी मंझगांव स्कूल के प्रधानाचार्य सीमा डोगरा ने प्रियांशी को अपनी शुभकामनाएं दी है। उन्होने बताया कि इस स्कूल से पहली बार किसी विद्यार्थी का राज्य स्तरीय गणतंत्र परेड के लिए चयन हुआ है जोकि इस स्कूल के लिए गर्व का विषय है।

    उन्होने बताया कि प्रियांशी एक मेधावी छात्रा है, शिक्षा के साथ-साथ खेलों, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अन्य सभी स्कूल गतिविधियों में बढ़-चढ़ भाग लेती है।

  • मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना आरंभ करने का पच्छाद कांग्रेस ने किया स्वागत

    मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना आरंभ करने का पच्छाद कांग्रेस ने किया स्वागत

    HNN / राजगढ़

    अनाथ बच्चों के लिए आरंभ की गई मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना का पच्छाद कांग्रेस मंडल के अध्यक्ष जय प्रकाश चौहान सहित अनेक पदाधिकारियों ने स्वागत किया है। उन्होने बताया कि यह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की दूरदर्शिता व परिपक्कवता का परिणाम है, जिसके फलस्वरूप हिमाचल प्रदेश में पहली बार किसी मुख्यमंत्री द्वारा अनाथ बच्चों के कल्याण के लिए प्रभावी कदम उठाया गया है।

    इस योजना के आरंभ होने से अनाथ बच्चों के जीवन में आशा की नई किरण जागी है। जय प्रकाश चौहान ने भाजपा द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही रेवड़ियों की तरह बिना बजट के असंख्य दफ्तरों की अधिसूचना जारी कर दी जोकि एक स्वस्थ राजनीति नहीं है। सत्ता की भूख के लिए पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने अपने पद का डटकर दुरूपयोग किया है।

    अमृत महोत्सव के नाम पर पूरे प्रदेश में सरकारी खर्च पर 75 रैलियां की गई। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री की रैलियां करवाने पर जयराम ठाकुर ने सरकारी कोष से करोड़ों रूपये लुटाए। जय प्रकाश चौहान ने कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर में चल रहे घोटाले का पर्दाफाश करने के लिए भी बधाई दी है। उन्होने बताया कि पूर्व भाजपा सरकार में इस आयोग में खुलेआम नौकरियां बिक रही थी। उन्होने बताया कि 21 दिन के कार्यकाल में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जो ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं वह काबिले तारीफ हैं।

    ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पच्छाद सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का पुरजोर समर्थन करती है। बताया कि सुखविंदर सिंह सुक्खू एक साधारण परिवार से संबध रखते हैं। एक ईमानदार छवि के नेता हैं। इनके द्वारा जनहित में लिए गए निर्णय प्रदेश की जनता के लिए कारगर साबित होंगे। उन्होने बताया कि प्रदेश सरकार निकट भविष्य में आमजन की कसौटी पर खरी उतरेगी हमें पूरी आशा है।

  • पेंशनर्स संघ ने राजगढ़ में किया विभिन्न समस्याओं पर मंथन

    पेंशनर्स संघ ने राजगढ़ में किया विभिन्न समस्याओं पर मंथन

    HNN / राजगढ़

    पेंशनर्स एसोसिएशन खंड राजगढ़ की एक बैठक शिरगुल मन्दिर राजगढ़ में अध्यक्ष विजय भारद्वाज की अध्यक्षता में सपंन हुई। बैठक में राज्य कार्यकारिणी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिदत्त शर्मा और राज्य कार्यकारिणी सदस्य रविदत्त भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। खंड अध्यक्ष विजय भारद्वाज ने सभी पेंशनर्स को नववर्ष की शुभकामनाएं दी।

    2016 से पूर्व सेवानिवृत बन्धुओं को जो वित्तीय लाभ मिलने हैं, उस पर विस्तृत प्रकाश डाला, जिसमें फैमिली पेंशनर्स भी शामिल हैं। राज्य कार्यकारिणी के सदस्य रविदत्त भारद्वाज ने बताया कि 2016 से उपरांत रिटायर हुए कर्मचारियों को उनके देय लाभ अभी तक नहीं मिल पाए है। यही नहीं असंख्य पेंशनर्स के मामले अभी तक महालेखाकार के कार्यालय में फिक्शेसन के लिए लंबित पड़े हैं।

    उन्होने सरकार से मांग की है कि 2016 के उपरांत रिटायर हुए कर्मचारियों की डीसीआरजी और कम्यूटेशन एक मुश्त में जारी किया जाए। इस मौके पर राज्य कार्यकारिणी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिदत्त शर्मा को सम्मानित किया गया। इस मौके पर सम्बोधित करते हुए रतन कश्यप ने कार्यकारिणी की कार्य प्रणाली की सराहना करते हुए संगठन की मजबूती के लिए आगे आने का आह्वान किया।

    बैठक में वयोवृद्ध एवं वरिष्ठ पेंशनर्स गलूता राम, परस राम गालिब, जीवन सिंह, गर्जा राम, गोपाल शर्मा, प्रदीप शर्मा, नैन सिंह शर्मा, प्रदीप शर्मा, मोहन लाल, मोहन सिंह, अयोध्या देवी, इंदिरा देवी, शीला देवी, तारा देवी, चिंता देवी, ब्रागी राम, दुर्गा सिंह आर्य, हरक बहादुर, प्रताप सिंह, इन्द्र सिंह, ठाकुर केवल राम, ख्याली राम, छांगु राम, कमला देवी, कांता देवी, दुर्गा सिंह सहित करीब 50 लोगों ने भाग लिया।

  • राजगढ़ हेलीपैड में होगी ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग

    राजगढ़ हेलीपैड में होगी ड्राइविंग टेस्ट और वाहनों की पासिंग

    HNN/ राजगढ़

    हेलीपैड राजगढ़ में ड्राइविंग टेस्ट व वाहन पासिंग का कार्य 05 जनवरी को किया जाएगा। पंजीयन एवं अनुज्ञापन प्राधिकारी राजग़ढ़ यादविन्द्र पाॅल ने जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल राजगढ़ के इच्छुक अभ्यर्थी जो अपना लाइसेंस, रीटेस्ट एवं पासिंग इत्यादि करवाना चाहते हैं, वह इससे संबंधित फीस 04 जनवरी, 2023 से पहले ऑनलाइन या उनके कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।

    उन्होंने बताया कि 05 जनवरी, 2023 को कोई भी फीस जमा नहीं की जाएगी और फीस व अन्य संबंधित औपचारिकताएं पूर्ण किए बिना किसी भी अभ्यर्थी को पासिंग व ड्राइविंग टेस्ट की अनुमति नहीं दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर ड्राइविंग टेस्ट व वाहन पासिंग के लिए 05 जनवरी, 2023 को प्रातः 10 बजे हेलीपैड राजगढ़ में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

  • जियालाल शास्त्री के आकस्मिक निधन पर पूरे राजगढ़ में शोक की लहर

    जियालाल शास्त्री के आकस्मिक निधन पर पूरे राजगढ़ में शोक की लहर

    HNN/ राजगढ़

    कांग्रेस ओबीसी सेल के जिला अध्यक्ष जियालाल शास्त्री के आकस्मिक निधन पर पूरे राजगढ़ क्षेत्र में शोक की लहर है। जानकारी के मुताबिक जिया लाल शास्त्री शुक्रवार को राजगढ़ से अपने गांव निहोग के लिए जा रहे थे। इसी दौरान वह नौहराधार में सड़क के किनारे नाहन-टोंडा बस का इंतजार कर रहे थे। करीब चार बजे अचानक हृदय गति रूक जाने से वह सड़क पर गिर गए। जिसके बाद लोग उन्हें सीएचसी नौहराधार ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    बता दें कि जिया लाल शास्त्री राजगढ़ शहर के बंटी में रहते थे जहां पर इनकी सड़क के किनारे काफी दुकाने व बड़ा कारोबार था। जियालाल शास्त्री मूलतः रेणुका निर्वाचन क्षेत्र के निहोग से संबध रखते थे परंतु बीते करीब चार दशक से राजगढ़ रह रहे थे। करीब सात वर्ष पूर्व जियालाल शिक्षा विभाग से बतौर शास्त्री पद से सेवानिवृत हुए थे।

    तदोंपरात इनके द्वारा कांग्रेस पार्टी में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई जा रही थी जिसके चलते कांग्रेस पार्टी ने इन्हें ओबीसी सेल का जिला अध्यक्ष मनोनित किया था। जियालाल के निधन पर स्थानीय विधायक विनय कुमार, पच्छाद कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष जय प्रकाश चौहान, दिनेश आर्य सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और शोककुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की है।

  • छः किलोमीटर पैदल चलकर करगानू की महिलाओं ने दिया नशामुक्ति का संदेश

    छः किलोमीटर पैदल चलकर करगानू की महिलाओं ने दिया नशामुक्ति का संदेश

    HNN / राजगढ़

    करगानू पंचायत को ड्रग फ्री बनाने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी देने के उद्देश्य से करगानू पंचायत ग्राम संगठन द्वारा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दूधम मतियाना से लेकर यशवंत नगर तक नशा निवारण रैली निकाली गई। जिसमें करगानू पंचायत के लोकल रिसोर्स ग्रुप की महिलाओं के अलावा आंगनबाड़ी, आशावर्कर तथा दूधम मतियाना स्कूल के बच्चों ने छः किलोमीटर का सफर कर लोगों को नशा मुक्ति का संदेश दिया।

    इस रैली में करगानू पंचायत के प्रधान विद्यानंद शर्मा, उप प्रधान विक्रम सिंह के अलावा एलआरजी की पदाधिकारी अनिता शर्मा, सोनिया, पूनम, कनिका और अरूणा ने भाग लिया। प्रधान विद्यानदं शर्मा ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज में विकराल रूप ले चुका है जोकि चिंता का विषय है।

    उन्होंने लोकल रिसोर्स ग्रुप की महिलाओं द्वारा करगानू पंचायत को नशा मुक्त पंचायत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सरहाना की और पंचायत की ओर से भरपूर सहयोग देने का आश्वासन दिया। एलआरजी अनिता शर्मा ने बताया कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए एलआरजी द्वारा नशामुक्ति अभियान आरंभ किया गया, जिसमें समाज के हर वर्ग का सहयोग लिया जा रहा है।

    उन्होने रैली को सफल बनाने के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दूधम मतियाना के प्रधानाचार्य व स्टाफ का आभार व्यक्त किया। अनिता शर्मा ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के अतिरिक्त समूह द्वारा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण परिवेश की महिलाएं रूढ़ीवादिता की चार दीवारी से बाहर निकलकर समाज में अपना जीवन यापन सम्मानपूर्वक कर सके ।

  • राजगढ़ के मनोज ठाकुर बने असिस्टेंट प्रोफेसर

    राजगढ़ के मनोज ठाकुर बने असिस्टेंट प्रोफेसर

    HNN / राजगढ़

    हिमाचल लोक सेवा आयोग द्वारा 22 दिसंबर को हुए साक्षात्कार में राजगढ़ के मनोज ठाकुर का चयन असिस्टेंट प्रोफेसर फिजिकल एजुकेशन विषय के लिए हुआ है। मनोज ठाकुर भाणत पंचायत के सेर गांव से संबंध रखते है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा फागू विद्यालय से की है, जिसके बाद उनका चयन वॉलीबॉल खेल से साई होस्टल बिलासपुर के लिए हुआ।

    उन्होंने वहां रहते हुए अपने स्नातक की पढ़ाई पूरी की व इसके बाद बीपीएड की पढ़ाई ग्वालियर से और एमपीएड की पढ़ाई हिमाचल विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण की। उन्होंने वॉलीबॉल में 6 राष्ट्रीय स्पर्धाओं में भाग लिया, जिसमें से उन्होंने एक बार हिमाचल का नेतृत्व कप्तान रहते हुए भी किया।

    इसके पश्चात उन्होंने एनआईएस पटियाला से कोच की डिग्री हासिल की व एलएनआईपी के ग्वालियर व गुवाहाटी संस्थान में 4 वर्ष शिक्षक के तौर पर काम किया। इसके बाद उनका चयन हिमाचल के खेल विभाग में जिला कोच के रूप में हुआ जिस पद पर वह 5 साल से कार्यरत है। इस दौरान उन्होंने सेट की परीक्षा में हिमाचल में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

    इसके उपरांत इस साल हुई असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा को इन्होंने प्रथम प्रयास में ही उत्तीर्ण किया। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपनी दादी, माता और परिवारजनों को दिया है।

  • हिमालय संगीत शिरोमणि सम्मान से अलंकृत होगें डाॅ. कृष्णलाल सहगल

    हिमालय संगीत शिरोमणि सम्मान से अलंकृत होगें डाॅ. कृष्णलाल सहगल

    HNN/ राजगढ़ 

    हिमालय साहित्य संस्कृति एवं पर्यावरण मंच, शिमला द्वारा हिमाचली लोक संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए संगीत शिरोमणी डाॅ. कृष्णलाल सहगल को क्रिसमस के अवसर पर ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में हिमालय संगीत शिरोमणि सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर पारंपरिक लोक गीतों का कार्यक्रम ”बांका मुल्का हिमाचला” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रख्यात लोक गायक कृष्ण लाल सहगल सहित 22 लोक गायक और वादक भाग लेंगे, जिसमें पूरे हिमाचल के लोक परिदृश्य व लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

    यह जानकारी हिमालय साहित्य संस्कृति एवं पर्यावरण मंच, शिमला के अध्यक्ष एसआर हरनोट ने दी है। उन्होने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन आईडीबीआई बैंक शिमला तथा हिमालय साहित्य संस्कृति एवं पर्यावरण मंच के संयुक्त संयोजन में किया जा रहा है। उन्होने बताया कि इस आयोजन की विशेष बात यह है कि इसमें प्रख्यात लोक गायक डॉ कृष्ण कुमार सहगल और उनके 22 शिष्य भाग लेंगे जो न केवल सहगल द्वारा लिखे, संगीतबद्ध किए और गाए लोकगीतों को प्रस्तुत करेंगे बल्कि हिमाचल के विभिन्न जिलों के पारंपरिक लोक गीतों का एक सुंदर कोलाज भी प्रस्तुत किया जाएगा।

    एसआर हरनोट ने बताया कि इस आयोजन के विशेष अतिथि आईडीबीआई बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख अरुण कुमार जैन और सम्माननीय अतिथि अभिलाष धीमान, सहायक महा प्रबंधक रहेंगे। हरनोट ने स्थानीय संगीत प्रेमियों से आग्रह किया है कि क्रिसमस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आनंद ले तथा कलाकारों को अपना स्नेह प्रदान करके उनका मनोबल बढ़ाएं।

    इस आयोजन में हिमाचल के विभिन्न स्थानों से जो लोक गायक और कलाकार में भाग ले रहे हैं उनमें शास्त्रीय संगीत में डॉ. सविता सहगल, हिमाचली लोक गायकों में रोशनी शर्मा, भारती शर्मा, हरि प्रकाश, डॉ.राजेश चैहान, हरीश गुप्ता, ओम प्रकाश, जगदीश गौतम, रोहित ठाकुर, आशु तोमर, अरुण ठाकुर और लोक वादकों में रमेश धीमान, सूरज मणि, नरेश धीमान, नरेश कुमार, राजेंद्र चौहान, कुलदीप चौहान और लाभ सिंह तथा लोक नृत्य में रक्षा शर्मा और अनु शर्मा शामिल रहेंगे। उन्होने बताया कि मंच संचालन का कार्य डॉ. कर्म सिंह, जगदीश गौतम और भानु प्रिय वर्मा करेगें।

  • भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप नैतिकता के आधार पर दें त्यागपत्र- जय प्रकाश चौहान

    भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप नैतिकता के आधार पर दें त्यागपत्र- जय प्रकाश चौहान

    HNN/ राजगढ़

    राज्य में कांग्रेस पार्टी को मिले प्रचंड बहुमत के उपरांत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप को नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र देना चाहिए। पच्छाद कांग्रेस मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश चौहान ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि सुरेश कश्यप के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के उपरांत भाजपा कोई चुनाव नहीं जीत सकी और राज्य में हुए उप चुनाव और हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारी हार मिली है। बताया कि प्रदेश में भाजपा का डबल इंजन गंतव्य से पहुँचने से पहले ही हांप गया है।

    इन्होने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर राज्य में रिवाज बदलने की बात हर मंच से करते थे जिसके लिए अमृत महोत्सव के नाम पर समूचे प्रदेश में सरकारी धन का दुरूपयोग करके भाजपा की 75 रैलियां करवाई गई। यही नहीं विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री से लेकर अनेक केंद्रीय मंत्रियों द्वारा सरकार रिपीट करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। जयप्रकाश चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, बागवान, कर्मचारी, पेशनर्स इत्यादि सभी वर्ग में आक्रोश व्याप्त था। आसमान को छूती मंहगाई व बेरोजगारी से आम आदमी परेशान था।

    प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को प्रचंड बहुमत दिया गया है। पच्छाद निर्वाचन का जिक्र करते हुए जय प्रकाश चौहान ने बताया कि पच्छाद में कांग्रेस भीतर घात के कारण हारी है अन्यथा कांग्रेस प्रत्याशी को करीब दस हजार मतों की बढ़त मिलनी थी। उन्होने बताया कि पच्छाद में शीघ्र ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा तथा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के खिलाफ कार्य करने वाले पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उन्होने बताया कि पच्छाद में भाजपा के तीन शीर्ष नेताओं के बावजूद भी अनेक विकास कार्य आज भी अधूरे पड़े है। राजगढ़ में एचआरटीसी का सब डिपो एक मजाक बनकर रह गया है।

    विधानसभा चुनाव आते ही सीएम की घोषणा के चार साल बाद राजगढ़ शहर में पार्किंग का कार्य शुरू किया और चुनाव खत्म होते ही बंद कर दिया गया। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में सीएम एवं कैबिनेट मंत्रियों द्वारा अनेक घोषणाएं की गई थी जिन पर बीते पांच सालों में कोई कार्य नहीं हुआ है जिसमें राजगढ़ में मिनी सचिवालय व स्टेडियम का निर्माण, हाब्बन में एंटी हेलगन स्थापित करना, खंड विकास अधिकारी कार्यालय के नए भवन के लिए दो करोड़ की घोषणाएं इत्यादि शामिल है। जय प्रकाश चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के गतिशील नेतृत्व में प्रदेश में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी जिसके लिए लोगों को थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।

  • सिरमौर जिला के इस क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी, कीमती आभूषणों सहित नकदी पर हाथ साफ़

    सिरमौर जिला के इस क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी, कीमती आभूषणों सहित नकदी पर हाथ साफ़

    HNN / राजगढ़

    जिला सिरमौर के राजगढ़ में हाब्बन मार्ग पर तीन घरो के दिनदहाड़े ताले तोड़ कर अज्ञात चोर नकदी व जेवर इत्यादि पर हाथ साफ कर गए। जब पीड़ित परिवारों को चोरी की वारदात का पता चला तो उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस को दी शिकायत में फागू निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह मिस्त्री का काम करता है।

    हाब्बन मार्ग पर वह रोहित के मकान में किराये के कमरे में रहता है। उसका चचेरा भाई पंकज भी उसके साथ काम करता है, जो साथ वाले मकान में किराये के कमरे में रहता है। उसने बताया कि जब वह दिन में एक बजे खाना खाने अपने कमरे में आया तो उसके कमरे का ताला टूटा हुआ था।

    उसके बैग का सामान बिखरा हुआ था। बैग में रखे 11,000 रुपये भी गायब थे। जब वह अपने पड़ोसियों को इस बारे में बताने गया तो उसने देखा कि उसके चचेरे भाई पंकज के कमरे का भी ताला टूटा हुआ था और उसके भी 6,000 रुपये भी गायब थे। साथ लगते मकान से मनोज व उनके किराएदार के कमरों के भी ताले टूटे पाए गए, जहां नकदी के साथ-साथ आभूषण भी चोरी किये हुए थे।

    उधर, डीएसपी अरुण मोदी ने मामले की पुष्टि की है। बताया कि पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन प्रारंभ कर दी है।